
Hisar News: हिसार जिले की 5 फरवरी की बड़ी खबरें, पढ़िए एक क्लिक में
जिला स्तरीय यूथ रेडक्रॉस प्रशिक्षण शिविर के तीसरे दिन युवाओं को अनेकों विषय पर किया गया जागरूक
हिसार, 05 फरवरी।
राजगढ रोड स्थित राजकीय महाविद्यालय में चल रहे 5 दिवसीय जिला स्तरीय यूथ रेडक्रॉस प्रशिक्षण शिविर के तीसरे दिन भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
बाल संरक्षण अधिकारी सुनीता यादव द्वारा ने सभी प्रतिभागियों को प्रशिक्षण शिविर की रूपरेखा से अवगत कराया तथा युवाओं से अपील करते हुए कहा कि पांच दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान शिविर में दी जाने वाली शिक्षा पर अमल करते हुए देश निर्माण में सहयोग करेें। उन्होंने उपस्थित सभी युवाओं को कहा कि उन्हें हमेशा बुरी आदतों से दूर रहकर रहना चाहिए तथा हमेशा अनुशासन में रहकर समाज की भलाई के कार्य करने चाहिए। एक अनुशासित व्यक्ति हमेशा जीवन में सफलता की ओर अग्रसर रहता है। उन्होंने विभिन्न कानूनों के प्रावधानों बारे भी प्रतिभागियों को विस्तार से जानकारी दी। रेडक्रॉस सोसायटी से लेखाकार राहुल शर्मा ने प्रतिभागियों को रेडक्रॉस द्वारा की जा रही गतिविधियों एवं अंतर्राष्ट्रीय व जिला स्तर पर किए गए कार्यों के बारे में बताया। यूथ रेडक्रॉस प्रशिक्षण शिविर कार्यक्रम में जिले के 20 महाविद्यालयों से लगभग 120 यूथ कार्यकर्ता व कांऊसलर भाग ले रहे हैं।
गौरतलब है कि उपायुक्त एवं जिला रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष अनीश यादव के मार्गदर्शन एवं हरियाणा राज्य शाखा चण्डीगढ के महासचिव डॉ मुकेश अग्रवाल के दिशा-निर्देश में युवाओं को नशे एवं अन्य कुरीतियों के प्रति सजग करने के लिए 7 फरवरी तक शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
प्रशिक्षण शिविर में शिविर में रेडक्रॉस सोसायटी सचिव रविन्द्र कुमार, राजकीय महाविद्यालय प्रधानाचार्य डॉ विवेक सैनी, जिला प्रशिक्षण अधिकारी विनोद कुमारी, डीपीई सुनीता, सहायक नरेश कुमार, नरेश बिस्सु, सतीश, कुलदीप सोनी, संदीप, कृष्ण व रेडक्रॉस स्टाफ उपस्थित रहा।
समाधान शिविर में प्राप्त शिकायतों पर उपायुक्त ने कार्रवाई के दिए निर्देश
हिसार, 05 फरवरी।
उपायुक्त अनीश यादव ने जिला प्रशासन द्वारा आयोजित समाधान शिविर में आमजन की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए मौके पर निवारण किया। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों का त्वरित व प्रभावी समाधान सुनिश्चित करें और एक्शन टेकन रिपोर्ट समय पर जमा करें।
लघु सचिवालय स्थित जिला सभागार में बुधवार को आयोजित समाधान शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों की समीक्षा की गई। नगराधीश हरिराम ने उपायुक्त को अवगत कराया कि 5 फरवरी तक विभिन्न विभागों में प्राप्त कुल शिकायतों में से अधिकांश का समाधान कर दिया गया है। अब तक आई कुल शिकायतों के बारे में अगर बात करें तो क्रीड विभाग की 2537 में से 2 शिकायतें लंबित हैं। वहीं, पुलिस विभाग की 480 में से 14, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की 67 में से 6 हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की 54 में से 2, दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम की 144 में से 1 लंबित तथा स्वास्थ्य विभाग की सभी 47, लोक निर्माण विभाग की सभी 41 और कृषि विभाग की सभी 38 शिकायतों का समाधान किया गया है।
उपायुक्त अनीश यादव ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक विभाग यह सुनिश्चित करे कि शेष शिकायतों का भी शीघ्र समाधान हो और उसकी रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और इस दिशा में निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।
हिसार, 05 फरवरी।
मानसून के मद्देनजर उपायुक्त अनीश यादव ने संबंधित विभागों को जिले में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए तत्परता से कार्य करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जनस्वास्थ्य विभाग, सिंचाई विभाग और नगर निगम के अधिकारियों के साथ बैठक कर अब तक की गई तैयारियों की समीक्षा की। बैठक के दौरान अधिकारियों ने जलभराव संभावित क्षेत्रों और जल निकासी से जुड़े संसाधनों की स्थिति पर रिपोर्ट प्रस्तुत की।
उपायुक्त ने निर्देश दिए कि ड्रेनेज सिस्टम की समय पर सफाई सुनिश्चित की जाए ताकि बारिश के दौरान जलभराव की समस्या न हो। उन्होंने कहा कि मानसून से पहले सभी नालों, सीवर लाइनों और जल निकासी बिंदुओं की सफाई का कार्य पूरा कर लिया जाए।उपायुक्त अनीश यादव ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे फील्ड में जाकर निरीक्षण करें और आवश्यक सुधार कार्य तुरंत करवाएं। यदि कहीं जलभराव की समस्या बनी रहती है तो संबंधित विभाग तत्काल समाधान सुनिश्चित करें। उपायुक्त ने यह भी कहा कि आमजन को किसी भी असुविधा से बचाने के लिए प्रशासनिक अधिकारी पूरी तरह सतर्क और तैयार रहे।
बैठक में एसडीएम हांसी राजेश खोथ, नगर निगम संयुक्त आयुक्त प्रीतपाल सिंह, जिला राजस्व अधिकारी विजय कुमार यादव, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी नरेंद्र सिंह, जिला परिषद डिप्टी सीईओ कीर्ति सिरोहीवाल, सिंचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता विमल कुमार बिश्नोई, एक्सईएन शशिकांत, एक्सईएन कंचन वर्मा, एक्सईएन बलकार रेड्डू, पशुपालन विभाग के उपनिदेशक डॉ सुभाष चंद्र जांगड़ा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
हिसार, 05 फरवरी।
प्रयागराज में चल रहे कुंभ मेले में जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हरियाणा रोडवेज द्वारा हिसार से प्रयागराज के लिए भी स्पेशल बस सेवा शुरू की गई है। रोडवेज डिपो की बस हर रोज सुबह 10:28 बजे हिसार बस स्टैंड से रवाना होगी। कुंभ समाप्त होने तक नियमित रूप से रोडवेज बस का संचालन किया जाएगा।
रोडवेज महाप्रबंधक डॉ. मंगलसैन ने जानकारी देते हुए बताया कि इस विशेष बस सेवा का उद्देश्य श्रद्धालुओं को कुंभ मेले तक सुगम और सुविधाजनक यात्रा प्रदान करना है। रोडवेज बस सुबह 10:28 बजे हिसार बस स्टैंड से चलकर झज्जर-गुरूग्राम-सोहना-पलवल-मथु
मुख्यमंत्री राहत कोष की समीक्षा बैठक कल
हिसार, 05 फरवरी।
मुख्यमंत्री राहत कोष की समीक्षा बारे 6 फरवरी को स्थानीय लघु सचिवालय परिसर के जिला सभागार में होगी।
यह जानकारी देते हुए उपायुक्त अनीश यादव ने बताया कि मुख्यमंत्री राहत कोष के तहत विभिन्न प्रकार की 25 गंभीर बीमारियों से ग्रस्त नागरिकों को आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। उन्होंने बताया कि बैठक में सरल पोर्टल के माध्यम से प्राप्त आवेदन पत्रों की समीक्षा की जाएगी।
17 हजार 903 व्यक्तियों की मलेरिया जांच की गई
हिसार, 05 फरवरी।
स्वास्थ्य विभाग मलेरिया रोग को लेकर सजग है। इसी कड़ी में पिछले महीने भी जिलेभर में एक खास अभियान चलाकर सैंपलिंग ली गई। उप-सिविल सर्जन एवं मलेरिया प्रभारी डॉ सुभाष खतरेजा ने बताया कि जनवरी माह के दौरान जिले में 17 हजार 903 व्यक्तियों की मलेरिया ब्लड स्लाइड बनाई गई। ब्लड स्लाइड की जांच के दौरान जिले में मलेरिया का कोई नया केस नहीं पाया गया हैं।
उन्होंने कहा कि अगर किसी व्यक्ति में मलेरिया के लक्षण नजर आते हैं तो वे तुरंत अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर जांच अवश्य करवाएं। मलेरिया से बचने के लिए पानी की टंकियों व हौदियों के ढक्कन बंद रखें, टूटे-फूटे बर्तन, टायर इत्यादि खुले में न रखें, इनमें पानी इकट्ठा रहने पर मच्छर पैदा होने का खतरा बना रहता है।

