हरियाणा

Karnal News: करनाल जिले की 29 जनवरी की बड़ी खबरें, पढ़िए एक क्लिक में

Karnal News: करनाल जिले की 29 जनवरी की बड़ी खबरें, पढ़िए एक क्लिक में

11 फरवरी से 18 फरवरी को स्कूलों व आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से नि:शुल्क खिलाई जाएगी एल्बेंडाजोल की गोली

करनाल, 29 जनवरी।   राष्ट्रीय कृमि मुक्ति प्रोग्राम को सफल बनाने हेतु जिला समन्वय समिति की बैठक का आयोजन का अतिरिक्त उपायुक्त यश जालुका की अध्यक्षता में किया गया। बैठक का मुख्य उद्देश्य 1-19 वर्ष के सभी बच्चों एवं 20 से 24 वर्ष के आयु की सभी महिलाओं जो गर्भवती न हो तथा स्तनपान न करवा रही हो  को कृमि मुक्त करना है।
इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ लोकवीर  ने बताया कि स्कूल हेल्थ कार्यक्रम के अंतर्गत, राष्ट्रीय कृमि मुक्ति प्रोग्राम के तहत 11 फरवरी 2025 को जिले के 1-19 वर्ष के लगभग 4.9 लाख बच्चों को सभी सरकारी व निजी स्कूलों तथा आंगनबाड़ी केंद्र के माध्यम से एल्बेंडाजोल की गोली नि:शुल्क खिलाई जाएगी तथा जो बच्चे किसी कारणवश छूट जाएंगे उन्हें 18 फरवरी 2025 को  मोप अप राउंड के दौरान एल्बेंडाजोल की गोली खिलाई जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि बच्चों में खून की कमी का एक मुख्य कारण कृमि (पेट के कीड़े) होते है, जिस कारण बच्चों के विकास में कमी आ जाती है, इसलिए अपने घरों व आस-पास के इलाके में साफ -सफाई का ध्यान रखें, खाने-पीने की चीजों को ढक कर रखे, फल व सब्जियों को उपयोग से पहले साफ  पानी से धोएं, साफ पानी पीए, मिट्टी में खेलते व चलते समय जूते या चप्पल पहनें, खुले में शौच न करें, हमेशा शौचालय का प्रयोग करें एवं खाना खाने से पहले व शौच जाने के बाद हाथ साबुन से अवश्य साफ करे ताकि कृमि रोग से बचा जा सके। इसके अलावा इस प्रोग्राम के दौरान जिले में 20-24 वर्ष की विवाहित महिलाए जो गर्भवती न हो, व स्तनपान न करवा रही हो, उन सभी को भी नि:शुल्क एल्बेंडाजोल की गोली आंगनबाड़ी केंद्र पर खिलाई जाएगी।
राष्ट्रीय कृमि मुक्ति प्रोग्राम के नोडल ऑफिसर डा. केशव वधवा  ने बताया कि यह प्रोग्राम के  तहत सभी स्कूल व आंगनबाड़ी केन्द्रों , कॉलेज व आईटीआई के माध्यम से बच्चों को कृमि मुक्त करने हेतू गोली खिलाई जाएगी। उन्होंने कृमि संक्रमण के लक्षण व एल्बेंडाजोल की गोली खाने के फायदे भी बताए।
कृमि (पेट के कीड़े) संक्रमण के लक्षण
उन्होंने बताया कि गंभीर कृमि संक्रमण से कई लक्षण उत्पन्न हो सकते है जैसे पेट दर्द,जी मिचलना, उल्टी, दस्त, कमजोरी, वजन कम होना, रोग प्रतिरोधक शक्ति का कम होना और पढ़ाई में ध्यान न लगना। बच्चें में कीड़े की मात्रा जितनी अधिक होगी, संक्रमण के लक्षण उतने अधिक होंगे, बच्चों में खून की कमी (अनीमिया) तथा बच्चों के विकास में बाधा आना इसके मुख्य लक्षण हैं।
एल्बेंडाजोल की गोली खाने के फायदे
एल्बेंडाजोल की गोली खाने से स्वास्थ्य और पोषण में सुधार होता है, रोग प्रतिरोधक शक्ति में वृद्धि होती है, अनीमिया पर नियंत्रण, सीखने की क्षमता और कक्षा में उपस्थिति में सुधार तथा समुदाय में कृमि संक्रमण की व्यापकता में कमी आती है।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त यश जालुका ने बताया कि एल्बेंडाजोल की गोली पूर्णतय सुरक्षित व प्रभावशाली है। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस अभियान में पूरा सहयोग देकर इसको कामयाब बनाए तथा आमजन से अपील की कि 11 फरवरी से 18 फरवरी 2025 को स्कूलों व आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से दी जाने वाली एल्बेंडाजोल की गोली को अपने बच्चों को अवश्य खिलाएं ताकि भारत की भावी पीढ़ी को तंदुरुस्त बनाया जा सके।
इस अवसर पर उप सिविल सर्जन डॉ0 कैलाश, डॉ0 सिम्मी, चिकित्सा अधिकारी डॉ0 केशव वधवा, जिला किशोर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ0 लवीश, जिला आशा कोर्डिनटर संजीव ने भाग लिया। इस दौरान शिक्षा विभाग, आई.सी.डी.एस. विभाग, जिला प्रोग्राम समन्वयक, नेहरू युवा केंद्र, एविडेस एक्शन, तकनीकी सहायोगी, प्रधान स्कूल संघ, स्वच्छ भारत अभियान आदि के अधिकारियों ने भाग लिया।

अनुसूचित जाति/जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के दायरे में आने वाले पीड़ितों को समय पर दी जाए आर्थिक सहायता: उपायुक्त

करनाल, 29 जनवरी।               उपायुक्त उत्तम सिंह ने बुधवार को लघु सचिवालय के सभागार में एससी-एसटी अत्याचार निवारण के लिए गठित जिला स्तरीय सतर्कता एवं निगरानी समिति की बैठक की अध्यक्षता की और कहा कि अनुसूचित जाति/जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के दायरे में आने वाले पीड़ितों को समय पर आर्थिक सहायता दी जाए तथा किसी के साथ अन्याय न हो।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि एससी-एसटी एक्ट के अंतर्गत आने वाली शिकायतों की निष्पक्षता से जांच-पड़ताल की जानी चाहिए। जिन मामलों में अभी तक पुलिस द्वारा चालान पेश नहीं किया गया है, उनकी जांच पूरी कर चार्जशीट जल्दी कोर्ट में दाखिल की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि जिला न्यायवादी की ओर से इन मामलों में  दोषी व्यक्ति को सजा दिलवाने के लिए सख्त पैरवी की जानी चाहिए।
उपायुक्त ने अनुसूचित जाति/जनजाति अत्याचार निवारण की जिला स्तरीय सतर्कता एवं निगरानी समिति के सरकारी और गैर सरकारी सदस्यों से कहा कि उक्त अधिनियम के दायरे में आने वाले पीड़ितों को समय पर सरकार की ओर से दी जाने वाली आर्थिक सहायता दिलवाने मे मदद करें। उन्होंने कहा कि कल्याण विभाग के अधिकारी पीड़ित व्यक्ति व उनके परिवार के सदस्यों से सभी आवश्यक दस्तावेज समय पर लें। इस कार्य में समिति के गैर सरकारी सदस्यों का भी सहयोग लिया जाए।
उन्होंने कहा कि जिला स्तरीय सतर्कता एवं निगरानी समिति की बैठक समय पर आयोजित की जाए। इस बैठक को लेकर कोई देरी न की जाए। उन्होंने जिला कल्याण अधिकारी को निर्देश दिए कि पीड़ित परिवारों की सूची और उनका सम्पर्क नम्बर समिति के गैर सरकारी सदस्यों को भी उपलब्ध करवाए जाए ताकि समय पर उनके दस्तावेज पूरे करवाने में पीड़ितों की मदद की जा सके।

इस बैठक में जिला कल्याण अधिकारी कृष्णा देवी ने बताया कि कल्याण विभाग ने अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत सरकार की नीति के अनुसार 46 मामलों में पीड़ित परिवार को 58 लाख 43 हजार 750 रुपए की क्षतिपूर्ति राशि प्रदान की है। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक गंगाराम पूनिया, डीएसपी सतीश कुमार, डीडीए पंकज सैनी, डीएसडब्ल्यूओ सुषमा, समिति के सदस्य मास्टर नाथी राम, जयपाल, बनारसी दास मौजूद रहे।

नशे के खिलाफ टीम गठित कर अभियान चलाने के निर्देश
लाइसेंस किसी का, दवा कोई और बेचे, यह गैर कानूनी-डीसी
बोले-ऐसे मामलों में कार्रवाई करें
करनाल, 29 जनवरी।
 उपायुक्त उत्तम सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिन गांवों में नशाखोरी के मामले बढ़ रहे हैं वहां लोगों को जागरूक करने के लिए टीम गठित कर विशेष अभियान चलाया जाए। उन्होंने जिला औषधि नियंत्रण को उन दवा दुकानों के संचालकों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए जिन पर लाईसेंसधारक केमिस्ट के स्थान पर अन्य लोग दवाइयां बेचते हैं।
उपायुक्त आज यहां जिला सचिवालय में नार्को समन्वय केंद्र (एनसीओआरडी) की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने जिला के एक दर्जन से अधिक उन गांवों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए जहां नशाखोरी के केस बढ़ रहे हैं। ऐसे गांवों में कमेटियां गठित करने और लोगों को नशे के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने कहा कि अभियान के दौरान की जाने वाली गतिविधियों का पूरा ब्यौरा तैयार किया जाए।
उन्होंने जिला औषधी नियंत्रक को निर्देश दिए कि केमिस्ट दुकानों पर गैर लाइसेंसधारकों द्वारा दवाइयां बेचने की शिकायतें प्राप्त हो रही है। जांच के दौरान कहीं भी ऐसा मामला नोटिस में आने के बाद सख्त कार्रवाई करते हुए उस दुकानदार का लाइसेंस भी रद्द किया जाए। उपायुक्त ने कृषि उप निदेशक को निर्देश दिए कि पंचायतों, ग्राम सचिवों व नहरी विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर भांग व अन्य ऐसे पौधे जो नशे में प्रयोग किये जाते हैं, को तुरंत नष्ट कराया जाए।
बैठक में उप सिविल सर्जन सिम्मी कपूर ने बताया कि इस समय जिला में सात प्राइवेट और एक सरकारी नशा मुक्ति केंद्र चल रहा है। उपायुक्त ने यह पता लगाने के निर्देश दिए कि प्राइवेट केंद्र लोगों को नशा छुड़वाने में कितने सफल रहे हैं। उन्होंने वीडियो, पोस्टर आदि के माध्यम से भी लोगों को नशे के प्रति जागरूक करने के निर्देश संबंधित अधिकारी को दिए।
बैठक में एसपी गंगाराम पूनिया, डीएसपी सतीश कृषि उप निदेशक वजीर सिंह, डीईओ सुदेश ठुकराल, उप सिविल सर्जन डा. सिम्मी कपूर, डीडीपीओ संजय टांक, जिला न्यायवादी पंकज सैनी, एमएसईओ भावना वाधवा, सिंचाई विभाग के एसडीओ नीतिन गर्ग, डीवाईओ रेणू, डीएचईओ सुभाष शर्मा, डीआईपीआरओ  मनोज कौशिक आदि मौजूद रहे।

अवैध खनन करने वालों पर शिकंजा कसे-उपायुक्त
ग्राम पंचायतें अवैध खनन करने वाले लोगों पर रखें नजर और प्रशासन को दें सूचना।

करनाल, 29 जनवरी। उपायुक्त उत्तम सिंह ने एनफोर्समेंट शाखा के एसएचओ को निर्देश दिये कि अवैध खनन में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे और उनके वाहन भी जब्त किए जाए। उन्होंने कहा कि अवैध खनन करने वालों के खिलाफ शिकंजा कसा जाए और खनन विभाग की ओर से संबंधित को नोटिस जारी किए जाए और रिकवरी के लिए प्लैंटी भी लगाई जाए।
उपायुक्त आज यहां लघु सचिवालय में जिला टास्क फोर्स कमेटी की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने एनफोर्समेंट एसएचओ से अवैध खनन को लेकर दर्ज की गई एफआईआर में आगे की प्रगति की जानकारी ली और निर्देश दिए कि आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट तैयार कर आगे कार्यवाही अमल में लाई जाए। उन्होंने डीडीपीओ को निर्देश दिए कि वे ग्राम पंचायतों सजग करें कि ग्राम पंचायतें अवैध खनन करने वाले लोगों पर नजर रखें और इसकी सूचना प्रशासन को दें।
बैठक मे पुलिस अधीक्षक गंगाराम पूनिया ने कहा कि अवैध खनन के मामले में जब्त किए गए वाहनों में से सुपरदारी के बाद शेष वाहनों का निपटारा भी जल्दी करवाएं। उन्होंने कहा कि जहां जहां अवैध खनन की शिकायतें मिलती है ऐसे स्थानों पर पुलिस विभागों के साथ-साथ खनन विभाग के अधिकारी भी अपनी पेंनी नजर रखें और उनके खिलाफ कार्यवाही अमल मे लाए।
बैठक में जिला खनन अधिकारी निरंजन लाल ने बताया कि दिसंबर माह के दौरान जिले में अवैध खनन के मामले में 20 वाहनों को जब्त किया गया जिनमें से एक सुपरदारी पर छोड़ा गया । उन्होंने बताया कि अप्रैल 2024 से लेकर गत माह तक 123 वाहनों को जब्त किया गया जिनसे जुर्मान के रूप में 44 करोड़ 94 लाख 827 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है।
इस मौके पर करनाल के एसडीएम अनुभव मेहता, असंध के एसडीएम राहुल, डीएसपी इंद्री सतीश कुमार, डीडीपीओ संजय टांक, प्रदूषण बोर्ड के एसडीओ हार्दिक तथा एनफोर्समेंट इंस्पेक्टर एसएचओ आदि मौजूद रहे।

विधायक भगवान दास कबीरपंथी ने 3 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली सीवरेज लाइन का किया शिलान्यास

नीलोखेड़ी/ करनाल, 29 जनवरी।    विधायक भगवान दास कबीरपंथी ने आज तरावड़ी सत्संग भवन के पास 3 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली सीवरेज लाइन का नारियल फोड़ कर शिलान्यास किया।  जहां पहुंचे पर विधायक का फूल मालाएं पहनाकर स्वागत किया गया।
इस मौके पर विधायक ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र का समग्र विकास करना उनका लक्ष्य है।  हल्के के  निवासियों की मूलभूत सुविधाओं का पूरा ख्याल रखा जा रहा है। सीवरेज लाइन बिछने से आस पास के लोगों को काफी लाभ मिलेगा। गलियों में सीवरेज पाइप लाइन बिछाकर पानी की निकासी की उचित व्यवस्था की जाएगी।

उन्होंने कहा कि हरियाणा की भाजपा सरकार हर क्षेत्र में विकास कार्य कर रही है।  मुख्यमंत्री  नायब सिंह सैनी  के नेतृत्व में हल्के में लगातार अलग-अलग परियोजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन किया जा रहा है, जिसका लाभ सीधे आमजन को मिल रहा है। हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के ऩॉन स्टॉप विजन से हरियाणा आगे बढ़ रहा है। कृषि, उद्योग, शिक्षा, स्वास्थ्य, पंचायत हर क्षेत्र में विकास कार्य हो रहे हैं। हर क्षेत्र में बिना किसी भेदभाव के विकास हो रहा है
उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनते ही चहुमुखी विकास को बढावा देने पर बल दिया गया है और अंत्योदय की भावना से हम आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार का यही प्रयास रहा है कि विकास के मामले में प्रदेश के किसी भी क्षेत्र को अछूता नहीं रहने दिया जाए। उन्होंने कहा कि भाजपा ने जो वादे किए हैं उन्हें अवश्य पूरा किया जाएगा।  उनका भी हमेशा यही प्रयास रहा है कि  हल्के  में अधिक से अधिक विकास कार्य सम्पन्न हों और वे आगे भी हमेशा क्षेत्र के विकास के लिए समर्पित रहेंगे।
इस मौके पर संबंधित अधिकारी व गणमान्य मौजूद रहे।

विज्ञान प्रदर्शनी एवं हर घर परिवार सूर्य नमस्कार योगाभ्यास शिविर का किया गया आयोजन
घरौंड़ा/ करनाल, 29 जनवरी।
 प्राचार्य डॉ. महेन्द्र सिंह बागी के कुशल नेतृत्व तथा कार्यवाहक प्राचार्य नरेश सिंह के योग्य निर्देशन में राजकीय महिला महाविद्यालय, बसताड़ा में संयोजिका रचना एवं  सह- संयोजिका साइंस क्लब रेणु कुमारी के तत्वावधान में महाविद्यालय स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन करवाया गया। प्रदर्शनी में छात्राओं ने क्वांटम डॉट्स,सोलर सिस्टम, वॉटर प्यूरीफायर, प्लांट रेजिस्टेंस, वॉलकेनिक इरेपशन आदि विषयों पर अपने मॉडल प्रदर्शित किये और उत्साहपूर्वक उनकी विवेचना करते हुए दैनिक जीवन में इनकी प्रासंगिकता बतायी। छात्राओं की रचनात्मकता और वैज्ञानिक सोच की झलक उनके प्रस्तुतिकरण में स्पष्ट रूप से दिखाई दी। कार्यवाहक प्राचार्य  नरेश सिंह के द्वारा विज्ञान और तकनीक के महत्व को रेखांकित किया गया और विद्यार्थियों को नवीनीकरण और नवाचार की दिशा में कार्य करने की प्रेरणा दी गई।
इसके साथ ही आज महाविद्यालय में हर घर परिवार सूर्य नमस्कार योगाभ्यास की शृंखला महिला प्रकोष्ठ संयोजिका एवं एन.एस.एस. अधिकारी अनुराधा तथा योग क्लब समन्वयक डॉ. सतीश कुमार के संयुक्त प्रयासों से आयोजित तीन दिवसीय योग शिविर का समापन किया गया। 27 जनवरी से प्रारंभ इस तीन दिवसीय योग शिविर में योगाचार्य दर्शन लाल योगी के सान्निध्य में छात्राओं के साथ – साथ शिक्षकगण ने भी सूर्य नमस्कार, विभिन्न योग क्रियाओं और योगासनों का अभ्यास कर स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया । छात्राओं को प्रोत्साहित एवं प्रेरित करने के लिए स्वयं कार्यवाहक प्राचार्य श्री नरेश सिंह, शैक्षणिक तथा अशैक्षणिक स्टाफ के द्वारा सूर्य नमस्कार तथा अन्य योगासानों में प्रतिभाग लिया  गया। छात्राओं द्वारा योग शिविर का भरपूर आनंद लिया गया और भविष्य में भी ऐसे योग शिविर आयोजित कराए जाने अभिलाषा व्यक्त  की गई। योग शिविर का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया।
इस अवसर पर सहायक प्रोफेसर डॉक्टर हितेंद्र कुमार, श्री सुखराज, श्रीमती दीपा ढूल, श्रीमती पूजा रानी, डॉ विक्रम  एवं श्री पवन कुमार उपस्थित रहे।

समाधान शिविर में शिकायतों का मौके पर ही निपटारा

करनाल, 29 जनवरी।   हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार जिला में लघु सचिवालय सहित सभी उपमंडल कार्यालयों में प्रत्येक कार्य दिवस में समाधान शिविरों का आयोजन सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज लघु सचिवालय के सभागार में उपायुक्त उत्तम सिंह की अध्यक्षता में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। ऐसे ही शिविर संबंधित एसडीएम की अध्यक्षता में नीलोखेड़ी, इन्द्री, असंध और घरौंडा में भी आयोजित किए गए।

जिला स्तरीय समाधान शिविर में आई अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निदान कर दिया गया और शेष पर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश संबंधित अधिकारी को दिए गए। उपायुक्त ने बताया कि इन समाधान शिविरों में परिवार पहचान पत्र, प्रॉपर्टी आईडी, जमीन की रजिस्ट्री, शहरी निकाय विभाग से एनडीसी लेने, नक्शे की मंजूरी, पेंशन, राशन कार्ड एवं सार्वजनिक वितरण व्यवस्था, अपराध, बिजली-पानी संबंधी आदि शिकायतों का मौके पर ही निपटारा किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि बुधवार को करनाल के लघु सचिवालय में आयोजित समाधान शिविर मे 7 शिकायत प्राप्त हुई। जिनमें से 2 शिकायतों का  मौके पर ही समाधान कर दिया गया है। वहीं  4 शिकायत अभी लंबित है तथा 1 शिकायत को रद् कर दिया गया। वहीं इंद्री,नीलोखेड़ी,असंध , घरौंड़ा उपमंडल मे कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुर्इं।

करनाल, 29 जनवरी। घरौंडा के उपमंडल अधिकारी (नागरिक) राजेश सोनी ने आज झींवरहेड़ी में निर्माणाधीन अंडरपास का निरीक्षण किया और प्रयोग की जा रही निर्माण सामग्री का जायजा लिया। उन्होंने रेलवे कर्मचारियों को निर्देश दिये कि अंडरपास का निर्माण कार्य जल्द पूरा किया जाये ताकि लोगों का इससे आवागमन जल्द शुरू हो सके। उन्होंने कहा कि निर्माण सामग्री की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिये। बता दें कि यह अंडर पास पिछले 2 वर्ष से निर्माणाधीन है तथा इसका कार्य डेढ़ वर्ष से रुका हुआ था, जिसमें एसडीएम घरौंडा द्वारा पुनः रेलवे अधिकारियों से बातचीत करके चालू करवाया गया है। यह निर्माणकार्य अगले 2 वर्ष में पूरा होने की संभावना है।
इसके बाद श्री सोनी ने घरौंडा नये बस अड्डे का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि बसों का बस अड्डे में आवागमन और सुलभ बनाने तथा यात्रियों की सुरक्षा के दृष्टिगत जीटी रोड पर ऊपरगामी पुल के नीचे रास्ते को चौड़ा किया जा रहा है। अभी बसों को अड्डे पर आने-जाने के लिए थोड़ा-सा घुमावदार रास्ता तय करना पड़ता है। इससे हादसे का अंदेशा रहा है। पुल के नीचे रास्ते चौड़ा करने से बसों का सीधे अड्डा में प्रवेश हो सकेगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिये।

मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी ने न्यायिक परिसर इंद्री व लीगल ऐड सेंटर बादसों का किया निरीक्षण

करनाल 29 जनवरी।     मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी एवं  जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव इरम हसन  ने बुधवार को  न्यायिक परिसर इंद्री का दौरा किया। जहां उन्होंने पैनल अधिवक्ताओं से मुलाकात की।
इसके पश्चात मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी ने लीगल एड क्लीनिक बादसों  का निरीक्षण किया व गांव के लोगों की समस्याएं सुनी।

बॉक्स:— नेशनल लोक अदालत का आयोजन 8 मार्च  को : इरम हसन

मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव इरम हसन ने बताया कि जिला न्यायालय करनाल में आठ मार्च 2025 को नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि नेशनल लोक अदालत में कोई भी व्यक्ति अदालत में लंबित मुकदमे रखकर उनका फैसला करवा सकता है। इसमें प्री लिटिगेशन स्टेज के मुकदमे रखकर उनका निपटारा किया जा सकता है।। इस बारे में अधिक जानकारी के लिए हेल्पलाइन नं. 0184-2266138 व नालसा हेल्पलाइन नं. 15100 पर संपर्क कर सकते हैं।

करनाल, 29 जनवरी- करनाल के विधायक जगमोहन आनंद बुधवार को काछवा गांव में पहुंचे। यहां उन्होंने रामदिया की धर्मपत्नी भूली देवी के स्वर्गवास उपरांत उनके निवास स्थान पर पहुंच कर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल व स्वयं की ओर से शोक व्यक्त किया। इस दौरान उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।

इसके उपरांत विधायक जगमोहन आनंद काछवा गांव के जीवन राम के निवास स्थान पर पहुंचे। यहां उन्होंने जीवन राम की धर्मपत्नी के स्वर्गवास पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने परिवार को ढांढस बंधाया और दिवंगत की आत्म की शांति के लिए प्रभु चरणों में प्रार्थना की।

विधायक जगमोहन आनंद ने काछवा गांव के नंबरदार जितेंद्र व भाजपा कार्यकर्ता अंग्रेज सिंह का भी हालचाल जाना। पिछले दिनों सड़क दुर्घटना में घायल होने का समाचार प्राप्त हुआ था। उनके निवास स्थान पर पहुंचकर हालचाल जाना और जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

इस अवसर पर गांव के सरपंच प्रतिनिधि दीपक कुमार, पूर्व सरपंच बिट्टू, रामनगर मंडल महामंत्री बंसी लाल, जोगिंद्र सिंह व अन्य गणमान्य मौजूद रहे।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on X-twitter Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Back to top button