
क्रिकेट गेंद से शुरू हुआ विवाद बना खूनी संघर्ष, गांव में पथराव और तोड़फोड़, 4 आरोपी गिरफ्तार
नूंह जिले के फिरोजपुर झिरका विधानसभा क्षेत्र के गांव महू चौपड़ा में बच्चों की क्रिकेट गेंद को लेकर हुआ मामूली विवाद अचानक हिंसक झड़प में तब्दील हो गया। दो पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट, पथराव और तोड़फोड़ तक पहुंच गई। हालात इतने बिगड़ गए कि गांव में दहशत फैल गई और सड़क पर लंबे समय तक जाम जैसी स्थिति बनी रही।

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमलावर लाठी, डंडा, फरसा समेत अन्य हथियारों से लैस होकर गांव की मिठाई और फल की दुकानों पर टूट पड़े। आरोपियों ने दुकानों में रखे काउंटर, फ्रिज और अन्य सामान को क्षतिग्रस्त कर दिया, साथ ही लूटपाट भी की। इतना ही नहीं, दो मंजिला मकान की छत से पत्थर और कांच की बोतलें फेंककर जानलेवा हमला किया गया।
इस हिंसा में जमशेद, शाहबू और तौफीक घायल हो गए, जिन्हें सीएससी फिरोजपुर झिरका में भर्ती कराया गया। जमशेद की हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन हालात काबू में नहीं आए। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रित किया गया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों पक्षों के बीच जमकर पथराव और हंगामा साफ नजर आ रहा है।
पीड़ित खालिद की शिकायत पर पुलिस ने 19 नामजद आरोपियों समेत अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है और उनसे पूछताछ जारी है।
डीएसपी का बयान
फिरोजपुर झिरका डीएसपी अजायाब सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर भेजकर शांति व्यवस्था बहाल की गई। शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज की गई है और चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। यदि दूसरे पक्ष की ओर से भी शिकायत मिलती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

