हरियाणा

Hisar News: हिसार जिले की 6 फरवरी की बड़ी खबरें, पढ़िए एक क्लिक में

Hisar News: हिसार जिले की 6 फरवरी की बड़ी खबरें, पढ़िए एक क्लिक में

झुग्गी झोपडिय़ों में रहने वाले बच्चों का बर्थ रजिस्ट्रेशन करने की तैयारी
अतिरिक्त उपायुक्त सी.जयाश्रद्धा ने स्वास्थ्य विभाग को दिये निर्देश
हिसार,06 फरवरी।
अतिरिक्त उपायुक्त सी.जयाश्रद्धा ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को बर्थ रजिस्ट्रेशन को और ज्यादा प्रभावी तौर पर अभियान चलाते हुए सुदृढ़ करने की हिदायत दी है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को खास तौर पर इस बात पर भी फोकस करने के निर्देश दिए हैं कि जिला में जहां झुग्गी झोपडिय़ां हैं या फिर स्लम एरिया की तरह कोई स्थान हैं तो वहां के बच्चों के बर्थ रजिस्ट्रेशन संबंधित जानकारी ली जाए।
अतिरिक्त उपायुक्त सी.जयाश्रद्धा ने कहा कि अगर इन इलाके में ऐसे बच्चे हैं, जिनका अभी भी पंजीकरण नहीं हुआ हैं तो ऐसे बच्चों का जन्म पंजीकरण करवाया जाएं। इसके लिए बकायदा महिला एवं बाल विकास विभाग की भी ड्यूटी सुनिश्चित की जाएगी। स्वास्थ्य और महिला एवं बाल विकास विभाग दोनों आपस में सामंजस्य बनाते हुए इस दिशा में काम करेंगे। उन्होंने गुरुवार को लघु सचिवालय स्थित वीडियो कांफ्रेसिंग हाल में आयोजित बैठक में मौजूद सिविल सर्जन डॉ सपना गहलावत, डॉ प्रभुदयाल सहित दूसरे कर्मचारियों से कई पहलुओं पर बातचीत की। साथ ही उन्होंने कहा कि जन्म पंजीकरण को लेकर जितनी भी हिदायतें हैं, उनकी अनुपालना की जाएं। क्योंकि इसी के आधार पर भविष्य की योजनाएं बनती हैं।
——————
कैंप लगाने के विकल्प पर भी चर्चा
अतिरिक्त उपायुक्त सी.जयाश्रद्धा ने बैठक के दौरान बर्थ रजिस्ट्रेशन को लेकर कैंप इत्यादि लगाने के विकल्प पर भी बात की। उन्होंने कहा कि जिला के ऐसे एरिया में विशेष अभियान स्वास्थ्य विभाग चलाएं, ताकि झुग्गी झोपडिय़ों बनाकर जो परिवार रहते हैं, उन्हें भी इस बारे में अवगत करवाते हुए उनके वंचित बच्चों का जन्म पंजीकरण करवाया जा सके। इसके लिए बकायदा पहले एक चैक लिस्ट तैयार की जाए कि आखिर किन किन दस्तावेजों की पंजीकरण के लिए जरूरत होगी, उसके बाद उस बारे में जागरूक भी किया जाएं। जागरूकता का कार्य महिला एवं बाल विकास विभाग के सहयोग से आंगनबाड़ी वर्करों इत्यादि की मदद से भी किया जाएगा, ताकि कैंप में अगर बर्थ रजिस्ट्रेशन का कार्य करते हैं, तो किसी कमी की वजह से वो मामला लंबित ना रहे। बैठक में मौजूद सिविल सर्जन डॉ सपना गहलावत ने एडीसी के समक्ष कहा कि स्वास्थ्य विभाग हिदायतों के अनुसार तमाम प्रक्रिया कर रहा है। बर्थ रजिस्ट्रेशन को लेकर खास तौर पर फोक्स करते हुए कार्य किया जाएगा।
———————————————
लिंगानुपात को लेकर भी किया मंथन
जिला में जिन ग्रामीण एरिया में लिंगानुपात की समस्या है। उसे लेकर भी जिला प्रशासन खास फोकस करते हुए रूपरेखा बना रहा हैं। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ हुई बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त सी.जयाश्रद्धा ने इस विषय पर भी निर्देश दिए। अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि आने वाले दिनों में गांव वाइज वो एएनएम तथा आशा वर्कर की बैठक भी लेंगी, ताकि इस दिशा में विशेष रूप से रणनीति के साथ काम किया जाएं। उन्होंने बैठक में मौजूद सिविल सर्जन डॉ सपना गहलावत तथा डॉ प्रभुदयाल से ब्लॉक वाइज ग्रामीण एरिया का डेटा भी लिया। साथ ही उन गांवों पर विशेष रूप से चर्चा की गई, जहां यह समस्या ज्यादा है। इस पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग हिदायतों के अनुसार इस दिशा में भी काम कर रहा है। बकायदा टीमों की तैनाती रहती हैं, ताकि भ्रूण लिंग जांच करने वालों पर शिकंजा कसा जा सके। आपको बता दें कि हाल ही में उपायुक्त अनीश यादव ने पीएनडीटी बैठक में जिले में लिंगानुपात सुधारने के लिए कड़े कदम उठाने का आह्वान किया था। उन्होंने भ्रूण हत्या जैसी सामाजिक बुराई को समाप्त करने के लिए जिलेवासियों से जागरूकता और सतर्कता बरतने की अपील भी की थी। बकायदा इसके लिए स्वास्थ्य विभाग को भी खास निर्देश दिए गए थे।

राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी आदर्श चुनाव आचार संहिता का सख्ती से पालन सुनिश्चित करें : जिला निर्वाचन अधिकारी अनीश यादव
हिसार, 06 फरवरी।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त अनीश यादव ने कहा कि नगर निगम और नगर पालिका चुनावों की घोषणा के साथ ही आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। इसके तहत स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करने के लिए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरतापूर्वक निर्वहन करना होगा।
उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभागों को चुनाव संबंधी दिशा-निर्देशों की अक्षरशः पालना करनी होगी। आचार संहिता का उल्लंघन करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी, और संबंधित विभागाध्यक्ष स्वयं इसके लिए उत्तरदायी होंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को स्वच्छ, निष्पक्ष और भयमुक्त बनाने के लिए प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है। किसी भी राजनीतिक दल, उम्मीदवार या सरकारी अधिकारी द्वारा आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि वे स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया को सुनिश्चित करने में प्रशासन का सहयोग करें और किसी भी प्रकार की अनियमितता की सूचना निर्वाचन कार्यालय को दें। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों से भी अनुरोध किया कि वे आचार संहिता के नियमों का पालन करें और लोकतांत्रिक मूल्यों को बनाए रखें। उन्होंने कहा कि चुनाव में किसी भी प्रकार का अनुचित प्रभाव, धनबल या बाहुबल स्वीकार्य नहीं होगा। श्री यादव ने सभी मतदाताओं से अपील की कि वे निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें और किसी भी प्रकार के दबाव या प्रलोभन से बचें। प्रशासन निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on X-twitter Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Back to top button