पंजाब

मानसा में जन्मदिन बना मौत का दिन: मामूली विवाद में युवक की नृशंस हत्या, हरियाणा के युवक समेत 5 आरोपी गिरफ्तार

पंजाब के मानसा जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक की उसके जन्मदिन के दिन ही बेरहमी से हत्या कर दी गई। बुढलाडा बस स्टैंड पर दिनदहाड़े हुई इस वारदात में पुलिस ने हरियाणा के एक युवक सहित कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

मृतक की पहचान गांव कुलेहरी निवासी जश्नप्रीत सिंह के रूप में हुई है। वह बस स्टैंड पर अपने गांव जाने के लिए बस का इंतजार कर रहा था, तभी आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया। हथियारों से लैस हमलावरों ने जश्नप्रीत पर डंडों, सोटियों और अन्य हथियारों से ताबड़तोड़ वार कर उसकी जान ले ली।

एसएसपी भागीरथ सिंह मीना ने बताया कि जश्नप्रीत के भाई जगदीश सिंह के बयान के आधार पर हत्या का मामला दर्ज किया गया। जांच के लिए डीएसपी सिकंदर सिंह के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई, जिसने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपियों को फूलुवाला डोगरा के टी-पॉइंट से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रणवीर सिंह उर्फ फलोप (हरियाणा), पवित्र सिंह उर्फ अनु, करन, नरिंदर पाल और नरिंदर सिंह उर्फ निंदी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार और वारदात में प्रयुक्त कार भी बरामद कर ली है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि रणवीर सिंह और जश्नप्रीत के बीच कॉलेज के समय किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसकी रंजिश आरोपी लंबे समय से मन में पाले हुए था। बुधवार को दोनों का एक पिज़्ज़ा शॉप पर आमना-सामना हुआ और इसी दौरान रणवीर ने अपने साथियों के साथ मिलकर जश्नप्रीत की हत्या की साजिश को अंजाम दे दिया।

एसएसपी ने बताया कि सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा, ताकि वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा सके।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on X-twitter Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Back to top button