
Karnal News: करनाल जिले की 31 जनवरी की बड़ी खबरें, पढ़िए एक क्लिक में
Karnal News: करनाल जिले की 31 जनवरी की बड़ी खबरें, पढ़िए एक क्लिक में
डॉ. अंबेडकर मेधावी छात्रवृत्ति योजना के तहत आवेदन आमंत्रित:उत्तम सिंह
वंचित वर्गों के छात्रों को दी जा रही आर्थिक सहायता
करनाल, 31 जनवरी । उपायुक्त उत्तम सिंह ने बताया कि वंचित वर्ग के मेधावी छात्रों के हितों में प्रदेश सरकार द्वारा डॉ. अम्बेडकर मेधावी छात्रवृत्ति योजना चलाई जा रही है। प्रदेश सरकार का उद्देश्य है कि किसी भी मेधावी छात्र की आर्थिक कारणों से पढ़ाई प्रभावित ना हो। डॉ. अम्बेडकर मेधावी छात्रवृत्ति योजना का लाभ उठाने के लिए पात्र विद्यार्थी 28 फरवरी 2025 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते है।
उपायुक्त ने छात्रवृति योजना की विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 2024-25 की अवधि के लिए डॉ. अम्बेडकर मेधावी छात्र संशोधित योजना के तहत सरल पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन शुरू हो चुके हैं। अनुसूचित वर्ग के जिन शहरी विद्यार्थियों के कक्षा दसवीं में 70, कक्षा बारहवीं में 75 व स्नातक कक्षाओं में 65 प्रतिशत अंक हैं, वे इस छात्रवृत्ति के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसी प्रकार गांवों में अनुसूचित वर्ग के विद्यार्थी के कक्षा दसवीं में 60, बारहवीं में 70 व स्नातक कक्षा में 60 प्रतिशत अंक होने चाहिए। इसी प्रकार पिछड़ा वर्ग-ए के शहर में रहने वाले विद्यार्थी ने मैट्रिक में 70 प्रतिशत और ग्रामीण क्षेत्र में 60 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हों। पिछड़ा वर्ग-बी के शहरी छात्र या छात्रा के मैट्रिक में 80 एवं ग्रामीण विद्यार्थी के 75 प्रतिशत अंक होने चाहिए, तभी वह योजना का पात्र होगा। उन्होंने बताया कि इन विद्यार्थियों को आठ हजार रुपए दसवीं पास होने पर, एससी आवेदक को बारहवीं पास करने पर आठ से दस हजार रुपए तथा स्नातक पास होने के बाद 9 से 12 हजार रुपए आगे की पढ़ाई के लिए दिए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत पात्र विद्यार्थी को अपने मूल दस्तावेज स्कैन कर सरल अंत्योदय पोर्टल पर अपलोड करना होगा। पात्र विद्यार्थी अपने भविष्य को उज्जवल बनाने के लिए इस अवसर को न गवाए। डॉ. अम्बेडकर मेधावी छात्रवृत्ति योजना के तहत आवेदन कर लाभ उठाए व अपने सपनों को साकार करें।
आवेदन के साथ लगाने होंगे ये दस्तावेज
डॉ. अम्बेडकर मेधावी छात्रवृत्ति योजना के लिए विद्यार्थी के परिवार की वार्षिक आय चार लाख रुपए से कम का प्रमाण-पत्र, रिहायशी प्रमाण पत्र, बैंक पास बुक, वर्तमान अध्ययनरत कक्षा का आईडी कार्ड या प्रमाण, मार्कशीट, फैमिली आईडी आदि दस्तावेज आवेदन के साथ लगाने होंगे
प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना के तहत 35 प्रतिशत सब्सिडी का लाभ उठाएं: उत्तम सिंह
– खाद्य प्रसंस्करण इकाई की स्थापना या विस्तार के लिए आवेदन कर सकते हैं इच्छुक उद्यमी
करनाल, 31 जनवरी । उपायुक्त उत्तम सिंह ने बताया कि सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यमों के विकास को बढ़ावा देने के लिए केंद्र सरकार की एक विशेष पहल, प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (पीएमएफएमई) के तहत उद्यमियों को 35 प्रतिशत तक सब्सिडी का लाभ प्रदान किया जा रहा है। इस योजना के तहत इच्छुक उद्यमी अपने खाद्य प्रसंस्करण उद्योग की स्थापना या विस्तार के लिए आवेदन कर सकते हैं।
उपायुक्त ने बताया कि योजना का मुख्य उद्देश्य सूक्ष्म उद्यमों को प्रोत्साहित करना और उनके आर्थिक विकास में सहायक बनना है। योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक की न्यूनतम आयु 18 वर्ष होनी चाहिए। व्यक्ति, गैर-सरकारी संगठन, सहकारी समितियां, साझेदारी फर्म, और प्राइवेट लिमिटेड कंपनियां इस योजना का लाभ उठा सकती हैं। उद्यमी को प्रमाण पत्र और पंजीकरण की आवश्यकता होगी। अन्य योजनाओं के लाभार्थी भी पीएमएफएमई योजना के लिए पात्र हैं।
उन्होंने बताया कि खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों के लिए ऋण पूर्ति पर 35 प्रतिशत पूंजीगत सब्सिडी प्रदान की जाएगी। अधिकतम सब्सिडी सीमा 10 लाख रुपये तक है। इच्छुक उद्यमी योजना की विस्तृत जानकारी और आवेदन प्रक्रिया के लिए ईमेल pmfme.haryana@gmail.com या संपर्क नंबर 0172-2996509 पर संपर्क कर सकते हैं।
बिजली शिकायतों की सुनवाई 4 फरवरी को
करनाल, 31 जनवरी। उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के प्रवक्ता ने बताया कि 4 फरवरी को प्रात: 11 बजे स्थान राजीव गांधी विद्युत सदन के कांफ्रेंस हाल सर्कल कार्यालय सेक्टर 12 करनाल में बिजली संबंधी शिकायतें सुनी जाएंगी। शिकायतों की सुनवाई जोनल उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम, उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम करनाल के अध्यक्ष करेंगे।
उन्होंने बताया कि स्थानीय अधिकारियों से मिलने के बाद भी जिन शिकायतों का समाधान नहीं हो पा रहा है, ऐसे उपभोक्ता फोरम के समक्ष शिकायत रख सकते हैं। ऐसे उपभोक्ता जिनका बिजली संबंधी केस कोर्ट में विचाराधीन है तथा जिनकी शिकायत या मामला दो वर्ष से पुराना है, सुनवाई के पात्र नहीं होंगे। बिजली चोरी संबधी शिकायतें भी बैठक में नहीं सुनी जाएंगी।
अखिल भारतीय सिविल सेवा वालीबॉल प्रतियोगिता के ट्रायल कुरुक्षेत्र में 3 फरवरी को : जिला खेल अधिकारी सुधा भसीन
करनाल, 31 जनवरी। जिला खेल अधिकारी सुधा भसीन ने बताया कि अखिल भारतीय सिविल सेवा वालीबॉल प्रतियोगिता (महिला एवं पुरुष) 2024-25 का आयोजन आगामी 14 से 18 फरवरी तक मेयर राधाकृष्णा स्टेडियम,एग्मोर चेन्नई में करवाया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाडिय़ों के ट्रायल का आयोजन व टीम का चयन 3 फरवरी को गुरू द्रोणाचार्य स्टेडियम, कुरूक्षेत्र में सुबह 10 बजे किया जाएगा। ट्रायल में भाग लेने, जाने/आने का व्यय तथा प्रतियोगिता में भाग लेने हेतु आने व जाने का व्यय संबंधित खिलाडिय़ों के विभाग द्वारा वहन किया जाएगा। सभी विभागाध्यक्ष अपने विभाग / कार्यालय/जिला के अधिकारियों / कर्मचारियों को जो इस खेल के उत्कृष्ट खिलाड़ी हैं, उन्हें इस चयन सफलता में विशेष खेल अवकाश तथा अन्य सुविधाएं देकर भेजने का कष्ट करें तथा उन्हें ये प्रमाण-पत्र भी दें कि वे अमुक विभाग / कार्यालय के सरकारी कर्मचारी / अधिकारी हैं। उन्होंने यह भी बताया कि केन्द्रीय सिविल सेवा सांस्कृतिक एवं खेल बोर्ड की हिदायतों अनुसार इन सिविल सेवा प्रतियोगिता में बोर्ड, कॉर्पोरेशन, पुलिस विभाग, बिजली, बोर्ड एचएसआई डीसी के अधिकारी / कर्मचारी भाग नहीं लेंगे।
समाधान शिविर में शिकायतों का मौके पर ही किया निपटारा
करनाल, 31 जनवरी। हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार जिला में लघु सचिवालय सहित सभी उपमंडल कार्यालयों में प्रत्येक कार्य दिवस में समाधान शिविरों का आयोजन सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज लघु सचिवालय के सभागार में उपायुक्त उत्तम सिंह की अध्यक्षता में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। ऐसे ही शिविर संबंधित एसडीएम की अध्यक्षता में नीलोखेड़ी, इन्द्री, असंध और घरौंडा में भी आयोजित किए गए।
जिला स्तरीय समाधान शिविर में आई अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निदान कर दिया गया और शेष पर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश संबंधित अधिकारी को दिए गए। उपायुक्त ने बताया कि इन समाधान शिविरों में परिवार पहचान पत्र, प्रॉपर्टी आईडी, जमीन की रजिस्ट्री, शहरी निकाय विभाग से एनडीसी लेने, नक्शे की मंजूरी, पेंशन, राशन कार्ड एवं सार्वजनिक वितरण व्यवस्था, अपराध, बिजली-पानी संबंधी आदि शिकायतों का मौके पर ही निपटारा किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि शुक्रवार को करनाल के लघु सचिवालय में आयोजित समाधान शिविर में 2 शिकायतें प्राप्त हुई। जिनमें से 1 शिकायत का मौके पर ही समाधान कर दिया गया तथा 1 शिकायत अभी लंबित है। नीलोखेड़ी उपमंडल में 5 शिकायतें प्राप्त हुई है। जिनका मौके पर ही समाधान कर दिया गया। वहीं इंद्री,घरौंड़ा,असंध उपमंडल में कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुर्इं।
पांच गांवों का धन्यवादी दौरा, समस्याएं सुनीं
छपरा खेड़ा में गलियों, रसूलपुर खुर्द में हॉल व फिरनी के निर्माण कार्य का शिलान्यास
गरीबों का दर्द समझते हैं पीएम-सीएम: कल्याण
बोले-सरकार की सोच हर वर्ग के कल्याण की
करनाल, 31 जनवरी। हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने आज घरौंडा विधानसभा क्षेत्र के 5 गांवों का धन्यवादी दौरा किया। लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके समाधान के निर्देश दिये। उन्होंने छपरा खेड़ा में गलियों के निर्माण कार्य तथा रसूलपुर खुर्द में हॉल और फिरनी के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार की सोच हर वर्ग के कल्याण की है। राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, प्रदेश के राज्यपाल व मुख्यमंत्री गरीब परिवारों से निकले हैं। वे गरीबों का दर्द समझते हैं। सरकार का प्रयास है कि समाज के निचले पायदान पर खड़े व्यक्ति को भी सरकारी योजनाओं का लाभ मिले।
श्री कल्याण ने आज अभिनंदन एवं जन समस्या सुनवाई कार्यक्रम की श्रृंखला के तहत आज घरौंडा हलका के गांव कलवेहड़ी, छपरा जागीर, छपरा खेड़ा, रसूलपुर खुर्द और रसूलपुर का दौरा किया। इस दौरान ग्रामीणों की समस्याएं सुन उनके निपटारे के लिये संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये। उन्होंने छपरा खेड़ा में 20 लाख की लागत से बनने वाली बीपीएल कॉलोनी की गलियों, रसूलपुर खुर्द में 20 लाख से एससी चौपाल में हॉल और 35 लाख की लागत से बनने वाली फिरनी के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि सत्ता के शीर्ष पर बैठे लोगों ने जीवन में बहुत संघर्ष किया। वे गरीब परिवारों से निकले हैं और गरीबों का दर्द समझते हैं। इसी कारण सबका साथ-सबका विकास के नारे के साथ हर वर्ग के कल्याण के लिये नीतियां बनाकर अमल में लाई गईं। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा तरक्की कर रहा है।
श्री कल्याण ने लोगों से वादा किया कि अगले 5 साल में न केवल हलके में नये विकास कार्य शुरू कराये जायेंगे बल्कि कोरोना काल के अधूरे कामों को भी पूरा कराया जायेगा। उन्होंने कहा कि सरकार ने व्यवस्था परिवर्तन कर पिछले दस सालों में हर वर्ग के कल्याण के लिये काम किया है। घरौंडा हलका में मेडिकल यूनिवर्सिटी इसी साल शुरू हो जायेगी। इससे बड़ी संख्या में रोजगार उपलब्ध होगा। इसका चरणबद्ध तरीके से विस्तार किया जायेगा। रिंग रोड का निर्माण पूरा होने के बाद तरक्की के नये रास्ते खुलेंगे। इनके सेवायें ऑनलाइन करने से भ्रष्टाचार कम हुआ है। पेंशन राशि बुजुर्गों के खाते में और फसलों की राशि किसानों के खाते में सीधे पहुंच रही है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में एक समय ऐसा था जब नौकरियों के मामले में जिसका लाठी उसकी भैंस वाला मुहावरा चरितार्थ होता था पर अब ऐसा नहीं है। मेरिट के आधार पर नौकरियां प्रदान की जा रही है। उन्होंने मकानों के लिये पात्र लोगों से संयम रखने की अपील की और कहा कि जिनके मकानों की हालत ज्यादा खस्ता है उन्हें प्राथमिकता दी जायेगी। चरणबद्ध तरीके से बाकी पात्र लोगों का भी नंबर आयेगा। प्रधानमंत्री ने देश में 2 करोड़ मकान बनवाने का ऐलान किया है।
इस मौके पर एसडीएम राजेश सोनी, बीडीपीओ मोनिका, जिला परिषद उप प्रधान रीना धीरज खरकाली, मंडल अध्यक्ष जोगेंद्र राणा, सुभाष कश्यप, एसएचजी की ब्लाक कोआर्डिनेटर सुनीता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
जनता और सरकार के बीच सीधा संवाद लोकतंत्र की मजबूती के लिए अहम: जगमोहन आनंद
करनाल 31 जनवरी। करनाल के विधायक जगमोहन आनंद ने कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान करना ही हमारा ध्येय है। समस्याओं का समाधान बातचीत करने व बताने से होता है। इसलिए जनता और सरकार के बीच सीधा संवाद लोकतंत्र की मजबूती के लिए काफी अहम है। विधायक शुक्रवार को प्रेम नगर स्थित केंद्रीय मंत्री श्री मनोहर लाल के कैंप कार्यालय में लोगों की समस्याएं सुनने उपरांत आमजन से बात कर रहे थे।
विधायक ने कहा कि समस्या चाहे सार्वजनिक हो या निजी, उसका तय समय में निवारण ही सुशासन है। वर्तमान सरकार निरंतर सुशासन के पथ पर कार्य कर रही है। हर समस्या का एक निर्धारित समय में हल हो इसके लिए अधिकारियों को भी निर्देश दिए जा चुके हैं। प्रतिदिन उनके द्वारा भी कार्यालय में समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। यही नहीं मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार आमजन से सीधे संवाद के लिए उपायुक्तों एवं पुलिस अधीक्षकों को ग्रामीण आंचल में रात्रि ठहराव के लिए कहा गया है। सीएम विंडो और सोशल मीडिया के माध्यम से भी मिल रही शिकायतों पर एक्शन लिया जा रहा है। जन प्रतिनिधि भी आमजन के बीच निरंतर पहुंच रहे हैं और उनकी समस्याओं का निवारण कर रहे हैं।
विधायक ने कहा कि आमजन की समस्याओं के प्रति गंभीरता को देखते हुए जनता का सरकार के प्रति विश्वास बढ़ा है। इसी के चलते आमजन अधिक से अधिक संख्या में जन प्रतिनिधियों के पास अपनी बात रखने के लिए पहुंच रहे हैं। उन्होंने आमजन से भी कहा कि आमजन के लिए विधायक के द्वार खुले हैं और समस्याओं के निराकरण के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। इस मौके पर रामनगर-प्रेमनगर क्षेत्र के सैंकड़ो लोगों ने अपनी उम्मीदों और समस्याओं को सांझा किया। उनके द्वारा बताए गए विभिन्न विषयों को सुना और निवारण हेतु मौके पर ही अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश दिए।
इस अवसर पर अमर ठक्कर, वरिष्ठ नेता भगवान दास अग्गी, पूर्व डिप्टी मेयर राजेश अग्गी, दर्शन सिंह सहगल, मंडल अध्यक्ष मोहित सचदेवा, शहरी मंडल अध्यक्ष मोहन लोधी, जगदीश सभरवाल, समीर खुराना, मनमीत बावा, ललित चैधरी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व आमजन उपस्थित रहे।

