
करनाल में रिश्तों को शर्मसार करने वाला हत्याकांड: पोते ने दोस्तों संग मिलकर दादा-दादी की गला दबाकर हत्या की
हरियाणा के करनाल जिले के असंध क्षेत्र में शनिवार देर रात हुए दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। इस जघन्य अपराध में मृतक बुजुर्ग दंपति के पोते समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पैसों की लालच में पोते ने अपने ही दादा-दादी की बेरहमी से हत्या कर दी, जिससे पूरे इलाके में दहशत और हैरानी का माहौल है।

मृतकों की पहचान 80 वर्षीय हरि सिंह और उनकी 75 वर्षीय पत्नी लीला के रूप में हुई है, जो पिछले 40 वर्षों से असंध इलाके में रह रहे थे। हरि सिंह इलाके के नंबरदार रह चुके थे और कबाड़ का काम करते थे। उनके दो बेटे हैं, जिनमें से एक पास ही रहता है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि 11 जनवरी की रात को उनका पोता रविंद्र अपने दो दोस्तों प्रदीप और गुलशन के साथ मुंह ढककर घर में घुसा। तीनों ने पहले बुजुर्ग दंपति के हाथ-पैर बांधे और फिर रविंद्र ने एक-एक कर दोनों का गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के दौरान दादी लीला ने मदद के लिए ‘रविंद्र बचा ले’ कहकर आवाज भी लगाई, लेकिन मुंह ढका होने के कारण वह अपने ही हत्यारे पोते को पहचान नहीं सकीं।
हत्या के बाद आरोपियों ने मृतकों के मुंह पर टेप लगाई और घर से नकदी लूटकर फरार हो गए। सोमवार सुबह जब परिवार के सदस्य रोहित घर पहुंचे तो अंदर का सामान बिखरा देख सच्चाई सामने आई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

