
Haryana News: दिल्ली में आमजन से जुड़े मुद्दे उठा नायब सिंह सैनी ने पकड़ी जनता की नब्ज़, सैनी के चुनावी अभियान से बदल रही दिल्ली की चुनावी फिज़ा
Haryana News: नई दिल्ली, 2 फरवरी – हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में आमजन से जुड़े मुद्दे उठाकर दिल्ली की जनता की नबज़ पकड़ने का काम किया है। सैनी के चुनाव प्रचार का भाजपा को दिल्ली चुनाव में भारी लाभ होता दिख रहा है। अब जब चुनाव में महज दो दिन बचे हैं, ऐसे में भाजपा ने दिल्ली से आम आदमी पार्टी को जड़ से उखाड़ फेंकने के लिए एढ़ी-चोटी का जोर लगा दिया है। वहीं, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी दिल्ली के विभिन्न हल्कों में ताबड़-तोड़ जनसभाएं कर रहे हैं। बागड़ी लोहार समाज हो, सैनी समाज हो या अन्य समाज के लोग, नायब सिंह सैनी लगातार रैलियां करके स्थानीय मुद्दे उठाकर लोगों को प्रभावित करने में सफल होते नजर आ रहे हैं। सैनी के चुनावी अभियान से दिल्ली की चुनावी फिज़ा बदली-बदली नजर आ रही है और इसका लाभ भाजपा को मिलता दिख रहा है।
सिर पर मटकी उठाकर जिस प्रकार से नायब सिंह सैनी लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाने का वायदा कर रहे हैं, उससे लोगों का विश्वास बीजेपी की ओर बढ़ता नजर आ रहा है। वहीं, दूसरी तरफ यमुना में हरियाणा द्वारा जहर घोलने का बयान देकर अरविंद केजरीवाल सेल्फ गोल करके फंस गए हैं। उस पर नायब सिंह सैनी केजरीवाल को खुला चैलेंज भी दे रहे हैं। उन्होंने दिल्ली की जनता को बताया है कि केजरीवाल ने 10 साल पहले जिस यमुना को साफ करने का वायदा किया था, दिल्ली में तो यमुना की सफाई तक नहीं की गई और गंदे पानी के उपचार के लिए न ही कोई एसटीपी लगाए गए। केवल बातें की गई यमुना की सफाई की। लोगों को पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं देने की बजाए केवल प्रचार किया गया। यही कारण है कि आज दिल्ली की जनता आम आदमी पार्टी के कुप्रबंधन से तंग आ चुकी है।
नायब सिंह सैनी ने जिस तरह से दिल्ली की जमीनी समस्याओं को चुनाव में उठाया है और हरियाणा सरकार द्वारा दी जा रही सुविधाओं की तुलना में दिल्ली के लोग मुख्यमंत्री सैनी से प्रभावित नजर आ रहे हैं। नायब सिंह सैनी दिल्ली के लोगों को बता रहे हैं कि राष्ट्रीय राजधानी होने के बावजूद आज भी दिल्ली में समस्याओं का अंबार है, वहीं भाजपा सरकार ने हरियाणा में उन जमीनी समस्याओं का समाधान कर लोगों का मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाई हैं। हरियाणा में युवाओं को निष्पक्षता व पारदर्शिता से सरकारी नौकरियां दी जा रही हैं, किसानों की सभी फसलें एमएसपी पर खरीदी जा रही हैं, महिलाओं को लखपति दीदी बनाया जा रहा है। हरियाणा आज विकास, जनविश्वास और खुशहाली के मामले में पूरे देश में सबसे तेजी से आगे बढ़ रहा है। नायब सिंह सैनी के इस अभियान का ही नतीजा है कि उनकी जनसभाओं में भारी जनसमूह उमड़ रहा है। लोग उन्हें सुनने के लिए आ रहे हैं।
अपने वीआईपी ताम-झाम से दूर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी एक सामान्य अंदाज में अपनी बात रखते हैं। चेहरे पर हर समय मुस्कुराहट का यह अंदाज लोगों को बहुत भा रहा है। जिस आत्मविश्वास से नायब सिंह सैनी 5 फरवरी को आम आदमी पार्टी के चलता करने की बात कहते हैं, उससे लोगों में एक विश्वास मजबूत हुआ है कि हरियाणा की तर्ज पर दिल्ली में भी आगामी समय में विकास की गंगा बहेगी और जनता इस बदलाव का बेसबरी से इंतजार कर रही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी किया नायब सैनी के अभियान का समर्थन
जिस अंदाज में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को यमुना के पानी में जहर मिलाने के मुद्दे पर जवाब दिया है, उनकी इस बात का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी भरपूर समर्थन किया है। पीएम मोदी ने भी कहा कि हरियाणा के लोग देशभक्त, धर्मपरायण हैं। यहां लोग पशु-पक्षियों तक को पानी पिलाते हैं, कभी उनको नुकसान नहीं पहुंचाते। आप-दा (आम आदमी पार्टी) वाले कह रहे हैं कि हरियाणा वाले दिल्ली के पानी में जहर मिला रहे हैं। यह केवल हरियाणा का अपमान नहीं, बल्कि पूरे देश का अपमान है।
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के दिल्ली चुनाव प्रचार से आम आदमी पार्टी के चुनाव अभियान को बड़ा झटका लगा है और भाजपा के चुनाव प्रचार अभियान को काफी मजबूती मिली है।

