
*विजय एकता मंच द्वारा गांव गुडियानी में नि:शुल्क नेत्र जांच और रक्तदान शिविर का आयोजन*
*समाजसेवी विजय गुडियानी ने जन्मदिन पर लगाया शतक, 101 यूनिट रक्त किया एकत्र*
रेवाड़ी, 9 मार्च:संदीप डाबला
समाजसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को जारी रखते हुए विजय एकता मंच द्वारा गांव गुडियानी में रविवार को नि:शुल्क नेत्र जांच और रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्घाटन मुख्य अतिथि अभिमन्यु यादव (पूर्व OSD, मुख्यमंत्री हरियाणा) ने रिबन काटकर किया। उन्होंने इस पहल को समाज सेवा का सच्चा उदाहरण बताते हुए मंच की सराहना की। अभिमन्यु यादव ने स्वयं इस शिविर में रक्तदान किया और कहा “रक्त एकमात्र ऐसी अनमोल चीज है, जिसे केवल रक्तदाताओं द्वारा ही एकत्रित किया जा सकता है। धीर नेत्र संस्थान कोसली और एम्स बाढ़सा, झज्जर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में नि:शुल्क नेत्र जांच, रक्त परीक्षण और स्वास्थ्य जांच की गई। समाजसेवी विजय गुडियानी ने बताया कि विजय एकता मंच द्वारा उनके जन्मदिन पर रक्तदान शिविर में शतक लगाने का लक्ष्य रखा गया था, जिसे 101यूनिट रक्त एकत्र कर सफलतापूर्वक पूरा किया गया। समाजसेवी विजय गुडियानी ने स्वयं भी इस शिविर में रक्तदान किया और कहा कि रक्तदान से जीवन बचाने की मुहिम विजय एकता मंच द्वारा चलाई हुई है। उन्होंने रक्तदान से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करते हुए बताया कि एक स्वस्थ व्यक्ति हर 90 दिन में रक्तदान कर सकता है।हमारा शरीर रक्त की कमी को तेजी से पूरा कर लेता है,प्लाज्मा 24-48 घंटों में, लाल रक्त कोशिकाएँ 3 सप्ताह में और प्लेटलेट्स कुछ ही मिनटों में पुनः प्राप्त हो जाती हैं। उन्होंने रक्तदाताओं से मिलकर उनके निस्वार्थ योगदान की सराहना की और सभी ग्रामीणों से नियमित रक्तदान करने का आग्रह किया। शिविर में ब्लड प्रेशर, शुगर और हिमोग्लोबिन की जांच की गई। विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा मोतियाबिंद, ग्लूकोमा और अन्य नेत्र रोगों की जांच की गई तथा लोगों को निःशुल्क चश्में और दवाइयां दी गई। 178 लोगों की नेत्र जांच की गई और 40 मोतियाबिंद मरीजों को चिन्हित किया गया। विजय एकता मंच की समाजसेवा प्रतिबद्धता को दोहराते हुए शिविर के आयोजक एवं समाजसेवी विजय गुडियानी ने कहा,”हमारी समाज सेवा की यात्रा निरंतर जारी रहेगी, ताकि जरूरतमंद लोगों को नि:शुल्क चिकित्सा सहायता मिल सके।” उन्होंने इस सफल आयोजन के लिए चिकित्सकों और रक्तदाताओं का आभार प्रकट किया और भविष्य में भी समाजहितकारी कार्यक्रमों का आयोजन करने का संकल्प लिया।
—
