
Nuh News: सड़क हादसे में घायल को मिलेगी 1.5 लाख तक कैशलेस उपचार की सुविधा : विजय प्रताप पुलिस अधीक्षक नूंह
Nuh News: मनीष आहूजा, ब्यूरो चीफ, नूंह, पुलिस अधीक्षक नूंह श्री विजय प्रताप ने बताया कि भारत सरकार ने मोटर वाहनों के इस्तेमाल के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं के पीड़ितों को कैशलेस उपचार उपलब्ध कराने के लिए एक पायलट योजना की शुरुआत की है। भारत सरकार का यह कदम सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को कम करने की अपनी प्रतिबद्धता और मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 162 के तहत कानूनी प्रक्रिया के अनुरूप है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सड़क हादसे में घायल नागरिक आयुष्मान भारत योजना के पैनल के अस्पतालों में 1.5 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज का हकदार है। उन्होंने बताया कि सरकार का लक्ष्य सड़क दुर्घटनाओं के कारण होने वाली मृत्यु को रोकना है। इस प्रतिबद्धता को दोहराते हुए सरकार ने मोटर वाहन अधिनियम 1988 की धारा 162 के तहत मोटर वाहनों के उपयोग से होने वाली सड़क दुर्घटनाओं के पीड़ितों को नकद रहित उपचार प्रदान करने के लिए एक योजना शुरू की है। उन्होंने कहा कि सड़क हादसे में कोई भी पीड़ित नागरिक आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (एबी पीएम-जेएवाई) के तहत आघात और बहु-आघात के लिए स्वास्थ्य लाभ पैकेज के अनुसार दुर्घटना की तिथि से अधिकतम 7 दिनों की अवधि के लिए प्रत्येक दुर्घटना के लिए प्रति 1.5 लाख रुपये तक कैशलेस इलाज का हकदार है।
आगे बताया कि सरकार की उक्त योजना का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं के पीड़ितों को समय पर चिकित्सा देखभाल प्रदान करने के लिए एक पारिस्थितिकी तंत्र स्थापित करना है, जिसमें गोल्डन ऑवर भी शामिल हैं। राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (एनएचए) पुलिस व स्वास्थ्य विभाग आदि के साथ समन्वय से इस योजना का क्रियान्वयन करना सुनिश्चित किया जाएगा। इस योजना के तहत दुर्घटना की तिथि से अधिकतम सात दिनों की अवधि के लिए प्रत्येक दुर्घटना के लिए पीड़ितों को अधिकतम 1.5 लाख रुपये तक के कैशलेस उपचार का अधिकार मिलेगा । यह योजना किसी भी श्रेणी की सड़क पर मोटर वाहन के उपयोग के कारण होने वाली सभी सड़क दुर्घटनाओं पर लागू रहेगी। उपचार प्रदान करने के लिए अस्पतालों द्वारा उठाए गए दावों की प्रतिपूर्ति मोटर वाहन दुर्घटना निधि से की जाएगी। इस योजना को सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के ई-डीएआर एप्लीकेशन और एनएचए के ट्रांजैक्शन मैनेजमेंट सिस्टम (टीएमएस) की कार्यक्षमताओं को मिलाकर एक आईटी प्लेटफॉर्म के माध्यम से लागू किया जाएगा।
परेशानी होने पर हेल्पलाइन नंबर-14555 पर कर सकते हैं कॉल :
उन्होंने बताया कि इस योजना का लाभ लेने में अगर किसी व्यक्ति को कोई परेशानी आती है तो वह हेल्पलाइन नंबर-14555 पर कॉल कर सकता है।
नूंह जिले में नशा मुक्त अभियान में जिस सरपंच की भूमिका अहम होगी, उसे प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से जल्दी ही मिलवाया जाएगा :- पुलिस अधीक्षक नूंह ।
नशा तस्कर नशा तस्करी छोड़ दें, नहीं तो सख्ती से निपटेगी नूंह पुलिस ।
पुलिस अधीक्षक नूंह विजय प्रताप ने पुन्हाना उपमंडल के शाहचौखा गांव में नशा मुक्त अभियान को संबोधित करते हुए कहा कि बड़े नशा तस्करों की सूचना देने वाले लोगों का नाम व पता पूरी तरह से गोपनीय रखा जाएगा। उनको एसपी नूंह की तरफ से नगद इनाम दिया जाएगा, साथ ही विभाग की तरफ से प्रशंसा पत्र भी दिया जाएगा। शाहचौखा गांव में पगड़ी व शाल के अलावा फूलों के हार से एसपी नूंह का स्वागत किया गया।
पुलिस अधीक्षक नूंह ने सख्त तेवर दिखाते हुए कहा कि नशा तस्कर या तो नशा छोड़ दें या फिर मेवात छोड़ दें। वर्ना नूंह पुलिस के 2000 जवान अब उनको खदेड़ने के लिए पूरी तरह से तैयार हो चुके हैं और अब नूंह पुलिस को आमजन का सहयोग भी मेवात को नशा मुक्त बनाने में मिल रहा है। नशा मुक्त मेवात बनाने के लिए हर गांव में 21 सदस्यीय कमेटी का गठन किया जाएगा, जो नशा तस्करों से लेकर नशा करने वाले एवं अन्य अपराध करने वाले तथा सामाजिक बुराइयों में शामिल लोगों पर नजर रखेगी।
पुलिस कप्तान नूंह ने कहा कि फरवरी माह के आगामी सप्ताह में 4 फरवरी को फिरोजपुर नमक तथा 6 फरवरी को तावडू खंड के धुलावट गांव में नशा मुक्त अभियान को लेकर बड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
एसपी नूंह ने कहा कि नूंह जिले के हर गांव तक नशा मुक्त अभियान को फैलाया जाएगा ताकि नशे का जड़ से नाश किया जा सके।
आगे कहा कि उन्हें जनता का भरपूर सहयोग मिल रहा है। अब तक नशा मुक्त अभियान को लेकर उनके चार बड़े कार्यक्रम आयोजित हो चुके हैं। इन कार्यक्रमों में तेजी लाने में पुलिस विभाग पूरी कोशिश कर रहा है। नशा तस्करों को जल्दी ही सलाखों के पीछे भेजने का काम किया जाएगा। इतना ही नहीं ऐसे नशा तस्करों की पहचान की जा रही है, जिन्होंने इस कारोबार से मोटी कमाई की है। ऐसे लोगों के घरों पर भी बुलडोजर करवाई की जाएगी।
अब नशा तस्करों को चारों तरफ से घेरने के लिए नूंह जिले में माहौल बनता हुआ दिखाई पड़ रहा है। जिसे लेकर खाकी सख्त मूड में दिखाई दे रही है।
विजय प्रताप एसपी नूंह ने कहा की नशा तस्करों को एक मौका नशा तस्करी छोड़ने के लिए दिया जाएगा । अगर उसके बावजूद भी नशा तस्कर नहीं सुधरे तो उनका पूरी तरह से सफाया किया जाएगा।
युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए जिला प्रशासन एक बड़ी मुहिम करने जा रहा है। फरवरी माह में खेल महाकुंभ का आयोजन कराया जाएगा। जिसमें क्रिकेट, वॉलीबॉल सहित पांच खेलों को शामिल किया गया है, इसमें जो भी राशि खर्च होगी वह जिला प्रशासन के द्वारा वहन की जाएगी ताकि मेवात जिले के युवा शारीरिक रूप से पूरी तरह से स्वस्थ रह सकें और उनको लगातार बढ़ रहे नशे से दूर रखा जा सके। शाहचौखा गांव में पिनगवां तथा पुन्हाना खंड के दर्जनों गांव के सरपंचों, पूर्व सरपंचों, पंचायत प्रतिनिधियों के अलावा समाजसेवियों ने भाग लिया।
इस मौके पर प्रदीप खत्री डीएसपी पुन्हाना, जान मोहम्मद जिला प्रमुख, तैयब हुसैन घासेडिया, गौसेवा आयोग सदस्य हकीम आस मोहमद, सहिब कलाम वाइस चेयरमैन पंचायत समिति पिनगंवा, मुमताज सरपंच रीठठ, मनोज कुमार सरपंच पिनगंवा, तोफिक सरपंच शाहचौखा, डॉक्टर अब्दुल रहमान, समय सिंह, हिदायत कमांडो सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

