
करनाल में बुजुर्ग दंपती की संदिग्ध हत्या, हाथ-पांव बंधे मिले शव, लूट की आशंका
हरियाणा के करनाल जिले के असंध कस्बे में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। बीडीपीओ कार्यालय के पास स्थित एक मकान में बुजुर्ग दंपती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। दोनों के शव बंद कमरे में मिले, जिनके हाथ-पांव बंधे हुए थे। घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था, जिससे लूटपाट के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है।

मृतकों की पहचान 80 वर्षीय हरिसिंह और उनकी 75 वर्षीय पत्नी लीला के रूप में हुई है। दोनों पति-पत्नी उसी मकान में अकेले रहते थे, जबकि उनका छोटा बेटा पास ही रहता है।
सुबह जब उनका पोता रोहित घर पहुंचा तो मुख्य गेट अंदर से बंद मिला। जैसे ही गेट खोला गया, घर का सामान अस्त-व्यस्त दिखाई दिया। कमरे का दरवाजा बाहर से कुंडी लगा हुआ था। अनहोनी की आशंका के चलते रोहित ने तुरंत पास में रहने वाले अपने चाचा को बुलाया। दोनों जब कमरे में दाखिल हुए तो देखा कि हरिसिंह और लीला मृत अवस्था में पड़े थे और उनके हाथ-पांव बंधे हुए थे।
घटना की सूचना मिलते ही असंध थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार हरिसिंह गांव के नंबरदार रह चुके थे। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और हर एंगल से मामले की जांच की जा रही है।
असंध थाना प्रभारी नसीब सिंह ने बताया कि बुजुर्ग दंपती की मौत का मामला गंभीर है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हत्या और लूट दोनों पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी हुई है।

