
पंजाब में सर्दी का कहर जारी: अमृतसर में कोल्ड-डे, चंडीगढ़ समेत कई इलाकों में शीतलहर का ऑरेंज अलर्ट
पंजाब और चंडीगढ़ में कड़ाके की ठंड ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मौसम विभाग ने 8 जनवरी को भी शीतलहर और घने कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी रखा है। रात के साथ-साथ अब दिन के तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा रही है। बीते 24 घंटों में अधिकतम तापमान करीब 1.7 डिग्री सेल्सियस गिरा है, जो सामान्य से लगभग 6 डिग्री कम बना हुआ है।

बठिंडा सबसे ठंडा
राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान बठिंडा में 4.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अमृतसर में कोल्ड-डे की स्थिति रही, जबकि पटियाला, बठिंडा और हलवारा में घने कोहरे के चलते दृश्यता काफी कम रही। इससे सड़क पर चलने वाले वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
कई जिलों में शीतलहर और कोहरे की चेतावनी
बुधवार दोपहर कुछ समय के लिए धूप जरूर निकली, लेकिन तेज हवाओं ने ठंड का असर कम नहीं होने दिया। मौसम विभाग के अनुसार अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला में कुछ स्थानों पर घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।
वहीं पठानकोट, गुरदासपुर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा, बरनाला, मानसा, संगरूर, रूपनगर, एसएएस नगर (मोहाली) और मलेरकोटला में कई इलाकों में घना कोहरा रहने का अनुमान है।
नवांशहर, रूपनगर, पटियाला और मोहाली के कुछ हिस्सों में कोल्ड-डे की स्थिति बन सकती है, जबकि फाजिल्का, मुक्तसर, बठिंडा और मानसा में शीतलहर चलने की संभावना है। फिलहाल मौसम शुष्क रहने के आसार हैं।
अगले हफ्ते मिल सकती है राहत
मौसम विभाग का कहना है कि 13 जनवरी (लोहड़ी) तक येलो अलर्ट जारी रहेगा। 9 से 15 जनवरी के बीच पठानकोट, होशियारपुर, रूपनगर और मोहाली में अधिकतम तापमान 16 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। राज्य के अन्य हिस्सों में अधिकतम तापमान 18 से 20 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है।
हालांकि, न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा, जो सामान्य से काफी नीचे रहने का अनुमान है। ऐसे में लोगों को ठंड से बचाव के लिए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।


