
नाबालिग राष्ट्रीय शूटर ने कोच पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया, हरियाणा पुलिस ने दर्ज किया पोक्सो मामला
फरीदाबाद में 17 वर्षीय राष्ट्रीय स्तर की महिला शूटर की शिकायत पर हरियाणा पुलिस ने एक राष्ट्रीय शूटिंग कोच के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। पीड़िता का आरोप है कि दिसंबर 2025 में दक्षिण दिल्ली स्थित डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज में राष्ट्रीय प्रतियोगिता के दौरान उसके साथ यौन उत्पीड़न किया गया।

एफआईआर के मुताबिक, प्रतियोगिता समाप्त होने के बाद कोच ने प्रदर्शन की समीक्षा के बहाने उसे रुकने को कहा। बाद में उसे फरीदाबाद के सूरजकुंड क्षेत्र स्थित एक होटल की लॉबी में मिलने के लिए बुलाया गया। पीड़िता का कहना है कि वहां पहुंचने पर कोच ने कथित तौर पर दबाव बनाकर उसे अपने कमरे में बुलाया और प्रशिक्षण से जुड़ी चर्चा के नाम पर तीसरी मंजिल पर ले गया।
शिकायत में आरोप है कि जब खिलाड़ी ने घर लौटने की इच्छा जताई, तो कोच ने फिजियोथेरेपी के बहाने उसे जबरन लिटाया और उसके साथ दुष्कर्म जैसा कृत्य किया। विरोध करने पर उसे करियर बर्बाद करने की धमकी भी दी गई। घटना के बाद डर और सदमे के चलते उसने किसी को कुछ नहीं बताया, लेकिन व्यवहार में आए बदलाव को देखकर मां के पूछने पर उसने पूरी बात साझा की।
पीड़िता की मां की शिकायत पर एनआईटी फरीदाबाद महिला थाना पुलिस ने पोक्सो अधिनियम की धारा 6 और भारतीय न्याय संहिता की धारा 351(2) के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस ने होटल प्रशासन को सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने और सौंपने के निर्देश दिए हैं। फोरेंसिक और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जुटाने के लिए विशेष टीमें बनाई गई हैं और होटल स्टाफ समेत संभावित गवाहों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। आरोपी कोच से जल्द पूछताछ की संभावना जताई गई है।
उधर, नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया ने आरोपों को गंभीर बताते हुए जांच पूरी होने तक कोच को सभी जिम्मेदारियों से निलंबित कर दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष और तेज़ जांच की जा रही है तथा सभी सबूत सुरक्षित किए जा रहे हैं।

