राज्यवायरलहरियाणा

रेवाड़ी में बनाया जाए किसान व सैनिक सदन, ब्वॉयज कॉलेज के भवन का भी हो निर्माण

रेवाड़ी में बनाया जाए किसान व सैनिक सदन, ब्वॉयज कॉलेज के भवन का भी हो निर्माण

रेवाड़ी में बनाया जाए किसान व सैनिक सदन, ब्वॉयज कॉलेज के भवन का भी हो निर्माण
बजट सत्र के शून्य काल में रेवाड़ी विधायक ने रखी क्षेत्र की अनेकों लंबित मांगे
रेवाड़ी,ओमप्रकाश डाबला
प्रदेश के चल रहे बजट सत्र के शून्य काल की कार्यवाही के दौरान रेवाड़ी विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने क्षेत्र की अनेकों मांगों को प्रमुखता के साथ उठाया। इस मौके पर विधायक ने प्रदेश के मुख्यमंत्री नायाब सिंह सैनी से बातचीत कर क्षेत्र की मांगों को जल्द पूरा कराने का आग्रह किया। रेवाड़ी विधायक ने प्रदेशभर में हुए निकाय चुनाव में भाजपा की बनी ट्रिपल इंजन की सरकार पर प्रदेश के मतदाताओं का आभार भी जताया।
रेवाड़ी विधायक ने बजट सत्र के शून्यकाल में क्षेत्र की मांगों को प्रमुखता के साथ उठाते हुए कहा कि रेवाड़ी में जिला न्यायालय का भवन काफी छोटा है। भवन के पीछे एचएसवीपी की खाली जमीन है, वहां भवन का विस्तार कराकर नई बिल्डिंग बनाई जाए। साथ ही जिला सचिवालय का भवन भी छोटा है। जिसके चलते अनेकों कार्यालय बाहर बने हुए हैं। चूंकि रेवाड़ी एक कृषि प्रधान क्षेत्र हैं, इसलिए यहां कृषि सदन बनाया जाए, ताकि कृषि से संबंधित सभी विभागों के कार्यालय एक ही छत के नीचे आ जाए, ताकि किसानों को कोई परेशानी न आए तथा यह समय की बड़ी मांग भी है।
उन्होंने कहा कि अहीरवाल सैनिक बहुल क्षेत्र है। यहां का सैन्य इतिहास गौरव से भरा हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अपने चुनाव प्रचार का आगाज रेवाड़ी में आयोजित हुई पूर्व सैनिक रैली से किया था। इसलिए सरकार यहां एक सैनिक सदन का भी निर्माण कराएं, जहां सैनिकों से जुड़े तमाम कार्यालय एक साथ हो पाए, ताकि देश की रक्षा में अपना सबकुछ झोंकने वाले सैनिकों व उनके आश्रितों को कोई परेशानी न हो।
विधायक ने बताया कि रेवाड़ी-अलवर रेलवे लाइन के भाड़ावास रोड़ पर फ्लोइओवर बनाया जा रहा है। इस फ्लाइओवर के दोनों ओर साइडों में सर्विस लेन मात्र छह फिट छोड़ी गई है। जिसके चलते स्थानीय लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोग अपनी जमीन देने को तैयार है, सरकार जमीन अधिग्रहण कर इस मार्ग को चौड़ा कराने का कार्य करें, ताकि लोगों का आवागमन सुगम हो सके। श्री यादव ने कहा कि 2015 में पूर्व सीएम मनोहरलाल ने राजकीय ब्वॉयज कॉलेज की घोषणा की थी। इस कॉलेज की कक्षाएं तो शुरु हो गई है, लेकिन कॉलेज को भवन अभी तक नहीं मिल पाया है। सरकार जल्द से जल्द भवन बनाने का कार्य करें, क्योंकि हमने साढे आठ एकड़ जमीन चिन्हित कर विभाग को अवगत करा दिया है।
उन्होंने बताया कि खरखड़ा से भिवाड़ी जाने वाले 75 फुटा रोड़ का निर्माण अधूरा पड़ा है। जमीन अधिग्रहण होने के बावजूद यह कार्य पूरा नहीं हो पाया है। इस मार्ग को जल्द से जल्द पूरा कराया जाए। साथ ही नगर परिषद का भवन काफी पुराना जर्जर व छोटा है। यह भवन जल्द ही कंडम घोषित हो सकती है, इसलिए एचएसवीपी की दो एकड़ जमीन पर नया भवन बनाने के लिए बजट का प्रावधान किया जाए। उन्होंने यह भी मांग रखी कि शहर के अग्रसेन चौक से मोती चौक होते हुए झज्जर चौक तक के साथ-साथ शहर के रेलवे रोड़ तथा पुरानी सब्जी से मौहल्ला बारा हजारी तक की जर्जर सडक़ का भी निर्माण जल्द से जल्द कराया जाए।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on X-twitter Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Back to top button