इंडियन नेशनल लोकदल की राष्ट्रीय एवं राज्य कार्यकारिणी की बैठक जींद में सम्पन्न
इंडियन नेशनल लोकदल की राष्ट्रीय एवं राज्य कार्यकारिणी की बैठक जींद में सम्पन्न
चौधरी अभय सिंह चौटाला ने नूंह रैली की सफलता पर पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया
आगामी विधानसभा चुनाव में इंडियन नेशनल लोकदल की सरकार बनेगी : चौटाला
जींद, 18 अक्टूबर। इंडियन नेशनल लोकदल की राष्ट्रीय एवं राज्य कार्यकारिणी की बैठक रविवार को जींद के गोहाना रोड स्थित राजमहल में सम्पन्न हुई। बैठक में प्रदेश के राष्ट्रीय एवं राज्य कार्यकारिणी के सदस्यों और हजारों की संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष रामपाल माजरा ने की। मुख्य वक्ता के रूप में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला उपस्थित रहे। राष्ट्रीय संरक्षक संपत सिंह विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला ने सर्वप्रथम नूंह में 27 सितंबर को आयोजित रैली में उमड़ी अपार भीड़ के लिए पार्टी के सभी पदाधिकारियों का धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि लाखों की संख्या में उमड़ी यह भीड़ इस बात का स्पष्ट प्रमाण है कि प्रदेश की जनता अब इंडियन नेशनल लोकदल पर अपना पूर्ण विश्वास जता चुकी है। आगामी विधानसभा चुनाव में प्रदेश में इंडियन नेशनल लोकदल की सरकार बनेगी और प्रदेश का चहुमुखी विकास होगा।
किसानों की दुर्दशा और प्रदेश की वर्तमान स्थिति पर प्रहार करते हुए चौधरी अभय सिंह चौटाला ने बीजेपी सरकार की घोर निंदा की। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में सरकार नाम की कोई चीज नहीं है। किसान परेशान हैं। धान की फसल सरकार द्वारा खरीदी नहीं जा रही है और किसान औने-पौने दामों में अपनी फसल बेचने को मजबूर हैं। किसानों को दोनों हाथों से लूटा जा रहा है।
हरियाणा आज नशे के मामले में पंजाब से भी आगे निकलकर ‘उड़ता हरियाणा’ बन चुका है। हरियाणा के प्रत्येक गांव में नशा अपना कहर बरपा रहा है। अपराध और भ्रष्टाचार का बोलबाला है, जो रुकने का नाम नहीं ले रहा। सरकार में बैठे बड़े-बड़े लोग स्वयं भ्रष्टाचार में शामिल हैं।
उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस किसी भी प्रकार से सरकार को घेरने का काम नहीं कर रही है। एसी कमरों में बैठकर राजनीति कर रही है और अंदरखाने सरकार की मदद करने में लगी हुई है। कांग्रेस की दोहरी भूमिका का खुलासा करते हुए कहा कि कांग्रेस ने हमेशा भाजपा का साथ देने का काम किया है। 2016 में राज्यसभा चुनाव में अपनी वोटों को रद्द कर भाजपा के प्रत्याशी सुभाष चंद्र को राज्यसभा सांसद बनवाया। इसी प्रकार 2024 में नौ विधायकों के वोट क्रॉस व रद्द करवाकर भाजपा के उम्मीदवार को जिताने का असफल प्रयास किया। ऐसे में इंडियन नेशनल लोकदल की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। लोगों की आवाज उठाने तथा सरकार के अत्याचारों को रोकने के लिए पार्टी को आगे आना होगा। इसके लिए संगठनात्मक रूप से और मजबूत होना आवश्यक है। संगठन के प्रत्येक व्यक्ति को लोगों से संपर्क कर सरकार की बेकायदगियों को उजागर करना होगा।
प्रदेश अध्यक्ष श्री रामपाल माजरा ने आए हुए सभी पदाधिकारियों का स्वागत किया और राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला को विश्वास दिलाया कि पार्टी के पदाधिकारी संगठन को मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं।
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि फरवरी माह में कुरुक्षेत्र में महिला सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। पार्टी में नए पदाधिकारियों के शामिल होने के कारण सदस्यता अभियान भी शुरू किया जाएगा।
चौधरी अभय सिंह चौटाला ने जेजेपी को ‘जमा झूठी पार्टी’ बताते हुए कहा कि उन्होंने लोगों के साथ विश्वासघात करके पार्टी स्थापित की थी। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने भाजपा को फायदा पहुंचाने के लिए फोटो काटने का काम किया है। ऐसे व्यक्ति को कठोर सजा मिलनी चाहिए।


