
मां की रोक-टोक बनी मौत की वजह! इंग्लैंड से लौटे बेटे ने दोस्त संग की हत्या
यमुनानगर में सरपंच की पत्नी बलजिंद्र कौर की हत्या का रहस्य आखिरकार सुलझ गया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि इस वारदात के पीछे कोई बाहरी आरोपी नहीं, बल्कि महिला का अपना बेटा गोमित राठी और उसका दोस्त पंकज शामिल थे।

पुलिस के मुताबिक, गोमित अपनी मां की लगातार टोकाटाकी से परेशान था। दूसरी जाति की लड़की से प्रेम करने पर मां की नाराजगी ने उसके भीतर आक्रोश भर दिया। इसी गुस्से में उसने मां से बदला लेने की ठान ली। परिवार ने उसे पढ़ाई के लिए इंग्लैंड भेज दिया, लेकिन वहां रहते हुए भी वह बदले की आग में जलता रहा।
18 दिसंबर को वह चोरी-छिपे भारत लौटा और 24 दिसंबर की रात गांव पहुंचकर जानवरों के बाड़े में छिप गया। मौका मिलते ही उसने अपनी मां पर हमला किया, गला दबाकर हत्या कर दी और शव को पानी की हौदी में फेंक दिया, ताकि घटना को दुर्घटना का रूप दिया जा सके। पुलिस ने आरोपी बेटे और उसके दोस्त को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया है।

