दिल्ली

दिल्ली के समयपुर बादली में फैक्टरी हादसा: क्रॉकरी यूनिट की लिफ्ट गिरने से दो मजदूरों की मौत, लापरवाही पर केस

दिल्ली के समयपुर बादली इलाके में क्रॉकरी निर्माण से जुड़ी एक फैक्टरी में बुधवार शाम दर्दनाक हादसा हो गया। माल ढोने के लिए इस्तेमाल की जा रही लिफ्ट अचानक टूटकर नीचे गिर गई, जिससे उसमें सवार दो मजदूरों की जान चली गई। मृतकों की पहचान हरिओम (32) और संजय मिश्रा (45) के रूप में हुई है। घटना के बाद पुलिस ने फैक्टरी को सील कर दिया है और लापरवाही से मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बाहरी उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी. स्वामी ने बताया कि 14 जनवरी को शाम करीब 5:20 बजे पुलिस को सूचना मिली कि समयपुर बादली की गली नंबर नौ में स्थित एक फैक्टरी में लिफ्ट गिरने से दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

पुलिस को जानकारी मिली कि घायलों को तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की छानबीन शुरू की।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसा नेहा इंटरप्राइजेज नामक फैक्टरी में हुआ, जहां क्रॉकरी का निर्माण किया जाता है। काम के दौरान हरिओम और संजय मिश्रा फैक्टरी की अलग-अलग मंजिलों पर सामान पहुंचाने के लिए मालवाहक लिफ्ट में सवार हुए थे। इसी बीच लिफ्ट की केबल अचानक टूट गई, जिससे लिफ्ट तेजी से नीचे आ गिरी और दोनों मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।

हरिओम समयपुर बादली के गली नंबर नौ इलाके में रहते थे, जबकि संजय मिश्रा अपने परिवार के साथ सिरसपुर की हरिजन बस्ती में निवास करते थे। हादसे की सूचना मिलते ही दोनों के परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां मौत की खबर सुनकर उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

पुलिस ने फैक्टरी प्रबंधन की जिम्मेदारी और सुरक्षा इंतजामों की जांच शुरू कर दी है। लिफ्ट के रखरखाव, तकनीकी खामियों और सुरक्षा मानकों के पालन से जुड़े सभी पहलुओं की जांच विशेषज्ञों से कराई जा रही है। प्रथम दृष्टया लापरवाही की आशंका जताई जा रही है।

फिलहाल पुलिस ने एहतियातन फैक्टरी को सील कर दिया है। संबंधित धाराओं में लापरवाही से मौत का मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच पूरी होने के बाद दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on X-twitter Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Back to top button