
*विजय एकता मंच ने रक्तदान शिविर का आयोजन कर 43 यूनिट रक्त एकत्र किया*
रेवाड़ी, 2 मार्च : गांव कोलाना में विजय एकता मंच द्वारा राष्ट्रीय कैंसर संस्थान एम्स बाढ़सा के सहयोग से नौवां रक्तदान शिविर आयोजित किया गया, जिसमें 43 यूनिट रक्त एकत्र किया गया। विजय एकता मंच अब तक कुल 575 यूनिट रक्त जरूरतमंदों को उपलब्ध करा चुका है। मंच की इस सामाजिक सेवा के लिए भारत के स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा द्वारा विजय एकता मंच के अध्यक्ष विजय गुडियानी को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित भी किया जा चुका है।
रक्तदान शिविर का उद्घाटन मंच के सचिव एवं संस्थापक सदस्य रघुबीर सिंह ने किया, जबकि अध्यक्षता समाजसेवी विजय गुडियानी ने की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि “रक्तदान एक महान कार्य है और यह हमारी सेवा और सहयोग की समृद्ध परंपरा का प्रतीक है। तकनीकी प्रगति के बावजूद, रक्त का कोई विकल्प नहीं है, और 1 यूनिट रक्त तीन लोगों की जान बचा सकता है।” उन्होंने बताया कि भारत में हर दो सेकंड में एक व्यक्ति को रक्त की आवश्यकता होती है, और हर तीन में से एक व्यक्ति को अपने जीवनकाल में रक्त की आवश्यकता पड़ती है। भारत की वार्षिक रक्त आवश्यकता 1.5 करोड़ यूनिट है, जिसे पूरा करने के लिए सभी को स्वैच्छिक रक्तदान अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेना चाहिए।
इस अवसर पर डॉ विपिन यादव, डॉ बिल्लू, उमेश यादव, सुशील कुमार, मनोज शास्त्री पूर्व सरपंच, राहुल पंच, नरेंद्र प्रधान सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति और ग्रामीण उपस्थित रहे।
