
बदायूं में रहस्यमयी हादसा: कार के नीचे फंसा राजमिस्त्री 12 किमी तक घिसटता रहा, मौत के बाद सड़क पर मचा हड़कंप
बदायूं जिले में शुक्रवार रात एक ऐसी घटना सामने आई, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। सदर कोतवाली क्षेत्र के लालपुर तिराहे के पास एक राजमिस्त्री कार के नीचे फंसकर करीब 12 किलोमीटर तक घिसटता चला गया। जब तक इस भयावह हादसे का पता चला, तब तक युवक की जान जा चुकी थी। घटना सामने आते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देर शाम एक कार शहर के बाहरी हिस्से से लालपुल की ओर से बदायूं शहर आ रही थी। उसी दौरान पीछे से आ रही एक स्कॉर्पियो ने कार को ओवरटेक किया और चालक को बताया कि उसकी गाड़ी के नीचे कोई व्यक्ति फंसा हुआ है। यह सुनते ही कार चालक ने तुरंत वाहन रोक दिया। नीचे का नजारा देखकर वहां मौजूद सभी लोग सन्न रह गए—कार के नीचे एक युवक का शव फंसा हुआ था।
राहगीरों की सूचना पर सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। तब तक वहां लोगों की भारी भीड़ जमा हो चुकी थी। शव को कार के नीचे से निकाला गया, लेकिन युवक की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। हादसे के बाद सड़क पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद बहाल कराया।
पुलिस ने मृतक की पहचान उसकी जेब से मिले आधार कार्ड के जरिए की। मृतक की पहचान बिल्सी कोतवाली क्षेत्र के रायपुर गांव निवासी घलेंद्र पुत्र चुन्नी लाल के रूप में हुई। घलेंद्र पेशे से राजमिस्त्री था और मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। घटना की सूचना मिलने पर परिजन बदायूं पहुंचे, जहां शव देखकर उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
कार चालक प्रवेंद्र प्रताप सिंह, जो गांव असरासी के निवासी बताए जा रहे हैं, ने पुलिस को बताया कि उन्हें रास्ते में किसी हादसे का बिल्कुल भी एहसास नहीं हुआ। उनका कहना है कि उन्होंने न तो किसी को टक्कर मारी और न ही उन्हें यह जानकारी थी कि कोई व्यक्ति उनकी कार के नीचे फंसा हुआ है। ऐसे में युवक के कार के नीचे आने की परिस्थितियां अब भी रहस्य बनी हुई हैं।
मृतक के परिजनों ने कई सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि घलेंद्र सुबह घर से बाइक लेकर निकला था, फिर वह कार के नीचे कैसे पहुंचा—यह समझ से परे है। परिजनों ने निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। यह पता लगाने के लिए दो टीमों का गठन किया गया है कि दुर्घटना कहां और किस परिस्थिति में हुई। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और कार की तकनीकी जांच भी कराई जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस रहस्यमयी हादसे का खुलासा कर दिया जाएगा।



