हरियाणा

फरीदाबाद में खेल जगत शर्मसार: नाबालिग नेशनल शूटर ने कोच पर लगाया यौन शोषण का आरोप, NRAI ने किया सस्पेंड

फरीदाबाद: हरियाणा के फरीदाबाद से खेल जगत को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 17 वर्षीय नेशनल लेवल की नाबालिग शूटर ने अपने ही कोच पर यौन शोषण का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्रतियोगिता के बहाने होटल बुलाने का आरोप

पीड़िता ने महिला थाना, एनआईटी में दी शिकायत में बताया कि 16 दिसंबर 2025 को वह दिल्ली स्थित करणी सिंह शूटिंग रेंज में आयोजित शूटिंग चैंपियनशिप में भाग लेने अपने कोच के साथ गई थी। प्रतियोगिता के दौरान कोच सूरजकुंड के एक होटल में ठहरा हुआ था।

चैंपियनशिप समाप्त होने के बाद कोच ने प्रदर्शन पर चर्चा करने के बहाने उसे होटल बुलाया और फिर कमरे में ले जाकर जबरदस्ती की।

करियर खत्म करने की धमकी देकर डराया

पीड़िता के परिजनों का कहना है कि आरोपी कोच ने लड़की को उसका शूटिंग करियर खत्म करने की धमकी दी थी, जिसके चलते वह डर के कारण कई दिनों तक चुप रही। आखिरकार 6 जनवरी को उसने पूरे मामले की जानकारी परिवार को दी, जिसके बाद महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।

पुलिस जांच में जुटी, CCTV खंगाले जा रहे

फरीदाबाद पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि पीड़िता की मां की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है। घटना पुरानी होने के कारण सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। होटल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और कोच के साथ-साथ होटल स्टाफ से भी पूछताछ की जा रही है।

नेशनल राइफल एसोसिएशन ने लिया एक्शन

मामला सामने आने के बाद नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (NRAI) ने आरोपी कोच को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। एसोसिएशन ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी होने तक कोच निलंबित रहेगा।

 

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on X-twitter Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Back to top button