
कानपुर में दिल दहला देने वाली वारदात: शराब के झगड़े में गर्भवती पत्नी और मासूम बेटे की हत्या, आरोपी फरार
उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के घाटमपुर इलाके में घरेलू हिंसा की बेहद सनसनीखेज घटना सामने आई है। गोपालपुर गांव के मजरा सर्देपुर में शराब पीने को लेकर हुए विवाद ने ऐसा खौफनाक मोड़ ले लिया कि एक युवक ने अपनी ही गर्भवती पत्नी और ढाई साल के बेटे की जान ले ली।

मृतका रूबी पांच महीने की गर्भवती थी। आरोपी सुरेंद्र लंबे समय से नियमित काम नहीं करता था। कभी मजदूरी तो कभी ट्रक में खलासी का काम कर वह जो भी कमाता, उसका बड़ा हिस्सा शराब में खर्च कर देता था। इसी वजह से घर में अक्सर तनाव और झगड़े होते रहते थे।
बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान सुरेंद्र ने धारदार हथियार से पहले पत्नी रूबी पर हमला किया और फिर ढाई साल के बेटे लवांश को भी नहीं छोड़ा। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी घर छोड़कर फरार हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से सबूत जुटाए। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं। इस घटना से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।



