हरियाणा

गोहाना–सोनीपत हाईवे पर बड़ा हादसा टला, धान से लदा ट्रक पलटा

गोहाना–सोनीपत हाईवे पर बड़ौता फ्लाईओवर के नीचे शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। धान से भरा एक भारी ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। घटना की सूचना मिलते ही गोहाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात पर तुरंत काबू पाया।

हादसे के बाद हाईवे पर यातायात कुछ समय के लिए बाधित हो गया। पुलिस ने मौके पर मोर्चा संभालते हुए वाहनों को सुरक्षित रूप से निकाला और ट्रैफिक को नियंत्रित किया। बाद में दूसरी गाड़ी बुलाकर सड़क पर फैली धान की बोरियों को हटवाया गया, जिसके बाद यातायात सुचारू कराया गया।

ट्रक चालक सुरक्षित, पुलिस कर्मी भी बाल-बाल बचे

इस दुर्घटना में ट्रक चालक को कोई चोट नहीं आई और वह पूरी तरह सुरक्षित है। राहत की बात यह रही कि फ्लाईओवर के नीचे कुछ दूरी पर पुलिसकर्मी ड्यूटी पर मौजूद थे। सौभाग्य से हादसे के समय पुलिसकर्मी नाके पर लगे तंबू के बाहर थे, जिससे किसी तरह का जान-माल का नुकसान नहीं हुआ।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक सोनीपत की ओर से तेज रफ्तार में आ रहा था। फ्लाईओवर के नीचे पहुंचते ही चालक का संतुलन बिगड़ गया और ट्रक पलट गया। ट्रक के पलटते ही धान से भरी बोरियां सड़क पर फैल गईं।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि समय रहते स्थिति संभाल ली गई, जिससे एक बड़े हादसे को टाल दिया गया। यदि ट्रक कुछ दूरी आगे जाकर पलटता, तो नुकसान कहीं ज्यादा हो सकता था।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on X-twitter Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Back to top button