
दिल्ली की फिजा में थोड़ी राहत, पर खतरा बरकरार; ‘खराब’ स्तर पर अटका वायु गुणवत्ता सूचकांक
राजधानी दिल्ली में तेज हवाओं के चलते वायु प्रदूषण में हल्का सुधार देखने को मिला है, लेकिन हालात अब भी सामान्य नहीं हुए हैं। एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) ‘खराब’ श्रेणी में बना हुआ है और लोगों को पूरी राहत मिलने के आसार फिलहाल कम हैं।

एयर क्वालिटी अर्ली वार्निंग सिस्टम के अनुसार, सोमवार सुबह दिल्ली का औसत एक्यूआई 293 दर्ज किया गया। रविवार को यह आंकड़ा 291 रहा था, जो पिछले दिन की तुलना में बेहतर जरूर है, लेकिन सेहत के लिहाज से अब भी जोखिम भरा माना जा रहा है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) ने चेतावनी दी है कि यह सुधार अस्थायी हो सकता है। बोर्ड का कहना है कि बुधवार से हवाओं की गति कम होते ही प्रदूषण का स्तर फिर ऊपर जा सकता है, जिससे राजधानी की हवा एक बार फिर जहरीली हो सकती है।
इलाके-इलाके में अलग तस्वीर
प्रदूषण के आंकड़े बताते हैं कि दिल्ली के कई हिस्सों में हवा की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। अलीपुर में 263, आनंद विहार में 329, अशोक विहार में 302, आया नगर में 239, बवाना में 310 और बुराड़ी में 245 एक्यूआई दर्ज किया गया। चांदनी चौक क्षेत्र में यह आंकड़ा 336 तक पहुंच गया।
इसके अलावा डीटीयू इलाके में 339, द्वारका सेक्टर-8 में 324, आईजीआई एयरपोर्ट टी-3 पर 221, आईटीओ में 296, जहांगीरपुरी में 327, लोधी रोड में 248, मुंडका में 339 और नजफगढ़ में 257 एक्यूआई रिकॉर्ड किया गया है। नरेला में 270, पंजाबी बाग में 311, आरकेपुरम में 329, रोहिणी में 308, सोनिया विहार में 304, विवेक विहार में 311 और वजीरपुर में 312 एक्यूआई दर्ज हुआ।
एक्यूआई का मतलब समझें
0 से 50 तक का एक्यूआई साफ हवा को दर्शाता है। 51–100 संतोषजनक, 101–200 मध्यम, 201–300 खराब, 301–400 बेहद खराब और 401–500 गंभीर स्थिति मानी जाती है। गंभीर श्रेणी में पहुंचने पर प्रदूषण आम लोगों के साथ-साथ बुजुर्गों और बीमारों के लिए खासा खतरनाक हो जाता है।
ठंड और शीतलहर ने बढ़ाई परेशानी
प्रदूषण के साथ राजधानी में भीषण ठंड का असर भी जारी है। रविवार को न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो पहाड़ी शहर शिमला से भी कम रहा। मौसम विभाग ने शीतलहर को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, दिन का तापमान 18 से 20 डिग्री और रात का तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ और उत्तर-पश्चिमी सर्द हवाओं के चलते आने वाले दिनों में भी सुबह और रात में तेज ठंड बनी रह सकती है।
हालांकि 12 से 17 जनवरी के बीच मौसम शुष्क रहने और आसमान साफ रहने के संकेत हैं, लेकिन सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकता है। 13 जनवरी के बाद तापमान में हल्की बढ़ोतरी संभव है।



