
- *ओलावृष्टि से प्रभावित फसल की होगी गिरदावरी- विधायक अनिल यादव*
*विधायक ने हलके के गांवों का दौरा कर फसली नुकसान का जायजा लिया*
कोसली, 2 मार्च ओमप्रकाश डाबला
विधायक अनिल यादव ने कहा है कि हलके में ओलावृष्टि से प्रभावित हुई फसलों की शीघ्र ही गिरदावरी करवाई जाएगी। इस संदर्भ में उन्होंने रेवाड़ी के उपायुक्त को पत्र लिखा है।
विधायक अनिल यादव अपने विधानसभा क्षेत्र के गांव ऊंचा, बोहका, ढाणी जरावत आदि में ओलावृष्टि से खराब हुई फसलों का अवलोकन करने के बाद किसानों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी इस बारे में उपायुक्त से रिपोर्ट मांगी है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि ओलावृष्टि से क्षतिग्रस्त हुई फसल की रिपोर्ट तैयार कर चंडीगढ़ भिजवाई जाए। उम्मीद है कि जल्दी ही गिरदावरी की कार्रवाई शुरू हो जाएगी।
विधायक ने कहा कि हरियाणा सरकार किसानों को किसी प्रकार का आर्थिक नुकसान नहीं होने देगी। गेहूं और सरसों की फसल की ओले गिरने से जितनी क्षति हुई है, उसकी पूर्ति किए जाने का यथासंभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने किसानों को विश्वास दिलवाया कि सरकार पूरी तरह से उनके साथ है।
