हरियाणा

टेलीग्राम टास्क ठगी का खुलासा: 4.12 लाख रुपये की साइबर धोखाधड़ी में डिलीवरी बॉय दबोचा गया

फरीदाबाद में ऑनलाइन टास्क के नाम पर की गई साइबर ठगी के मामले में पुलिस ने एक और कड़ी जोड़ दी है। साइबर थाना एनआईटी की टीम ने 4.12 लाख रुपये की धोखाधड़ी से जुड़े एक खाताधारक को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। आरोपी पेशे से डिलीवरी बॉय है और उसके खाते में ठगी की रकम में से 25 हजार रुपये जमा हुए थे।

पुलिस के अनुसार, पीड़ित से ठगी की शुरुआत व्हाट्सएप पर आए एक मैसेज से हुई। संदेश में होटल को ऑनलाइन रेटिंग देकर कमाई करने का लालच दिया गया। इसके बाद पीड़ित को एक टेलीग्राम ग्रुप से जोड़ा गया, जहां पेड टास्क कराने के बहाने उससे बैंक खाता खुलवाया गया।

ज्यादा मुनाफे का झांसा देकर लाखों की रकम निकलवाई

ठगों ने हर टास्क पर अधिक मुनाफे का भरोसा दिलाकर पीड़ित से अलग-अलग खातों में कुल 4 लाख 12 हजार रुपये ट्रांसफर करवा लिए। रकम भेजने के बाद भी उससे और टास्क करने का दबाव बनाया गया, लेकिन न तो कोई लाभ दिया गया और न ही पैसे लौटाए गए।

जांच में खाताधारक की भूमिका सामने आई

मामले की जांच के दौरान साइबर थाना एनआईटी पुलिस ने आरोपी हरीश यादव को उत्तर-पश्चिम दिल्ली के किराड़ी सुलेमान नगर, निठारी से गिरफ्तार किया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी ने जानबूझकर अपना बैंक खाता ठगों को इस्तेमाल के लिए दिया था।

पुलिस ने बताया कि आरोपी के खाते में ठगी की रकम में से 25 हजार रुपये आए थे। आरोपी दिल्ली में डिलीवरी बॉय के रूप में काम करता था। गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on X-twitter Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Back to top button