
Haryana Crime: रेवाड़ी में चोरों का आतंक, 18 दुकानों के ताले तोड़े; लाखों का सामान ले उड़े
हरियाणा के रेवाड़ी जिले में चोरों ने एक बार फिर पुलिस सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। खोरी बस स्टैंड स्थित अच्छी मार्केट में रात के अंधेरे का फायदा उठाते हुए चोरों ने 18 दुकानों के ताले तोड़ दिए और लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।

जानकारी के अनुसार, जैसलमेर नेशनल हाईवे के फ्लाईओवर के नीचे बनी इस मार्केट में देर रात तीन नकाबपोश चोर दाखिल हुए। चोरों ने हार्डवेयर, मेडिकल स्टोर, रेडीमेड कपड़ों, लाइब्रेरी और साइकिल की दुकानों समेत कई दुकानों को निशाना बनाया। सुबह जब दुकानदार अपनी दुकानों पर पहुंचे तो टूटे ताले देखकर उनके होश उड़ गए।
सूचना मिलते ही कुंड पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। दुकानदारों का कहना है कि रात में गश्त नहीं होने के कारण चोरों ने इतनी बड़ी वारदात को अंजाम दिया। दुकानों में ज्यादा नकदी नहीं होने के कारण चोर करीब तीन लाख रुपये का सामान चोरी कर ले गए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।

