
सर्द हवाओं के बीच जहरीली हवा का कहर, दिल्ली का AQI फिर चिंता के स्तर पर
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में ठंड का प्रकोप जारी है, लेकिन ठंडी हवाओं के साथ-साथ प्रदूषण ने भी लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। हवा की रफ्तार धीमी पड़ने और दिशा में बदलाव के कारण शहर की वायु गुणवत्ता लगातार बिगड़ रही है। शनिवार को हालात ‘बेहद खराब’ स्तर तक पहुंच गए थे, जबकि रविवार सुबह मामूली सुधार के बाद भी स्थिति संतोषजनक नहीं कही जा सकती।

एयर क्वालिटी अर्ली वार्निंग सिस्टम के अनुसार, रविवार सुबह दिल्ली का औसत AQI 297 दर्ज किया गया, जो अब भी ‘खराब’ श्रेणी में है। विशेषज्ञों का कहना है कि मौसम की मौजूदा परिस्थितियों के चलते प्रदूषण से जल्द राहत मिलना मुश्किल है।
कई इलाकों में हवा बेहद खराब
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़े बताते हैं कि दिल्ली के कई हिस्सों में सांस लेना अब भी चुनौती बना हुआ है। आनंद विहार, जहांगीरपुरी, चांदनी चौक, नजफगढ़, आरके पुरम और वजीरपुर जैसे इलाकों में AQI 330 के पार दर्ज किया गया।
हालांकि, आया नगर, लोधी रोड और आईजीआई एयरपोर्ट टी-3 जैसे क्षेत्रों में प्रदूषण का स्तर तुलनात्मक रूप से कम रहा।
सेहत पर पड़ सकता है असर
विशेषज्ञों के मुताबिक, जब AQI ‘खराब’ या उससे ऊपर पहुंचता है तो आंखों में जलन, सांस लेने में तकलीफ और खांसी जैसी समस्याएं बढ़ जाती हैं। बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
AQI के स्तर का मतलब
0–50 : अच्छी हवा
51–100 : संतोषजनक
101–200 : मध्यम
201–300 : खराब
301–400 : बेहद खराब
401–500 : गंभीर
दिल्लीवासियों के लिए फिलहाल मास्क पहनना, सुबह की सैर सीमित रखना और प्रदूषण वाले इलाकों में अनावश्यक बाहर निकलने से बचना ही बेहतर विकल्प माना जा रहा है।



