
हरियाणा में कक्षा 1 से 8 तक की परीक्षाओं का शेड्यूल जारी, 11 से 18 मार्च तक होंगे इम्तिहान
भिवानी: हरियाणा विद्यालय शिक्षा निदेशालय ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए कक्षा पहली से आठवीं तक की वार्षिक और सप्लीमेंट्री परीक्षाओं की डेटशीट घोषित कर दी है। जारी कार्यक्रम के अनुसार वार्षिक परीक्षाएं 11 मार्च से शुरू होकर 18 मार्च तक आयोजित की जाएंगी।

परीक्षाएं प्रतिदिन सुबह 8:30 बजे से 11:00 बजे तक होंगी। भाषा विषयों के लिए परीक्षा की अवधि दो घंटे तय की गई है, जबकि अन्य विषयों के लिए ढाई घंटे का समय निर्धारित किया गया है।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP-2020) के तहत जिन विद्यार्थियों का प्रदर्शन वार्षिक परीक्षा में संतोषजनक नहीं रहेगा या जो अपने अंकों में सुधार करना चाहेंगे, उनके लिए अप्रैल 2026 में सप्लीमेंट्री परीक्षाओं का आयोजन किया जाएगा।
कक्षा पहली से पांचवीं तक सप्लीमेंट्री परीक्षाएं लिखित के साथ-साथ मौखिक मूल्यांकन के आधार पर होंगी, जबकि कक्षा छठी से आठवीं तक विषयवार लिखित परीक्षा ली जाएगी। शिक्षा विभाग ने बताया कि कक्षा 1 से 5 तक का मूल्यांकन एफएलएन (फाउंडेशनल लिटरेसी एंड न्यूमेरसी) कार्यक्रम के अंतर्गत किया जाएगा।
प्रश्नपत्रों का सिलेबस और पैटर्न एससीईआरटी हरियाणा की वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगा। वहीं, सभी स्कूलों को निर्देश दिए गए हैं कि डेटशीट समय पर विद्यार्थियों और अभिभावकों तक पहुंचाई जाए तथा परीक्षा से जुड़ी व्यवस्थाएं—जैसे कक्ष आवंटन, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा, मूल्यांकन प्रक्रिया और अनुशासन—सुनिश्चित की जाएं।
शिक्षा विभाग ने साफ किया है कि परीक्षा प्रक्रिया में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, ताकि विद्यार्थियों को निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा वातावरण मिल सके।

