
आगरा में मेट्रो की रफ्तार बढ़ी: मार्च से आरबीएस कॉलेज तक चलेगी ट्रेन, 30 किमी नेटवर्क पर 90 किमी/घंटा की स्पीड
आगरा शहर में मेट्रो परियोजना अब निर्णायक चरण में पहुंच गई है। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (यूपीएमआरसी) के अनुसार, मार्च के अंत तक आगरा मेट्रो पहले कॉरिडोर पर आरबीएस कॉलेज स्टेशन तक पहुंच जाएगी। इसके साथ ही शहरवासियों को तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक परिवहन का बड़ा लाभ मिलने लगेगा। वहीं, आगरा मेट्रो के दूसरे कॉरिडोर का ट्रायल जून से शुरू करने की तैयारी है, जिसके बाद अगस्त तक इस रूट पर भी मेट्रो सेवा शुरू कर दी जाएगी।

यूपीएमआरसी के उप महाप्रबंधक पंचानन मिश्रा ने बताया कि आगरा कैंट से आगरा कॉलेज तक दूसरे कॉरिडोर का निर्माण कार्य 75 प्रतिशत से अधिक पूरा हो चुका है। अगले दो महीनों में पांच स्टेशनों तक ट्रैक का काम पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद इस पूरे हिस्से में मेट्रो ट्रेनों का ट्रायल शुरू होगा। आगरा कॉलेज स्टेशन को दोनों कॉरिडोर के लिए जंक्शन के रूप में विकसित किया जा रहा है, ताकि यात्रियों को कॉरिडोर बदलने में आसानी हो।
फिलहाल पहले कॉरिडोर पर ताज पूर्वी से मन:कामेश्वर स्टेशन तक मेट्रो सेवा संचालित हो रही है। मार्च के अंत तक यह सेवा आरबीएस कॉलेज तक बढ़ा दी जाएगी। इसके लिए तेज रफ्तार ट्रायल पहले ही शुरू कर दिए गए हैं। आने वाले दिनों में मेट्रो का ट्रायल 90 किलोमीटर प्रति घंटे की अधिकतम गति से किया जाएगा।
योजना के मुताबिक, मार्च के अंत तक पहले कॉरिडोर पर कुल 10 स्टेशनों पर मेट्रो सेवा उपलब्ध हो जाएगी। अगस्त तक यह संख्या बढ़कर 15 स्टेशनों तक पहुंच जाएगी। यूपीएमआरसी का लक्ष्य इस साल दिसंबर तक आगरा मेट्रो के दोनों कॉरिडोर का काम पूरा करना है। इसी कारण निर्माण कार्य में तेजी लाई गई है और अतिरिक्त मशीनें व कर्मचारी तैनात किए गए हैं।
30 किलोमीटर नेटवर्क पर चलेंगी 30 मेट्रो ट्रेनें
अधिकारियों ने बताया कि आगरा में मेट्रो का कुल विस्तार करीब 30 किलोमीटर तक किया जा रहा है। इस पूरे नेटवर्क पर अप और डाउन लाइनों के लिए कुल 30 मेट्रो ट्रेनें चलाई जाएंगी। अभी तक 18 मेट्रो ट्रेनें आगरा पहुंच चुकी हैं, जबकि 12 और ट्रेनों की आपूर्ति जल्द की जाएगी। सभी ट्रेनों को पीएससी मैदान में बने डिपो में रखा जाएगा, जहां से संचालन और रखरखाव होगा।
आगरा मेट्रो के पूरी तरह शुरू होने से शहर में जाम और प्रदूषण की समस्या कम होगी। साथ ही, रोजाना यात्रा करने वाले हजारों लोगों को तेज और भरोसेमंद परिवहन सुविधा मिल सकेगी।



