हरियाणा

Karnal News: करनाल जिले की 21 जनवरी की बड़ी खबरें, पढ़िए एक क्लिक में

Karnal News: करनाल जिले की 21 जनवरी की बड़ी खबरें, पढ़िए एक क्लिक में

प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना के तहत 35 प्रतिशत सब्सिडी का लाभ उठाएं: उत्तम सिंह

– खाद्य प्रसंस्करण इकाई की स्थापना या विस्तार के लिए आवेदन कर सकते हैं इच्छुक उद्यमी

करनाल, 21 जनवरी । उपायुक्त उत्तम सिंह ने बताया कि सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यमों के विकास को बढ़ावा देने के लिए केंद्र सरकार की एक विशेष पहल, प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (पीएमएफएमई) के तहत उद्यमियों को 35 प्रतिशत तक सब्सिडी का लाभ प्रदान किया जा रहा है। इस योजना के तहत इच्छुक उद्यमी अपने खाद्य प्रसंस्करण उद्योग की स्थापना या विस्तार के लिए आवेदन कर सकते हैं।
उपायुक्त ने बताया कि योजना का मुख्य उद्देश्य सूक्ष्म उद्यमों को प्रोत्साहित करना और उनके आर्थिक विकास में सहायक बनना है। योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक की न्यूनतम आयु 18 वर्ष होनी चाहिए। व्यक्ति, गैर-सरकारी संगठन, सहकारी समितियां, साझेदारी फर्म, और प्राइवेट लिमिटेड कंपनियां इस योजना का लाभ उठा सकती हैं। उद्यमी को प्रमाण पत्र और पंजीकरण की आवश्यकता होगी। अन्य योजनाओं के लाभार्थी भी पीएमएफएमई योजना के लिए पात्र हैं।
उन्होंने बताया कि खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों के लिए ऋण पूर्ति पर 35 प्रतिशत पूंजीगत सब्सिडी प्रदान की जाएगी। अधिकतम सब्सिडी सीमा 10 लाख रुपये तक है। इच्छुक उद्यमी योजना की विस्तृत जानकारी और आवेदन प्रक्रिया के लिए ईमेल  pmfme.haryana@gmail.com या संपर्क नंबर 0172-2996509 पर संपर्क कर सकते हैं।

भारतीय संविधान की प्रस्तावना का किया पाठन

करनाल 21 जनवरी। गुरु नानक खालसा कॉलेज के सेमिनार हॉल में भारतीय संविधान की प्रस्तावना का पाठन किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में प्राध्यापक और विद्यार्थी शामिल हुए। राजनीतिक विज्ञान के विभाग अध्यक्ष डॉक्टर अजय कुमार ने प्रस्तावना का पाठन करने के बाद इसकी विस्तृत व्याख्या करते हुए उसकी महत्व पर भी प्रकाश डालते हुए कहा कि संक्षिप्त शब्दों में लिखिए प्रस्तावना हमें विस्तृत संविधान का ज्ञान करा देती है। कॉलेज प्रबंधन समिति के प्रधान सरदार कंवरजीत सिंह प्रिंस और प्राचार्या प्रोफेसर शशि मदान ने सफल आयोजन के लिए सभी को बधाई दी। इस अवसर पर डॉ दीपक, डॉ परवीन कौर, प्रो ऋतु कंबोज, प्रदीप कुमार तथा भारी संख्या में छात्र छात्राएं उपस्थित थे।

गणतंत्र दिवस के सफल आयोजन के लिए परेड व सांस्कृतिक टीमों की रिहर्सल शुरू, एसीयूटी योगेश सैनी ने किया निरीक्षण।

करनाल  21 जनवरी,  गणतंत्र दिवस के जिला स्तरीय कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए मंगलवार को पुलिस लाईन में  रिहर्सल का आयोजन किया गया, जिसमें पुलिस, स्काउटस, स्कूलों तथा अन्य शैक्षणिक संस्थाओं ने अपने कार्यक्रम प्रस्तुत किए और सांस्कृतिक कार्यक्रम में की प्रस्तुति दी। इस दौरान एसीयूटी योगेश सैनी ने कार्यक्रमों का अवलोकन किया तथा अधिकारियों को कहा कि कार्यक्रमों मे किसी प्रकार की कोई कमी नहीं रहनी चाहिए।
एसीयूटी ने पुलिस विभाग की तीन टुकडियों सहित अन्य सभी की रिहर्सल का निरीक्षण किया तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों मे प्रस्तुति देने वाली टीमों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग बच्चों द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा अन्य कार्यक्रमों के बेहतर प्रदर्शन के लिए समुचित व्यवस्था करें। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस राष्ट्रीय पर्व है और बच्चों की प्रस्तुति तथा राष्ट्रीय गान का गायन भी इस पर्व की महत्वत्ता के अनुसार किया जाए। इस मौके पर उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर विभिन्न अधिकारियों के साथ अन्य बिन्दुओं पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि फाइनल रिहर्सल 24 जनवरी को पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में होगी।
रिहर्सल के दौरान दयाल सिंह पब्लिक स्कूल, प्रकाश पब्लिक स्कूल, दून इंटरनेशनल स्कूल और जिम्रास्टिक व्लर्ड अकादमी के बच्चों ने देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा विभिन्न राजकीय स्कूलों की छात्राओं ने हरियाणवी नृत्य प्रस्तुत किया। इस मौके पर जिला शिक्षा अधिकारी सुदेश ठुकराल, डीपीसी ज्योत्सना, प्रधानाचार्य संदीप, एबीआरसी ईशा, एओ संगीता तथा डॉ. रशमीत सिंह उपस्थित रहें।

कृषि ड्रोन के प्रशिक्षण के लिए अब 10 फरवरी तक कर सकते है आवेदन: डॉ. वजीर सिंह

करनाल 21 जनवरी।   कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के उपनिदेशक डॉ. वजीर सिंह ने कहा कि कृषि ड्रोन पायलट के प्रशिक्षण हेतु जिला के किसानों और युवाओं से ऑनलाइन आवेदन मांगे जा रहे है। आवेदक की आयु 18 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए और कम से कम दसवीं पास होना चाहिए। आवेदक के पास पासपोर्ट होना भी अनिवार्य है। आवेदक किसी एफपीओ अथवा सीएचसी का सदस्य होना चाहिए। सीएचसी अथवा एफपीओ द्वारा किए गए कार्यों का प्रमाण-पत्र उपनिदेशक कृषि करनाल द्वारा जारी होना चहिए। आवेदक को शैक्षणिक योग्यता का प्रमाण-पत्र, कार्य अनुभव प्रमाण-पत्र व पासपोर्ट डिटेल पोर्टल पर अपलोड करना होगा।
उन्होंने बताया कि इच्छुक किसान विभागीय पोर्टल एजीआरआईएचएआर वाईएएनए.जीओवी.इन पर 27 जनवरी से 10 फरवरी तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते है। अधिक संख्या में आवेदन प्राप्त होने पर उप कृषि निदेशक और सहायक कृषि अभियन्ता द्वारा सभी आवेदकों के दस्तावेजों के निरिक्षण उपरांत योग्यताओं की वेटेज के आधार पर मेरिट बनाकर चयन किया जाएगा। अधिक जानकारी के लिए आवेदन सहायक कृषि अभियन्ता कार्यालय में सम्पर्क कर सकते है।

अब डाकघर से भी मिल रही विश्वभर में सामान निर्यात करने की सुविधाः पंकज मीणा

डाक निर्यात केंद्र (डीएनके) के द्वारा डाकघर के माध्यम से कारोबारी विदेशों में आसानी से भेज सकते हैं सामान

करनाल, 21 जनवरी- प्रवर अधीक्षक पंकज कुमार मीणा ने बताया कि डाकघर के माध्यम से कोई भी कारोबारी विश्वभर में सामान निर्यात कर सकता है। डाक विभाग द्वारा चलाई जा रही डाक निर्यात केंद्र (डीएनके) सेवा द्वारा यह बहुत ही अच्छे तरीके से यह कार्य किया जा रहा है। यह सेवा छोटे और मझोले कारोबारियों को निर्यात करने में मदद करती है। उन्होंने कहा कि करनाल डाकघर में इस सेवा का लाभ कोई भी व्यक्ति उठा सकता है।

प्रवर अधीक्षक पंकज कुमार मीणा ने बताया कि डीएनके सेवा के माध्यम से कोई भी व्यक्ति अपने उत्पाद को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचा सकता है। डाकघर निर्यात केंद्र का मकसद, विदेशों में सामान भेजने वाले निर्यातकों को कस्टम से जुड़ी समस्याओं व अन्य परेशानियों से बचाना है। इस सुविधा से निर्यातकों के समय और पैसे दोनों की बचत होती है।

निर्यातकों को मुफ्त पैकेजिंग, पिक-अप और ट्रैकिंग की मिल रही सुविधा
प्रवर अधीक्षक पंकज कुमार मीणा ने बताया कि डाक निर्यात केंद्र सेवा से निर्यातकों को निर्यात लेनदेन और भुगतान पर बेहतर नियंत्रण मिलता है। निर्यातकों को पैकेजिंग, फ़्री पिक-अप, ट्रैकिंग और वॉल्यूम-आधारित छूट जैसी सुविधाएं मिलती हैं। इसके साथ-साथ निर्यातकों को सहायता और मार्गदर्शन भी मिलता है। इलेक्ट्रॉनिक कस्टम क्लियरेंस की सुविधा भी मिलती है। डाकघर निर्यात केंद्र, निर्यातकों और अंतर्राष्ट्रीय लॉजिस्टिक्स एग्रीगेटर्स की मदद करता है।

ये है प्रोसेस
प्रवर अधीक्षक पंकज कुमार मीणा ने बताया कि डाक निर्यात केंद्र सेवा के लिए पीबीई फॉर्म भरने और दाखिल करने के लिए, सीमा शुल्क विभाग की अधिसूचनाओं का पालन करना होता है। बैंक खाता विवरण सही देना होता है, ताकि समय पर आईजीएसटी रिफंड मिल सके। डाक निर्यात केंद्र से माल निर्यात करने के लिए निर्यातक के पास वैध आयात-निर्यात कोड (आईई कोड) होना चाहिए। डाकघर निर्यात केंद्र से सामान भेजने के लिए, आपको इंडिया पोस्ट की वेबसाइट से पंजीकरण कराना होता है। पंजीकरण के बाद, आपको अपने उत्पाद पर जीएसटी नंबर और आधार कार्ड की कॉपी चिपकानी होती है। डाकघर निर्यात केंद्र से सामान भेजने के लिए, आपको पोस्टल बिल ऑफ़ एक्सपोर्ट (पीबीई) भरना होता है। कस्टम विभाग से इलेक्ट्रॉनिक अप्रूवल मिलती है। पार्सल की बीमा कराने की सुविधा भी मिलती है।

नालसा हेल्पलाइन नम्बर 15100 एवं 0184-2266138 से मिल रही है नि:शुल्क कानूनी सेवाएं : इरम हसन

करनाल, 21 जनवरी।       मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी इरम हसन ने कहा कि समाज के कमजोर और पिछड़े  वर्गों को न्याय दिलाने और कानूनी सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) द्वारा नि:शुल्क कानूनी सेवाएं प्रदान की जाती हैं। नालसा द्वारा कानूनी सहायता प्राप्त करने के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100 जारी किया गया है। इसके माध्यम से कोई भी व्यक्ति, जो कानूनी सहायता प्राप्त करना चाहता है, कॉल करके नि:शुल्क सहायता प्राप्त कर सकता है। साथ ही, नालसा पोर्टल पर भी ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है।
मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी इरम हसन ने कहा कि कानूनी सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) द्वारा नि:शुल्क कानूनी सेवाएं प्रदान करने के उद्देश्य से टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100 एवं 0184-2266138 का विभिन्न विभागों द्वारा प्रचार प्रसार किया जा रहा है। इस प्रचार प्रसार से टोल फ्री नंबरों की जानकारी लोगों को मिल रही है। समाज के कमजोर वर्गों को मुफ्त कानूनी सेवाएं प्रदान करने के लिए राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) का गठन किया गया है। नालसा का मुख्य उद्देश्य समाज के कमजोर वर्गों को मुफ्त और सक्षम कानूनी सेवाएं प्रदान करना और यह सुनिश्चित करना है कि आर्थिक या अन्य अक्षमताओं के कारण किसी भी नागरिक को न्याय प्राप्त करने के अवसरों से वंचित न किया जाए, और विवादों के सौहार्दपूर्ण समाधान के लिए लोक अदालतों का आयोजन करना है। इसके अलावा कानूनी साक्षरता और जागरूकता फैलाना, सामाजिक न्याय मुकदमे चलाना आदि भी इसके कार्यों में शामिल हैं।

दूसरे दिन कार्यकर्ताओं को दिया पोषण प्रशिक्षण
स्तनपान के फायदे व व्यक्तिगत स्वच्छता के प्रति किया जागरूक
करनाल, 21 जनवरी।
 महिला एवं बाल विकास विभाग खंड नीलोखेड़ी द्वारा ब्लॉक स्तर पर तीन दिवसीय आंगनवाड़ी वर्कर प्रशिक्षण आज दूसरे दिन भी जारी रहा जिसका संचालन जिला कार्यक्रम अधिकारी  सीमा प्रसाद तथा डब्ल्यू सीडीपीओ डॉ राजबाला द्वारा किया किया। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य बच्चों के शारीरिक विकास के साथ-साथ उनका समग्र विकास करना, खेल-खेल में शिक्षा प्रदान करना है।
प्रशिक्षण में नीलोखेड़ी ब्लॉक की 90 कार्यकर्ता भाग ले रही  है। आज प्रशिक्षण  का विषय पोषण रहा। कार्यकर्ताओं को स्वस्थ बच्चे और मानव जीवन चक्र में पोषण की भूमिका बताई गई। लघु तथा सूक्ष्म पोषक तत्वों की कमी पर चर्चा की गई। अति कुपोषित तथा मध्यम स्तरीय कुपोषित बच्चों की पहचान, रोकथाम तथा प्रबंधन सिखाया गया। स्तनपान के फायदे तथा व्यक्तिगत स्वच्छता के बारे में भी जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण में पीओ सीमा प्रसाद ने आंगनवाड़ी वर्कर्स को प्रोत्साहित किया। बताया कि हमें शिक्षा को बाल केंद्रित बनाना चाहिए। पोषण के साथ-साथ पढ़ाई पर भी ध्यान देने को कहा। बच्चों को खेल-खेल में सिखाना चाहिए। उन्होंने महिलाओं को मासिक धर्म के बारे में जागरूक किया। महिलाओं को सैनिटरी नैपकिन के उपयोग और स्वच्छता के महत्व बारे में बताया।
उन्होंने कहा कि महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बीपीएल महिला लाभार्थियों को मुफ्त सैनिटरी नैपकिन उपलब्ध कराये जा रहे हैं ताकि इसका उपयोग और अधिक सुलभ बनाया जा सके । सैनिटरी नैपकिन्स महिलाओं को मासिक धर्म के दौरान बैक्टीरिया और संक्रमण को रोकने में मदद करता है।
प्रशिक्षण में आंगनवाड़ी सुपरवाइजर पूनम, वीना, नेहा, रितु सुदेश, अलका, अनामिका, दीपिका का विशेष सहयोग रहा। प्रशिक्षण कल भी जारी रहेगा।

सडक़ सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत युवाओं को जागरूकता : रेणु रानी
करनाल, 21 जनवरी।
 नेहरू युवा केन्द्र करनाल की जिला युवा अधिकारी रेणु रानी ने बताया की सडक़ सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत युवाओं को जागरूकता का संदेश देने के लिए 17 से 23 जनवरी तक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे। इसी कड़ी में आज नेहरू युवा केंद्र करनाल एवं माय भारत के युवा स्वयंसेवकों ने शहर के मुख्य चौराहों आईटीआई चौक, अंबेडकर चौक, हॉस्पिटल चौक, घंटा घर चौक जाकर यातायात पुलिस व परिवहन विभाग के साथ मिलकर जागरूकता अभियान चलाकर जन जागृति का संदेश दिया। नेहरू युवा केन्द्र के जिला युवा अधिकारी रेणु रानी ने बताया की यातायात पुलिस के सहयोग से युवाओं ने गुलाब के फूल देकर सडक़ सुरक्षा के नियमों की पालना करने, दो पहिए वाहन चलाते हुए हेमलेट का उपयोग करने, कार चलाते समय शीट बेल्ट का उपयोग करने, यातायात संकेतों का ध्यान रखते हुए वाहन चलाने की जानकारी देकर जागरूक किया। युवाओं ने बताया कि हम सुरक्षित तो पुरा परिवार सुरक्षित इस मानसिकता के साथ वाहन चलाकर सुरक्षित गंतव्य तक पहुंचे। इस अभियान में लड़कियों की सहभागिता भी सराहनीय है।

विधायक जगमोहन आनंद ने वार्ड-8 में 58 लाख के दो विकास कार्यों का किया शिलान्यास

सेक्टर-14 में कम्यूनिटी सेंटर के पास दीवार और सेक्टर-5 में ट्यूबवेल की इंस्टालेशन की रखी आधारशिला

करनाल, 21 जनवरी- करनाल के विधायक जगमोहन आनंद ने मंगलवार को शहर में 58 लाख रुपये के दो विकास कार्यों की आधारशिला रखी। उन्होंने वार्ड-8 के सेक्टर-14 में कम्यूनिटी सेंटर के पास दीवार और सेक्टर-5 में ट्यूबवेल की इंस्टालेशन की आधारशिला रखी। उन्होंने मौके पर पहुंचे लोगों को लड्डू खिलाकर बधाई दी।

विधायक जगमोहन आनंद वार्ड-8 के सेक्टर-5 में पहुंचे। यहां उन्होंने ट्यूबवेल इंस्टालेशन के कार्य का शुभारंभ किया। सर्वप्रथम भूमि पूजन किया और नारियल फोड़कर कार्य का शुभारंभ किया। इस कार्य पर कुल 38 लाख रुपये की लागत आएगी। इस दौरान बड़ी संख्या में सेक्टरवासी पहुंचे। उन्होंने सभी को लड्डू खिलाकर बधाई दी।

इसके उपरांत विधायक जगमोहन आनंद वार्ड-8 के सेक्टर-14 में पहुंचे। यहां उन्होंने कम्यूनिटी सेंटर के पास दीवार के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इस कार्य में कुल 20 लाख रुपये की लागत आएगी। विधायक ने भूमि पूजन कर कार्य का शुभारंभ किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस कार्य को जल्द से जल्द पूरा किया जाए और निर्माण कार्य भी गुणवत्तापूर्वक किया जाए।

विधायक जगमोहन आनंद ने कहा कि करनाल विधानसभा क्षेत्र से जुड़ी समस्याओं को समयबद्ध तरीके से दूर करना, उनका दायित्व है। करनाल विधानसभा क्षेत्र का कोई भी व्यक्ति अपनी समस्या लेकर उनके कैंप कार्यालय में आ सकता है। समस्या लिखित हो और उस पर उक्त व्यक्ति का नाम, पता व मोबाइल नंबर अवश्य हो ताकि बाद में उनसे संपर्क किया जा सके। उन्होंने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी व केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में निरंतर विकास कार्य हो रहे हैं। करनाल शहर को करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात मिल रही है।

इस मौके पर केंद्रीय मंत्री श्री मनोहर लाल जी के प्रतिनिधि श्री कविंद्र राणा जी, वरिष्ठ नेता श्री अशोक भंडारी जी, चेयरपर्सन श्रीमती मेघा भंडारी जी, पूर्व मंडल अध्यक्ष श्री सुनील गुप्ता जी, श्री राकेश बत्रा जी एवं संकल्प भंडारी सहित स्थानीय निवासी मौजूद थे।

समाधान शिविर में शिकायतों का मौके पर ही निपटारा

करनाल, 21 जनवरी।   हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार जिला में लघु सचिवालय सहित सभी उपमंडल कार्यालयों में प्रत्येक कार्य दिवस में समाधान शिविरों का आयोजन सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज लघु सचिवालय के सभागार में उपायुक्त उत्तम सिंह की अध्यक्षता में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। ऐसे ही शिविर संबंधित एसडीएम की अध्यक्षता में नीलोखेड़ी, इन्द्री, असंध और घरौंडा में भी आयोजित किए गए।

जिला स्तरीय समाधान शिविर में आई अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निदान कर दिया गया और शेष पर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश संबंधित अधिकारी को दिए गए। उपायुक्त ने बताया कि इन समाधान शिविरों में परिवार पहचान पत्र, प्रॉपर्टी आईडी, जमीन की रजिस्ट्री, शहरी निकाय विभाग से एनडीसी लेने, नक्शे की मंजूरी, पेंशन, राशन कार्ड एवं सार्वजनिक वितरण व्यवस्था, अपराध, बिजली-पानी संबंधी आदि शिकायतों का मौके पर ही निपटारा किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि मंगलवार को करनाल के लघु सचिवालय में आयोजित समाधान शिविर में 8 शिकायतें प्राप्त हुई। जिनमें से 1 शिकायत का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। वहीं 5 शिकायतें  लंबित है तथा 1 शिकायत रद्द कर दी गई। घरौंडा उपमंडल में 1 शिकायतें प्राप्त हुई जो अभी लंबित है। वहीं इंद्री,नीलोखेड़ी,असंध उपमंडल में कोई शिकायत प्राप्त नहीं  हुई।

करनाल, 21 जनवरी- हरियाणा सरकार के नागरिक संसाधन सूचना विभाग (क्रीड) द्वारा आईटी बुनियादी ढांचे को अपग्रेड करने व सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए हरियाणा राज्य डेटा सेंटर (एचएसडीसी) 25 जनवरी, 2025 (शनिवार) 12:01 बजे से 26 जनवरी, 2025 (रविवार) को 11:59 बजे तक डाउन रहेगा।
एक सरकारी प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए कहा कि इस अवधि के दौरान, नागरिकों को सरल सेवाओं, पीपीपी से संबंधित सेवाओं, आधार प्रमाणीकरण सेवाओं आदि सहित कुछ ऑनलाइन सेवाओं में अस्थायी व्यवधान हो सकता है। ये ऑनलाइन सेवाएं 25 जनवरी 2025 को 12:01 बजे से 26 जनवरी 2025 को 11:59 बजे तक सीधे या सीएससी केंद्रों के माध्यम से सुलभ नहीं होंगी व प्रभावित रहेंगी। इस दौरान आईटी टीम यह सुनिश्चित करेगी कि सभी सेवाएं जल्द से जल्द बहाल हो।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on X-twitter Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Back to top button