
चंडीगढ़ ब्रेकिंग न्यूज़ | जनहित में बड़ा कदम
दवाओं की कीमतों पर सरकार की सख्त नजर, ओवरचार्जिंग पर जीरो टॉलरेंस
— स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव
चंडीगढ़। आम जनता को सस्ती और आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से हरियाणा सरकार दवाओं की कीमतों पर लगातार सख्त निगरानी रखे हुए है। स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि सरकार दवा कंपनियों और मेडिकल स्टोर्स द्वारा मनमाने दाम वसूलने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं करेगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि नागरिक दवाओं की सही और निर्धारित कीमत की जानकारी के लिए “फार्मा सही दाम (PharmaSahiDaam)” मोबाइल एप का उपयोग कर सकते हैं। इसके साथ ही, यदि किसी दवा पर अधिक कीमत वसूली जाती है तो लोग टोल-फ्री नंबर 1800-180-2413 पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
आरती सिंह राव ने स्पष्ट शब्दों में कहा,
“राज्य सरकार आम जनता को सस्ती, गुणवत्तापूर्ण और आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। दवाओं की कीमतों में अनियमितता करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
उन्होंने जानकारी दी कि वर्ष 2025 के दौरान हरियाणा में दवाओं की अधिक कीमत वसूलने के 33 मामले सामने आए, जिन्हें आवश्यक जांच एवं कार्रवाई के लिए राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण (NPPA), नई दिल्ली को भेजा गया है।
इसके अलावा, हरियाणा में तीन दवाओं में ड्रग प्राइस कंट्रोल ऑर्डर (DPCO) के उल्लंघन का भी पता चला है। संबंधित दवा कंपनियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
स्वास्थ्य विभाग ने आम जनता से अपील की है कि वे जागरूक बनें, बिल अवश्य लें और किसी भी प्रकार की अनियमितता की तुरंत शिकायत करें, ताकि दवाओं की कीमतों पर नियंत्रण और पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके।
