हरियाणा

Karnal News: करनाल जिले की 5 फरवरी की बड़ी खबरें, पढ़िए एक क्लिक में

Karnal News: करनाल जिले की 5 फरवरी की बड़ी खबरें, पढ़िए एक क्लिक में

गगसीना के विद्यार्थियों ने किया सूर्य नमस्कार का अभ्यास
योग सहायकों ने बताए फायदे और सावधानियां
करनाल, 5 फरवरी।
  हर घर परिवार सूर्य नमस्कार अभियान के तहत आज घरौंडा खंड के गांव गगसीना के सरकारी कन्या हाई स्कूल में योग  सहायक  सुमन संधू व विपिन ग्रोवर ने  सूर्य नमस्कार का अभ्यास करवाया। उन्होंने सूर्य नमस्कार के 12 आसनों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी। साथ ही सूर्य नमस्कार से होने वाले लाभों के बारे में छात्राओं को बताया गया। साथ ही उन्हें रोजाना सूर्य नमस्कार का अभ्यास करने के लिये प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सूर्य नमस्कार से शरीर सुडौल सुंदर बनता है ।
सुमन संधू व विपिन ग्रोवर ने बताया कि सूर्य नमस्कार से संपूर्ण शरीर को आरोग्य शक्ति व ऊर्जा प्राप्त होती है। इससे शरीर के सभी अंगों में क्रियाशीलता आती है। यह एक संपूर्ण व्यायाम है। सूर्य नमस्कार से शरीर के सभी अंग बलिष्ठ एवं निरोगी होते हैं। पाचन मंत्र बेहद होता है, पेट कम होता है, मासिक धर्म नियमित होता है और रीढ़ मजबूत बनती है। इसका प्रतिदिन अभ्यास करने से हृदय एवं फेफड़े भी स्वस्थ रहते हैं तथा शरीर में लचीलापन आता है। सूर्य नमस्कार से रक्त का  संचार सुचारू रूप से होता है। इससे शरीर के अंग मजबूत बनते हैं। रोजाना कम से कम सूर्य नमस्कार का अभ्यास 15 से 30 बार करना चाहिए।
सुमन संधू ने बताया कि सूर्य नमस्कार से पहले खुद को वार्म अप करना चाहिये, इसे जल्दबाजी की बजाय धीरे-धीरे करना चाहिए, सूर्य नमस्कार करते समय आसनों की सही मुद्रा होनी चाहिए, पेट भरा हुआ नहीं होना चाहिए, अभ्यास करते समय ढीले और आरामदायक कपड़े पहनने चाहिए, यदि किसी बीमारी से पीड़ित हैं तो अभ्यास से पूर्व डॉक्टर से सलाह कर लेना चाहिए। इस मौके पर स्कूल स्टाफ ने भी सूर्य नमस्कार का अभ्यास किया।

रेड क्रॉस भवन में रक्तदान शिविर का आयोजन
करनाल, 5 फरवरी। 
 उपायुक्त उत्तम सिंह एवं प्रधान जिला रेड क्रॉस सोसाइटी करनाल के मार्गदर्शन में रक्तदान शिविर लगाया गया। रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव कुलबीर मलिक ने बताया कि थैलीसीमिया ग्रस्त बच्चो के लिए रक्त की कमी ना हो इसलिए आज  रेड क्रॉस  भवन करनाल में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें  मुख्य अतिथि जिला कोर्ट के चीफ ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट इरम हसन ने शिविर में पहुँच कर रक्तदाताओं को बेज लगाया और सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया। और ज़्यादा से ज़्यादा युवाओं को रक्तदान करने के लिए प्रेरित किया साथ ही रेडक्रॉस करनाल द्वारा चलाई जा रही गतिविधियों के बारे विस्तार पूर्वक चर्चा की और रेडक्रॉस के मानव कल्याण में मानवीय योगदान के लिए प्रशंसा की।
रक्तदान शिविर में दोपहर 01:00 बजें तक 35 रक्तदाताओं ने रक्तदान के लिए रजिस्ट्रेशन किया। पुरुषों के साथ -साथ महिलाओं को रक्तदान के लिए प्रेरित करते हुए रेडक्रॉस कार्यालय से टी आई प्रोजेक्ट की लेखाकार सपना पाल ने भी रक्तदान किया।
इस अवसर पर इंचार्ज ब्लड बैंक सिविल हॉस्पिटल डॉ. संजय वर्मा की अगवाई में टीम ने रक्त एकत्रित किया और रेडक्रास कार्यालय के सभी अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

करनाल नगर निगम, इंद्री और नीलोखेड़ी नगरपालिका चुनाव दो को, अधिसूचना जारी
करनाल, 5 फरवरी।
 उपायुक्त उत्तम सिंह ने बताया कि करनाल नगर निगम, इंद्री और नीलोखेड़ी नगरपालिका चुनाव के लिये मतदान दो मार्च हो होगा। इसी दिन असंध नगर पालिका चेयरमैन पद के लिये और तरावड़ी नगर पालिका के वार्ड 5 का उपचुनाव कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि संबंधित निकाय क्षेत्रों में आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू हो गई है।
उपायुक्त के अनुसार निकाय चुनाव के लिए संबंधित आरओ की तरफ से आज अधिसूचना जारी कर दी गई है। चुनाव लडऩे के इच्छुक 11 से 17 फरवरी तक राजपत्रित अवकाश को छोडक़र सभी कार्य दिवसों में नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। इसके बाद 18 फरवरी को नामांकन पत्रों की जांच होगी। उम्मीदवार 19 फरवरी को सुबह 11 से दोपहर बाद 3 बजे तक नाम वापस ले सकते हैं। इसी दिन 3 बजे के बाद प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आबंटित किए जाएंगे। इसके बाद 19 फरवरी को ही चुनाव लडऩे वाले प्रत्याशियों, मतदान केन्द्रों की सूची निर्धारित स्थान पर चस्पा कर दी जाएगी। दो मार्च को सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। चुनाव प्रक्रिया संपन्न होने पर 12 मार्च को सुबह 8 बजे से मतगणना करवाई जाएगी और इसी दिन नतीजे घोषित किये जाएंगे।
 उम्मीदवारों के लिए शैक्षणिक योग्यता
उपायुक्त ने बताया कि मेयर पद के सामान्य वर्ग के पुरुष के लिए 10वीं, महिला, एससी महिला एवं अनुसूचित जाति के पुरुष के लिए आठवीं कक्षा पास होना जरूरी है। नगर निगम के पार्षद पद के लिए सामान्य वर्ग के पुरुष के लिए 10वीं, महिला, अनुसूचित जाति के लिए आठवीं और अनुसूचित जाति की महिला के लिए पांचवीं पास होना जरूरी है।
उन्होंने बताया कि  नगर पालिका प्रधान के लिए सामान्य वर्ग के लिए 10वीं, महिला, अनुसूचित जाति की महिला एवं अनुसूचित जाति के लिए आठवीं पास होना जरूरी है। नगर पालिका में पार्षद पद के लिए सामान्य वर्ग के लिए 10वीं, महिला, अनुसूचित जाति के लिए आठवीं और अनुसूचित जाति की महिला के लिए पांचवीं पास होना जरूरी है।
 ये रहेगी जमानत राशि
उन्होंने बताया कि नगर निगम में मेयर पद के लिए सामान्य वर्ग के प्रत्याशी के लिए 10 हजार रुपये, अनुसूचित जाति, बीसी-ए, बीसी-बी और महिला के लिए 5 हजार रुपये की जमानत राशि तय की गई है। नगर निगम में पार्षद पद के लिए सामान्य वर्ग के प्रत्याशी के लिए 3 हजार रुपये, अनुसूचित जाति, बीसी-ए, बीसी-बी और महिला के लिए 1500 रुपये की जमानत राशि तय की गई है। इसी प्रकार नगर पालिका में चेयरमैन पद के लिए सामान्य वर्ग के प्रत्याशी के लिए 2 हजार रुपये, अनुसूचित जाति, बीसी-ए, बीसी-बी और महिला के लिए एक हजार रुपये की जमानत राशि तय की गई है। नगर पालिका में पार्षद पद के लिए सामान्य वर्ग के प्रत्याशी के लिए एक हजार रुपये, अनुसूचित जाति, बीसी-ए, बीसी-बी और महिला के लिए 500 रुपये की जमानत राशि तय की गई है।

चुनावी खर्च की सीमा
उत्तम सिंह ने बताया कि नगर निगम मेयर पद के चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों की खर्च सीमा 30 लाख रुपये, पार्षद पद के लिए 7 लाख 50 हजार रुपये तय की गई है। नगर पालिका चेयरमैन पद के चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों की खर्च सीमा 12 लाख 50 हजार रुपये, पार्षद पद के लिए 3 लाख रुपये तय की गई है।

उन्होंने बताया कि सभी चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों को चुनाव खर्च को ब्यौरा रखना होगा और उसे चुनाव खत्म होने के बाद 30 दिनों के अन्दर संबंधित आरओ को जमा करवाना होगा। यदि कोई प्रत्याशी ऐसा नहीं करता है तो उसे पांच साल के लिए प्रतिबंधित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगर किसी प्रत्याशी की आपराधिक पृष्ठभूमि है तो उसे उसका पूरा ब्यौरा सार्वजनिक करना होगा। इसके लिए उसे स्थानीय हिन्दी व अंग्रेजी समाचार पत्रों में पूरी जानकारी प्रकाशित करवानी होगी। साथ ही अलग-अलग 3 दिनों में स्थानीय टीवी चैनल और केबल नेटवर्क पर प्रसारित करवानी होगी।

उपायुक्त के अनुसार पुलिस विभाग द्वारा संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केन्द्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती होगी।  चुनाव प्रक्रिया को संपन्न करवाने में ईवीएम मशीनों का प्रयोग किया जाएगा। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान सामान्य, खर्च, पुलिस पर्यवेक्षक नियुक्त किये जाएंगे। लोगों को अधिकाधिक मतदान करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसके लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन होगा।

रक्तदान महादान है: इरम हसन
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा जिला रेडक्रॉस सोसाइटी के सौजन्य से रक्तदान शिविर का हुआ आयोजन
करनाल, 5 फरवरी। 
 जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं  जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष चंद्रशेखर के मार्गदर्शन में  जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा जिला रेडक्रॉस सोसाइटी के सौजन्य से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का शुभारम्भ मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव इरम हसन ने किया।
उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है। दान की गई रक्त की दो बूंद किसी का जीवन बचा सकती है। सभी को वर्ष में कम से कम चार बार रक्तदान अवश्य करना चाहिए। रक्तदान करने से शरीर में किसी प्रकार की कमजोरी नहीं आती, बल्कि रक्तदान करने वाला व्यक्ति कई प्रकार की बीमारियों से सुरक्षित रहता है। इस मौके पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सदस्य तथा जिला रेडक्रॉस सोसाइटी के सदस्य उपस्थित थे।

लोक जेल अदालत का आयोजन किया गया, 15 मुकदमों का हुआ निपटारा: इरम हसन

करनाल, 5 फरवरी। जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं  जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष चंद्रशेखर के मार्गदर्शन में मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव इरम हसन व सिविल जज (जूनियर डिवीजन) मीनू वर्मा ने जिला कारागार में जेल लोक अदालत का आयोजन किया। इस जेल लोक अदालत में 17 मुकदमे रखे गए जिसमें से 15 मुकदमों का निपटारा जेल लोक अदालत में कर दिया गया तथा 11 मुस्लिमों को आवश्यक शर्तों पर रिहा किया गया।
इस मौके पर उन्होंने जेल में रह रहे बंदियों से बातचीत की और उन्हें मुफ्त कानूनी सेवाओं व अपील के अधिकार से अवगत करवाया गया। वहा उन्होंने बंदियों को  प्रदान की जा रही सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने यह भी बताया कि आगामी 8 मार्च को जिला न्यायालय की अदालतों में नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा, जिसमें कोई भी व्यक्ति अदालतों में लंबित मुकदमों का निपटारा आपसी समझौते के जरिए कर सकता है। उन्होंने बताया कि प्री लिटिगेशन स्टेज के मुकदमे स्थाई लोक अदालत में रखकर उनका निपटारा कर सकते है। अधिक जानकारी हेतु हेल्पलाइन न0- 0184-2266138 व 15100 पर सम्पर्क किया जा सकता है।

 बिजली शिकायतों की सुनवाई आज रोहतक में

करनाल, 5 फरवरी।  उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम करनाल परिचालन प्रमंडल के अधीक्षक गुरुदेव सिंह वालिया ने बताया कि 6 फरवरी को प्रात: 11 बजे स्थान राजीव गांधी विद्युत सदन रोहतक के कांफ्रेंस हाल में बिजली उपभोक्ताओं की शिकायतों का शीघ्र निपटारा करने के उद्देश्य से संबंधी शिकायतें सुनी जाएंगी। शिकायतों की सुनवाई जोनल उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम, उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के अध्यक्ष करेंगे।
उन्होंने बताया कि स्थानीय अधिकारियों से मिलने के बाद भी जिन शिकायतों का समाधान नहीं हो पा रहा है, ऐसे उपभोक्ता फोरम के समक्ष शिकायत रख सकते हैं। ऐसे उपभोक्ता जिनका बिजली संबंधी केस कोर्ट में विचाराधीन है तथा जिनकी शिकायत या मामला दो वर्ष से पुराना है, सुनवाई के पात्र नहीं होंगे। बिजली चोरी संबधी शिकायतें भी बैठक में नहीं सुनी जाएंगी।

करनाल, 5 फरवरी- नगर निगम चुनाव को लेकर एडीसी एवं नगर निगम चुनाव के रिटर्निंग अधिकारी यश जालुका ने अधिकारियों की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने चुनाव को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने चुनाव को लेकर अधिसूचना जारी की। इसके उपरांत उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि नगर निगम, करनाल के चुनावों हेतु मेयर तथा सदस्यों का निर्वाचन दिनांक 02 मार्च, 2025 को मतदान होना है।
उन्होंने बताया कि उम्मीदवार 11 फरवरी से 17 फरवरी, 2025 तक नामांकन दाखिल कर सकते हैं। इसके लिए समय सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे के बीच निर्धारित किया गया है। 12 फरवरी व 16 फरवरी, 2025 को अवकाश होने के कारण कोई नामांकन दाखिल नहीं किया जाएगा।

यहां होगा नामांकन
– करनाल नगर निगम मेयर निर्वाचन हेतु वार्ड 1 से 20 तक करनाल की उपायुक्त कार्यालय कोर्ट रूम में सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम घरौंडा राजेश कुमार नामांकन लेंगे।
– करनाल नगर निगम सदस्य निर्वाचन हेतु वार्ड 1 से वार्ड 5 तक प्रबंध निदेशक, शुगर मिल कार्यालय, मेरठ रोड, करनाल में सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं एमडी शुगर मिल राजीव प्रसाद नामांकन लेंगे।
– करनाल नगर निगम सदस्य निर्वाचन हेतु वार्ड 9 से वार्ड 13 तक जिला परिषद कार्यालय, करनाल में सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं सीईओ जिला परिषद गौरव कुमार नामांकन लेंगे।
– करनाल नगर निगम सदस्य निर्वाचन हेतु वार्ड 6, वार्ड 7, वार्ड 8, वार्ड 14, वार्ड 15 तक महाप्रबंधक कार्यालय, हरियाणा रोडवेज, करनाल में सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं जीएम हरियाणा रोडवेज कुलदीप सिंह नामांकन लेंगे।
– करनाल नगर निगम सदस्य निर्वाचन हेतु वार्ड 16 से वार्ड 20 तक जिला नगर योजनाकार कार्यालय, करनाल में सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं जिला नगर योजनाकार सतीश कुमार नामांकन लेंगे।

एडीसी यश जालुका ने बताया कि नामांकन पत्र रिटर्निंग अधिकारी (अतिरिक्त उपायुक्त कार्यालय), द्वितीय तल, लघु सचिवालय, करनाल के पास 18 फरवरी, 2025 को पूर्वाह्न 11:00 बजे के पश्चात् छंटनी किए जाऐंगे। नामांकन पत्र वापिस लेने की सूचना या तो प्रत्याशी उसके किसी प्रस्तावक या उस द्वारा नामित किए गए किसी एजेन्ट द्वारा दिनांक 19.02.2025 को बाद दोपहर 3:00 बजे से पूर्व उपरोक्त अधिकारियों के समक्ष लिए जा सकेंगे।

करनाल, 5 फरवरी- करनाल के डीसी उत्तम सिंह ने इंद्री और नीलोखेड़ी नगरपालिका चुनाव के लिये मतदान दो मार्च हो होगा। इसी दिन असंध नगर पालिका चेयरमैन पद के लिये और तरावड़ी नगर पालिका के वार्ड 5 का उप चुनाव कराया जाएगा।
नगर पालिका असंध के लिए एसडीएम असंध राहुल को रिटर्निंग अधिकारी लगाया गया है। नगर पालिका तरावड़ी के लिए एसडीएम नीलोखेड़ी अशोक कुमार को रिटर्निंग अधिकारी लगाया गया है। नगर पालिका नीलोखेड़ी के लिए एसडीएम नीलोखेड़ी अशोक कुमार को रिटर्निंग अधिकारी लगाया गया है। वहीं इंद्री नगरपालिका के लिए एसडीएम अशोक कुमार, इंद्री को रिटर्निंग अधिकारी लगाया गया है।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on X-twitter Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Back to top button