
*लेफ्टिनेंट हर्ष यादव के सम्मान में गांव नठेड़ा में अभिनंदन समारोह आयोजित*
कोसली, 10 मार्च: ओमप्रकाश डाबला
गाँव नठेड़ा के सुपुत्र लेफ्टिनेंट हर्ष यादव, पुत्र मा. राजेश कुमार, माता श्रीमती अर्चना देवी को सेना में लेफ्टिनेंट पद पर ज्वाइन करने और गौरव पदक से सम्मानित होने के उपलक्ष्य में गाँव नठेडा के शिव मंदिर में उनके सम्मान में अभिनंदन समारोह का आयोजिन किया गया। इस अवसर पर लेफ्टिनेंट हर्ष यादव को बस स्टैंड कोसली से खुले जीप में डीजे पर देशभक्ति के गीतों के साथ युवाओं द्वारा नाचते-गाते विशाल मोटरसाइकिल काफिले के साथ अगवानी करते हुए गाँव के शिव मंदिर में लाया गया।
इस मौके पर वरिष्ठ भाजपा नेता वीर कुमार यादव की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने कहा कि हर्ष यादव ने ना केवल अपने माता-पिता व गाँव नठेड़ा का नाम रोशन किया है बल्कि उन्होंने समूचे कोसली क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि उन्हें भी हर्ष यादव से प्रेरणा लेनी चाहिए । भाजपा नेता ने कहा कि कोसली क्षेत्र सदैव सैनिकों की खान रहा है और यहां के नौजवान भारतीय फौज के साथ साथ हर क्षेत्र में आगे रहते हैं। गांव की मंदिर कमेटी ने लेफ्टिनेंट हर्ष यादव को सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया, वहीं वरिष्ठ भाजपा नेता वीर कुमार यादव ने भी शाल भेंट कर उनका अभिनंदन किया और आशीर्वाद दिया। गाँव के सरपंच मनोज कुमार , जिला पार्षद जीवनी , हितैषी, मा ललित कुमार, बीआरसी राजेंद्र यादव एवं युवा नेता प्रमोद शास्त्री व संजय राव के नेतृत्व में युवाओं ने भी फूल मालाओं से हर्ष का भव्य स्वागत किया । सुबेदार महेंद्र साहब व कमेटी के प्रधान रणबीर साहब ने कहा कि
लेफ्टिनेंट हर्ष यादव परिवार का गौरव और युवाओं के लिए प्रेरणा है।लेफ्टिनेंट हर्ष यादव के माता-पिता दोनों शिक्षक हैं। उन्होंने बताया कि हर्ष बचपन से ही पढ़ाई में होनहार रहा है, और सेना में जाना उसका बाल्यकाल से ही सपना था। कोसली क्षेत्र की देशभक्ति की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए हर्ष ने भी सेना में भर्ती होकर हमारे परिवार व क्षेत्र का मान बढ़ाया है।
इस अवसर पर अन्य गणमान्य व्यक्तियों, ग्रामीणों और युवा साथियों के अलावा भारी संख्या में महिलाऔं ने भी उपस्थिति दर्ज कराई और हर्ष यादव के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों ने लड्डू बांटकर खुशी का इजहार किया तथा हर्ष के माता-पिता ने भी अपने आवास पर बुलाकर सभी आगंतुकों को जलपान कराकर उनका आभार व्यक्त किया।
