
हरियाणा में रिकॉर्ड तोड़ ठंड का कहर: गुरुग्राम 0.6°C के साथ सबसे सर्द, 12 जिलों में रेड अलर्ट
हरियाणा में उत्तर-पश्चिमी बर्फीली हवाओं और कड़ाके की ठंड ने जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। सोमवार को गुरुग्राम प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान महज 0.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह इस सर्दी के मौसम की अब तक की सबसे ठंडी रात मानी जा रही है।

मौसम विभाग ने हालात की गंभीरता को देखते हुए राज्य के 12 जिलों में शीतलहर और ठंडे दिन को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। घने कोहरे के चलते कई इलाकों में दृश्यता शून्य से 50 मीटर तक सिमट गई, जबकि चार जिलों में तापमान जमाव बिंदु के करीब पहुंच गया।
खेतों पर पाले की मार
दक्षिणी और पश्चिमी हरियाणा में ठंड और पाले का असर सबसे ज्यादा देखा गया। कई जिलों में खेतों में पाला जम गया, जिससे फसलों को नुकसान की आशंका बढ़ गई है। झज्जर जिले के गांव गोरिया सहित कई क्षेत्रों में सुबह के समय खेतों पर सफेद बर्फ जैसी परत नजर आई।
तापमान ने छुड़ा दिए पसीने
गुरुग्राम के बाद नारनौल में न्यूनतम तापमान 1.2 डिग्री, भिवानी में 1.5, सोनीपत में 1.6 और सिरसा में 1.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हिसार में पारा 2.6 डिग्री तक लुढ़क गया, जिससे पाले की स्थिति बनी रही।
कोहरे से थमी रफ्तार
घने कोहरे का असर रेल और सड़क यातायात पर भी पड़ा। प्रदेश में 25 से ज्यादा ट्रेनें देरी से चलीं, वहीं बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। राष्ट्रीय राजमार्ग-44 और 9 पर सुबह के समय वाहन रेंगते नजर आए।
हादसे ने ली जान
करनाल जिले के इंद्री क्षेत्र में कोहरे के कारण बड़ा हादसा हो गया। धूमसी गांव के पास एक कार अनियंत्रित होकर तालाब में गिर गई, जिसमें सवार युवक की डूबने से मौत हो गई।
आगे क्या कहता है मौसम
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद आसमान साफ होने और तेज उत्तर-पश्चिमी हवाओं के चलते तापमान में तेज गिरावट आई है। अगले 48 घंटे तक कई जिलों में ठंडे दिन बने रहने की संभावना है। हालांकि 14 जनवरी के बाद हल्के पश्चिमी विक्षोभ से न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है।

