
Hisar News: हिसार जिले की 29 जनवरी की बड़ी खबरें, पढ़िए एक क्लिक में
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की जिला स्तरीय निगरानी समिति की बैठक संपन्न, उपायुक्त ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की जिला स्तरीय निगरानी समिति की बैठक का आयोजन उपायुक्त अनीश यादव की अध्यक्षता में किया गया। बैठक में कृषि विभाग, बैंक, बीमा कंपनियों के अधिकारी तथा अन्य संबंधित विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस बैठक में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से संबंधित लंबित शिकायतों, दावों के निस्तारण और किसानों को शीघ्र लाभ पहुंचाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
कृषि विभाग के उपनिदेशक राजबीर सिंह ने बैठक के दौरान बताया कि खरीफ 2022 और रबी 2022-23 में किसानों ने आपदा के कारण फसल खराबे का दावा किया था, लेकिन संबंधित बीमा कंपनी ने केवल चुनिंदा किसानों को ही मुआवजे की राशि प्रदान की है। इस पर उपायुक्त ने निर्देश दिए कि सभी पात्र किसानों के लंबित बीमा दावों का भुगतान प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र किया जाए। कृषि विभाग के उपनिदेशक राजबीर सिंह ने बताया कि रबी 2022-23 के तहत गांव लोहारी राघो में सरसों फसल का क्लेम नहीं दिया गया और केवल कुछ पॉलिसी को ही स्वीकार किया गया, जबकि शेष पॉलिसी बैंक द्वारा अस्वीकार कर दी गईं। इसी तरह, गांव मसूदपुर व सिसाय कालीरावण में सरसों फसल और गांव चौधरीवास में चना फसल का क्लेम जिंसवार अधिक दिखाकर अस्वीकार किया गया।
उपायुक्त अनीश यादव ने संबंधित बीमा कंपनी को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि बीमित किसानों की किला वाइज सूची कृषि विभाग को देकर कृषि विभाग सूची का गिरदावरी से मिलान कर इसकी पुष्टि की जाए। इसके बाद क्लेम अदायगी हेतु बीमा कंपनी को भेजी जाए ताकि किसानों को समय पर मुआवजा मिल सके।
बैठक में यह भी पाया गया कि शाखा बास के अंतर्गत खरीफ 2022 के कई किसानों को पॉलिसी का क्लेम अब तक नहीं दिया गया है। उपायुक्त ने इस पर नाराजगी जताई और संबंधित बीमा कंपनी को निर्देश दिए कि बैंक की सभी पात्र पॉलिसियों को तत्काल सत्यापित कर क्लेम जारी किया जाए। बैठक में उपायुक्त अनीश यादव ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सभी लंबित बीमा दावों का निपटारा तेजी से किया जाए तथा किसानों को बीमा क्लेम प्रक्रिया में आ रही दिक्कतों को जल्द से जल्द दूर किया जाए। उपायुक्त ने निर्देश दिए कि कृषि विभाग, बीमा कंपनियां और बैंक आपसी समन्वय से कार्य करें, ताकि किसानों को समय पर मुआवजा मिल सके।
बैठक में कृषि विभाग के एएसओ संजय, एलडीएम विनोद कुमार, बैंक शाखा प्रबंधक उमेश कुमार, ईएसए विभाग से अमित, निजी बीमा कंपनी के प्रतिनिधि विमल मिश्रा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
हिसार, 29 जनवरी।
ग्रामीण आंचल के निवासी अब सरकार के विकास कार्यों संबंधी मांग, शिकायत और सुझाव सीधे ऑनलाइन माध्यम से दे सकेंगे।
हरियाणा सरकार द्वारा इसके लिए ऑनलाइन ग्राम दर्शन डॉट हरियाणा डॉट जीओवी डॉट इन पोर्टल शुरू किया गया है। उपायुक्त अनीश यादव इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि ग्राम दर्शन पोर्टल सरकार की एक व्यापक, सहभागी, पारदर्शी और जवाबदेह पहल है। इसका उद्देश्य निर्वाचित प्रतिनिधियों, सरकार और ग्रामीण निवासियों के बीच संबंध स्थापित करना है। यह पोर्टल ग्रामीणों को अपनी मांग, शिकायत व सुझाव देने का एक सुविधाजनक एवं सरल माध्यम है।
उपायुक्त अनीश यादव ने बताया कि इस पोर्टल पर ग्रामीणों द्वारा दिए गए सुझावों के आधार पर भविष्य की विकास योजनाओं का खाका तैयार किया जाएगा। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने विभाग से संबंधित कार्यों की प्राथमिकताएं तय करें। उन्होंने बताया कि सरकार की प्राथमिकता लोगों की शिकायतों का निवारण करना है।
जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी नरेन्द्र सिंह ने बताया कि ग्राम दर्शन पोर्टल पर कोई भी व्यक्ति केवल अपने स्थाई निवास के गांव (जो परिवार पहचान पत्र में दर्ज हो) के संबंध में शिकायत दर्ज कर सकेगा। ग्रामीणों द्वारा दिया गया सुझाव और मांग सीधे जनप्रतिनिधियों को उनके अधिकार क्षेत्र के ही सुझाव डैशबोर्ड पर दिखाई देंगे, जिन्हें संबंधित जनप्रतिनिधि संस्तुति के साथ आगे बढ़ा सकेंगे। नरेन्द्र सिंह ने बताया कि पोर्टल पर सुझाव दर्ज कराने के साथ ही एक आईडी जनरेट होगी जो संबंधित आवेदक को एसएमएस के माध्यम से मिलेगी। इसके साथ ही आवेदक को समय समय पर सुझाव पर हुई कार्रवाई की अपडेट सूचना एसएमएस के माध्यम से मिलती रहेगी।
समाधान शिविर में आमजन से जुड़ी हर समस्याओं का हो रहा समाधान: उपायुक्त अनीश यादव
हिसार, 29 जनवरी।
हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार हिसार जिले में समाधान शिविर के माध्यम से आमजन को राहत पहुंचाई जा रही है। समाधान शिविर का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का समाधान करना और उन्हें सरकारी सेवाओं से जोडऩा है। बुधवार को उपायुक्त अनीश यादव के मार्गदर्शन में समाधान शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे जिन्होंने नागरिकों की समस्याओं को सुना और तत्काल समाधान किया।
समाधान शिविर का आयोजन हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार उपायुक्त अनीश यादव के मार्गदर्शन में किया जा रहा हैं। विदित हो कि जिला मुख्यालय व उपमंडल स्तर पर प्रतिदिन कार्य दिवस पर सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक लगाया जा रहा है। समाधान शिविर पर प्रमुख तौर पर प्रॉपर्टी आईडी, परिवार पहचान पत्र, जमीन का पंजीकरण, समाज कल्याण पेंशन, राशन कार्ड आदि से संबंधित शिकायतें आ रही हैं हैं। प्रशासन द्वारा समाधान शिविर के रूप में सुनी जा रही समस्याओं के निवारण ने नागरिकों के बीच एक नई उम्मीद की किरण जगाई है।
उपायुक्त अनीश यादव ने सुनी समस्याएं, ज्यादातर का मौके पर किया समाधान, लंबित शिकायतों के समाधान के लिए कमेटी गठित
हिसार, 29 जनवरी।
लघु सचिवालय परिसर स्थित जिला सभागार में बुधवार को जिला लोकसंपर्क एवं जनपरिवाद समिति की बैठक का आयोजन हुआ। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त अनीश यादव ने की। बैठक में कुल 15 परिवाद समाधान के लिए रखे गए, जिनमें 10 का मौके पर ही समाधान किया गया व कई समस्याओं के समाधान के लिए कमेटी का गठन कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त अनीश यादव ने हांसी स्थित रामसिंह कॉलोनी निवासियों द्वारा रखी गई पेयजल आपूर्ति की समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए। जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस परियोजना के लिए वर्क अलॉटमेंट की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। आगामी दो माह के अंदर इस विकास कार्य को पूरा करवा दिया जाएगा। इस कार्य के पूरा होने से कॉलोनी के कई घरों को पर्याप्त जलापूर्ति सुनिश्चित होगी। इसी प्रकार से उन्होंने तेजा मार्केट भगत सिंह कॉलोनी वासियों द्वारा गंदे पानी की निकासी को लेकर रखी गई समस्या का समाधान करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को तुरंत जल निकासी से संबंधित निर्देश दिए। जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग से संबंधित रखी गई एक ही घर के तीन सदस्यों द्वारा डिपो चलाने की शिकायत को गंभीरता से सुना गया और समस्या की तह में जाकर इसका भी समाधान किया गया। गौरतलब है कि पिछली बैठक में इस समस्या के समाधान की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए थे। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारियों द्वारा रिपोर्ट प्रस्तुत की गई और रिपोर्ट के आधार पर फैसला देकर समाधान कर दिया गया।
इसी प्रकार आशा रानी द्वारा रखी गई शिकायत का भी निपटारा किया गया। उन्होंने शिकायत में तीसरे आरोपी को पकडऩे की मांग की थी। पुलिस विभाग के अधिकारियों ने बताया कि तीसरा आरोपी भी गिरफ्तार कर लिया गया है। उपायुक्त ने विद्या नगर निवासी कृष्ण कुमार द्वारा प्लॉट नाम करवाने की शिकायत के संबंध में निर्देश दिए कि आगामी 15 दिनों के अंदर इस समस्या का समाधान करवाने का आश्वासन दिया। तहसील बरवाला के गांव कुंभा खेड़ा निवासी सुशील कुमार द्वारा गली के ईंटों को बिना बोली लगाए बेचने की शिकायत का निपटारा करते हुए उपायुक्त अनीश यादव ने जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी को दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
बैठक में हिसार पुलिस अधीक्षक शशांक कुमार सावन, हांसी पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा, अतिरिक्त उपायुक्त सी. जयाश्रद्घा, हिसार एसडीएम ज्योति मित्तल, बरवाला एसडीएम डॉ वेदप्रकाश बेनीवाल, हांसी एसडीएम राजेश खोथ, नारनौंद एसडीएम मोहित महराणा, कष्ट निवारण समिति के सदस्य भाजपा जिला उपाध्यक्ष रणधीर सिंह धीरू, भाजपा नेता कृष्ण बिश्नोई, मंदीप मलिक, महावीर जांगड़ा, अरुण दत्त शर्मा, भाजपा जिला मीडिया प्रभारी राजेंद्र सपड़ा, भूप सिंह रोहिल्ला, राज हसीना सहित संबंधित विभागों के अधिकारी व शिकायतकर्ता मौजूद रहे।
हिसार, 29 जनवरी।
लोक निर्माण एवं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सरकार में देश तथा प्रदेश का चहुंमुखी विकास हो रहा है।
कैबिनेट मंत्री बुधवार को बरवाला विधानसभा क्षेत्र के गांव खोखा तथा खरकड़ी में प्रदेश हरियाणा में तीसरी बार भाजपा सरकार बनने पर ग्रामीणों का धन्यवादी दौरे के दौरान ग्रामीणों को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने गांव खोखा में धानक तथा एससी चौपाल के निर्माण कार्यों के लिए 10-10 लाख रुपये की घोषणा के साथ-साथ बीसी चौपाल के हॉल के निर्माण का भी आश्वासन तथा गांव खरकड़ी में सामान्य, एससी व बीसी चौपाल के लिए 10-10 लाख रुपये तथा ऑपन जिम बनवाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि विकास के कार्यों में धन की कमी नहीं रहने दी जाएगी। वर्तमान सरकार द्वारा जो वादे किए जाते हैं उनको पूरा करने का भी काम करती हैं। प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सरकार इस दिशा में लगी हुई है कि कैसे अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति तक भी सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाए। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि बात युवाओं की हो या दूसरे वर्ग की, हर वर्ग का ध्यान रखते हुए वर्तमान सरकार ने योजनाएं बनाई है। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रदेश में डीएससी समाज की भलाई के लिए जो कदम मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने उठाए हैं, उसका समाज के हर आयु वर्ग को लाभ मिलेगा।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सरकार बनते ही शपथ लेने उपरांत मंच से उतरने से पूर्व 25 हजार युवाओं को योग्यता के आधार पर बिना पर्ची बिना खर्ची युवाओं को नौकरी देने का कार्य किया। भाजपा सरकार पहले दिन से ही काबिलियत के आधार पर नौकरी देने के पक्ष में रही है। उन्होंने कहा कि गरीब, किसान, व्यापारी, दुकानदार या कोई भी छोटे से छोटे वर्ग का कोई भी बच्चा हो अगर उसमें योग्यता है तो उसे नौकरी प्राप्त करने से कोई रोक नहीं सकता। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार योग्यता के आधार पर युवाओं को 2 लाख सरकारी नौकरियां देगी। कैबिनेट मंत्री ने बताया कि परिवार पहचान पत्र नागरिकों के लिए एक सशक्त माध्यम बन गया है। परिवार पहचान पत्र में एक लाख 80 हजार रुपये वार्षिक आय वाले पात्र परिवारों को आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य-चिरायु हरियाणा के तहत 5 लाख रुपये वार्षिक स्वास्थ्य बीमा का लाभ दिया गया है। उन्होंने कहा कि उनका मुख्य ध्येय नागरिकों की समस्याओं का निपटारा प्राथमिकता से करना है। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी साथ आएं है, किसी भी नागरिक को समस्या है तो वो संबंधित अधिकारियों को बताकर दूर करवा सकते हैं।
इस अवसर पर माटी कला बोर्ड के चेयरमैन ईश्वर मालवाल, पूर्व चेयरमैन सतबीर वर्मा, हिसार द्वितीय खंड चेयरमैन अजय गावड़, हिसार प्रथम ब्लॉक समिति के वाइस चेयरमैन नरेश शर्मा, मंडल अध्यक्ष मनोज, रोहताश बूरा, मंजीत बूरा, अजीत खरकड़ी, शमशेर बूरा, संजय, सत्य नारायण, राजेश गिल, अजमेर सलेमगढ, विजेंद्र बेनीवाल, महाराज सतीश रावल, गांव खोखा सरपंच मीरा, सरपंच प्रतिनिधि कर्मपाल हुड्डा, गांव खरकड़ी सरपंच प्रतिनिधि विक्रम सोनी व सुंदर सिंह नागर एवं गणमान्य नागरिकों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

