
मेरठ में प्रेम प्रसंग बना कत्ल की वजह, आरोपी का वीडियो वायरल
उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के हस्तिनापुर क्षेत्र से बदले और जुनून की एक बेहद सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिसने इलाके में दहशत फैला दी है। यहां प्रदीप नाम के एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी के कथित प्रेमी सुनील की सरेराह गोली मारकर हत्या कर दी। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इतना ही नहीं, हत्या के बाद आरोपी ने खुद का एक वीडियो जारी कर न सिर्फ अपना जुर्म कबूल किया, बल्कि अपनी पत्नी को भी जान से मारने की खुली धमकी दे डाली। फिलहाल पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।

बताया जा रहा है कि यह वारदात हस्तिनापुर इलाके में दिनदहाड़े उस समय हुई जब सुनील अपनी बाइक स्टार्ट कर रहा था। वायरल वीडियो में दिख रहा है कि आरोपी प्रदीप चेहरे पर सफेद कपड़ा बांधकर पीछे से आता है और अचानक सुनील की कमर में गोली मार देता है। गोली लगते ही सुनील जमीन पर गिर पड़ता है। इसके बाद भी प्रदीप नहीं रुका। उसने दोबारा तमंचा लोड किया और सुनील के सिर तथा कनपटी पर और गोलियां दाग दीं। कुछ ही सेकंड में सुनील की मौके पर ही मौत हो गई।
सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि जिस समय यह खौफनाक वारदात हो रही थी, वहां काफी लोग मौजूद थे। कई लोग इस पूरी घटना को देखते रहे, लेकिन किसी ने भी हमलावर को रोकने या घायल को बचाने की हिम्मत नहीं दिखाई। हत्या को अंजाम देने के बाद प्रदीप बेहद आराम से मौके से फरार हो गया।
वारदात के तुरंत बाद आरोपी ने एक वीडियो जारी किया, जो अब पुलिस के लिए अहम सबूत बन गया है। इस वीडियो में प्रदीप ने खुलेआम कहा कि उसे अपनी मौत की कोई परवाह नहीं है और वह सुनील को मारकर आया है। उसने यह भी दावा किया कि उसने 315 और 312 बोर के हथियार से तीन गोलियां चलाईं। वीडियो में वह हथियार भी दिखाता नजर आया और कहता है कि इन्हें नहर में फेंक देगा। उसने लोगों से वीडियो को ज्यादा से ज्यादा वायरल करने की अपील भी की।
यही नहीं, प्रदीप ने वीडियो में बेहद खौफनाक धमकी देते हुए कहा कि जो भी महिला घर छोड़कर भागेगी, उसका यही अंजाम करेगा। उसने अपनी पत्नी को भी मारने की बात कही और पुलिस अधिकारियों को चुनौती देते हुए वीडियो भेजने को कहा। आरोपी के इस बयान ने पूरे इलाके में डर का माहौल बना दिया है।
प्रदीप ने अपने वीडियो में मेरठ पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उसने दावा किया कि उसे न्याय नहीं मिला, इसलिए उसने कानून अपने हाथ में लिया। आरोपी ने कहा कि पुलिस ने उसकी कोई मदद नहीं की और उसे कोर्ट से जुड़े दस्तावेज तक नहीं दिए गए। उसने यह भी आरोप लगाया कि हस्तिनापुर पुलिस की लापरवाही ने उसे हथियार उठाने पर मजबूर किया। साथ ही उसने यह खुलासा भी किया कि उसे हथियार मानपुर के जीत सिंह और हनी सिंह नाम के लोगों ने उपलब्ध कराए थे।
पुलिस जांच में सामने आया है कि इस हत्या की जड़ में पुरानी रंजिश और प्रेम प्रसंग का मामला है। जानकारी के मुताबिक, सनौता निवासी प्रदीप की पत्नी पूनम का सुनील उर्फ सुरेंद्र के साथ कथित प्रेम संबंध था। करीब एक साल पहले पूनम और सुनील घर छोड़कर चले गए थे और दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली थी। इसी घटना के बाद से प्रदीप बेहद आक्रोश में था और सुनील से बदला लेने की बात खुलेआम कहता फिर रहा था। बताया जा रहा है कि वह पिछले डेढ़ साल से मौके की तलाश में था और आखिरकार उसने बुधवार को वारदात को अंजाम दे दिया।
घटना की सूचना मिलते ही बहसूमा थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसपी देहात अभिजीत कुमार और सीओ मवाना पंकज लवानिया ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच के निर्देश दिए हैं।
मृतक के चचेरे भाई विक्की की तहरीर पर पुलिस ने प्रदीप और उसके सहयोगियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस टीमों ने आरोपी के संभावित ठिकानों पर छापेमारी की, लेकिन वह अब तक फरार है। पुलिस को आशंका है कि वह अपने साथियों की मदद से कहीं छिपा हुआ है।
इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए बहसूमा थाने के अलावा हस्तिनापुर और फलावदा से अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए स्वाट टीम सहित कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। वहीं, इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग दिनदहाड़े हुई इस हत्या से सहमे हुए हैं।



