हरियाणा

शादी के कार्ड बांटकर लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत, ममेरा भाई घायल

झज्जर: बहन की शादी की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब शादी के कार्ड बांटकर लौट रहे एक युवक की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। हादसे में उसका ममेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। यह दुर्घटना बादली बाइपास के पास हुई, जहां एक तेज रफ्तार गाड़ी ने बाइक को टक्कर मार दी।

मृतक की पहचान मातन गांव निवासी 25 वर्षीय राहुल के रूप में हुई है, जबकि घायल युवक दिल्ली के बीकानेर निवासी आशीष बताया गया है। आशीष का इलाज फिलहाल अस्पताल में चल रहा है और उसकी हालत स्थिर बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार राहुल अपने ममेरे भाई आशीष के साथ बाइक पर सवार होकर धारुहेड़ा अपनी बहन के घर शादी के निमंत्रण पत्र बांटने गया था। कार्ड बांटने के बाद दोनों युवक अपने गांव मातन लौट रहे थे। इसी दौरान बादली बाइपास के नजदीक सामने से आ रही एक गाड़ी ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा होते ही आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल मदद की और एंबुलेंस बुलाकर दोनों को बहादुरगढ़ के सामान्य अस्पताल पहुंचाया। हालांकि रास्ते में ही राहुल की हालत बिगड़ गई और अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच करते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on X-twitter Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Back to top button