
लुधियाना में दिल दहला देने वाली वारदात: इंजीनियर की हत्या कर शव के किए तीन टुकड़े, ड्रम में भरकर फेंका
पंजाब के लुधियाना में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। यहां एक कंप्यूटर इंजीनियर की बेरहमी से हत्या कर उसके शव को तीन हिस्सों में काट दिया गया। हत्यारे ने शव के टुकड़ों को ड्रम में भरकर जालंधर बाईपास के पास एक खाली प्लॉट में फेंक दिया। इस जघन्य वारदात से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है।

राहगीर ने देखा खौफनाक मंजर
गुरुवार सुबह सैक्रेट हार्ट स्कूल के पास एक खाली प्लॉट से गुजर रहे राहगीर को एक ड्रम संदिग्ध हालत में दिखाई दिया। जब उसने ड्रम खोला तो अंदर सिर कटा हुआ शव देखकर उसकी चीख निकल गई। शव का निचला हिस्सा आंशिक रूप से जला हुआ था और तेजधार हथियार से शरीर को तीन भागों में काटा गया था। शोर सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
मुंबई से लौटने के बाद हुआ गायब
पुलिस जांच में मृतक की पहचान भारती कॉलोनी निवासी दविंदर सिंह (30) के रूप में हुई है, जो पेशे से कंप्यूटर इंजीनियर था। बताया जा रहा है कि दविंदर करीब पांच महीने बाद मुंबई से लुधियाना लौटा था। घर पर महज 15 मिनट रुकने के बाद वह बाल कटवाने की बात कहकर निकला था, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटा। दो दिन बाद उसका शव इस हालत में मिला।
पत्नी और 7 महीने की बेटी को छोड़ा पीछे
दविंदर शादीशुदा था और उसकी सात महीने की एक बेटी है। परिवार ने पहले उसके लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके अगले ही दिन यह खौफनाक खुलासा हुआ।
दोस्त पर गहराया शक, CCTV में कैद
जांच के दौरान पुलिस को एक सीसीटीवी फुटेज मिली है, जिसमें दविंदर का एक दोस्त उसी तरह का ड्रम बाइक पर ले जाता दिखाई दे रहा है। इसी आधार पर पुलिस को शक है कि उसी दोस्त ने दविंदर की हत्या कर शव को ठिकाने लगाने की कोशिश की। फिलहाल आरोपी दोस्त फरार है।
ACP का बयान
एसीपी नॉर्थ किक्कर सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों ने एक दिन पहले गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दविंदर के दोस्त पर संदेह है और उसकी गिरफ्तारी के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ पाएगी।


