
शिक्षा मंत्री श्री महीपाल ढांडा ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा सरकारी स्कूलों कां ढांचागत विकास कराने के साथ-साथ विद्यार्थियों को अच्छी शिक्षा दिलाने के भरसक प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि हर जिले के आईएएस, आईपीएस व एचसीएच अधिकारी महीने में चार दिन चार सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों को शिक्षा व प्रतियोगी परीक्षाओं में पारंगत बनाने के लिए योगदान देंगे। इस बारे में अधिकारियों को पत्र लिखकर सहयोग की अपील की है।
सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी ने आगामी मानसून सीजन के दौरान संभावित जलभराव और बाढ़ की स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे पूरी सतर्कता और तत्परता के साथ फील्ड में सक्रिय रहकर आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करें।
उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि राज्य के किसी भी क्षेत्र में पीने के पानी की किल्लत नहीं होनी चाहिए और इसके लिए पानी की आपूर्ति व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जाए। उन्होंने कहा कि बाढ़ नियत्रंण से संबंधित आवंटित कार्यों की सभी परियोजनाओं को समय रहते पूरा किया जाए।
हरियाणा में लोकायुक्त अब अपनी कार्यवाही के लिए वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग सुविधा अपनाएंगे। इस संबंध में मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी द्वारा सभी प्रशासनिक सचिवों, विभागाध्यक्षों, बोर्डों व निगमों के प्रबंध निदेशकों, मंडल आयुक्तों, उपायुक्तों, उप-मंडल अधिकारियों और पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के रजिस्ट्रार को एक पत्र जारी किया गया है।
हरियाणा सरकार ने प्रदेश में व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाने और मजबूत सार्वजनिक भागीदारी से पर्यावरणीय स्थिरता को बढ़ाने के मकसद से ‘एक पेड़ माँ के नाम 2.0’ के नाम से एक महत्वाकांक्षी पहल की है।
मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी की अध्यक्षता में हुई एक बैठक में इस अभियान को प्रमुख राष्ट्रीय मिशनों के साथ जोड़ने और जिला स्तर पर प्रभावी समन्वय सुनिश्चित करने की रणनीति बनाई गई।
राज्यपाल श्री बंडारू दत्तात्रेय ने कल भारतीय इतिहास के दो महान नायकों, बाबा बंदा सिंह बहादुर और भगवान बिरसा मुंडा को उनके शहीदी दिवस पर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने उत्पीड़न के खिलाफ उनके साहसी संघर्ष और सामाजिक न्याय के लिए उनके अमर बलिदान को याद किया।
हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष श्री हरविन्द्र कल्याण ने शहरी स्थानीय निकायों के राष्ट्रीय सम्मेलन को कामयाब बनाने के लिए बड़े स्तर पर तैयारी शुरू कर दी है। इस सिलसिले में उन्होंने आज विधान सभा सचिवालय में प्रदेश सरकार और हरियाणा विधान सभा के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की।
यह सम्मेलन हरियाणा विधान सभा की मेजबानी में जुलाई के पहले सप्ताह में गुरुग्राम में होना प्रस्तावित है। विधान सभा अध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राष्ट्रीय महत्व के विषय पर हो रहे इस सम्मेलन को सफल बनाना हम सबकी साझी जिम्मेदारी है।
हिसार में महाराजा अग्रसेन एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि नए जिलों के गठन को लेकर बनी कमेटी प्राप्त प्रस्तावों पर विचार कर रही है और जैसे ही समिति की रिपोर्ट आएगी, सरकार उस पर निर्णय लेगी।
खनन विभाग, फरीदाबाद/पलवल, सिंचाई विभाग, पलवल और प्रवर्तन ब्यूरो, पलवल द्वारा गाँव दोस्तपुर यमुना नदी में आज संयुक्त निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में पाया गया कि दोस्तपुर गांव में कोई अवैध खनन नहीं किया जा रहा है और यमुना नदी के प्रवाह में कोई बाधा/मोड़ नहीं पाया गया है।
शहीद भगत सिंह अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट, चंडीगढ़ पर पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि दिल्ली के लोगों ने आप पार्टी को नकार दिया है, इसी प्रकार, पंजाब के लोगों का भी पंजाब सरकार से मोहभंग हो गया है और लोगों ने बीजेपी सरकार बनाने का मन बना लिया है।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में कल सोनीपत महानगर विकास प्राधिकरण (एसएमडीए) की आयोजित बैठक में सोनीपत महानगर क्षेत्र में बुनियादी ढांचा विकास परियोजनाओं को बढ़ावा देते हुए वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 349.8 करोड़ रुपये के बजट को मंजूरी दी गई।
पंचकूला महानगर विकास प्राधिकरण (पीएमडीए) की तीसरी बैठक में पंचकूला शहर के लिए इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी) को स्थापित करने के साथ-साथ कई अन्य विकास परियोजनाओं को मंजूरी दी गई।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्राधिकरण ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 587.94 करोड़ रुपये के बजट को भी मंजूरी दी।

