
बदायूं में गैस गीजर बना मौत का कारण, चार साल के मासूम की दम घुटने से मौत
बदायूं जिले के कोतवाली सदर इलाके में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। स्नानगृह में लगे गैस गीजर से संदिग्ध गैस लीक होने के कारण दो मासूम भाई बेहोश हो गए, जिनमें से चार साल के बच्चे की दम घुटने से मौत हो गई, जबकि बड़ा भाई जिंदगी और मौत से जूझ रहा है।

घटना शहवाजपुर मोहल्ले की है, जहां बरेली रोड पर राय साहब की धर्मशाला के पास मोहम्मद सलीम का कारखाना स्थित है। सलीम अपने परिवार के साथ इसी इमारत के ऊपर रहते हैं। शुक्रवार दोपहर लगभग दो बजे उनके दोनों बेटे अयान (11) और रयान (4) नहाने के लिए बाथरूम में गए और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया।
लंबे समय तक कोई हलचल न होने पर मां रुखसार को चिंता हुई। उन्होंने कई बार दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। घबराकर उन्होंने चीख-पुकार की, जिसके बाद परिवार के लोग और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। दरवाजा तोड़ने पर दोनों बच्चे अंदर बेहोश पड़े मिले।
तुरंत दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने चार साल के रयान को मृत घोषित कर दिया। वहीं अयान की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है



