
बृजभूषण शरण सिंह को जन्मदिन पर मिला खास तोहफा, लंदन से आया ढाई करोड़ का रेस हॉर्स
गोंडा। उत्तर प्रदेश के कैसरगंज से पूर्व सांसद और बीजेपी के वरिष्ठ नेता बृजभूषण शरण सिंह का जन्मदिन इस बार भव्य आयोजनों और शक्ति प्रदर्शन को लेकर सुर्खियों में रहा। जन्मदिन के मौके पर गोंडा में राष्ट्र कथा का विशाल आयोजन किया गया, वहीं शहर में निकले काफिले ने भी लोगों का ध्यान खींचा। लेकिन इन सबके बीच सबसे ज्यादा चर्चा एक अनोखे गिफ्ट को लेकर हो रही है।

हरियाणा से आए एक दंपती ने बृजभूषण शरण सिंह को जन्मदिन पर लंदन से मंगाया गया करीब 2.5 करोड़ रुपये का कीमती घोड़ा भेंट किया। यह तोहफा हरियाणा के रेवाड़ी निवासी रविंद्र पाल सिंह चौहान और उनकी पत्नी संगीता सिंह चौहान ने दिया। दोनों खुद गोंडा पहुंचकर घोड़े के साथ समारोह में शामिल हुए। मंच पर बृजभूषण शरण सिंह ने उनके इस खास उपहार और घोड़ों के प्रति उनके प्रेम की सराहना की।
यह घोड़ा कई मायनों में बेहद खास बताया जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार यह अब तक 38 रेस में हिस्सा ले चुका है, जिनमें से 7 रेस जीत चुका है। इसके अलावा दो रेस में दूसरा, पांच में तीसरा और चार प्रतियोगिताओं में चौथा स्थान हासिल कर चुका है। रेसिंग करियर में यह घोड़ा अब तक करीब 22.41 लाख रुपये की इनामी राशि जीत चुका है।
बताया जा रहा है कि यह घोड़ा थोरो ब्रीड नस्ल का है। इसकी मां ‘द गुरखा’ आयरलैंड में रहती है। जन्म के समय इसकी कीमत लगभग 50 लाख रुपये आंकी गई थी, लेकिन रेसिंग में लगातार प्रदर्शन के बाद इसकी कीमत बढ़कर ढाई करोड़ रुपये तक पहुंच गई।
जन्मदिन समारोह में जब संगीता सिंह चौहान घोड़े की लगाम थामे मंच पर पहुंचीं और यह गिफ्ट सौंपा गया, तो यह पल कार्यक्रम का खास आकर्षण बन गया।

