
अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य पर डीएसपी कोसली श्री विद्यानंद ने चार गांवो का दौरा कर मौजिज व्यक्तियों व महिलाओं से किया संवाद।
नशा, साइबर फ्रॉड व महिला विरुद्ध अपराधों बारे किया जागरूक।
रेवाड़ी, संदीप डाबला
डीएसपी कोसली श्री विद्यानंद ने शनिवार को अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य पर अपने ग्रामीण भ्रमण के दौरान गांव नेहरुगढ़, झाल, झाड़ोदा व खेडी रामगढ के मौजिज व्यक्तियों व महिलाओ से संवाद किया। इस अवसर पर डीएसपी कोसली ने अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाए देते हुए महिलाओं को उनके अधिकारों और कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। डीएसपी कोसली श्री विद्यानंद ने कहा है की अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस हर वर्ष 8 मार्च को मनाया जाता है, विश्व के विभिन्न क्षेत्रो मे महिलाओ के प्रति सम्मान प्रकट करते हुए इस दिन को महिलाओ के आर्थिक, राजनितिक और सामाजिक उपलब्धियो के उपलक्ष्य मे उत्सव के तौर पर मनाया जाता है। यह दिवस उन महिलाओं को सम्मानित करने का दिन है जो अपने जीवन में सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक उपलब्धियाँ प्राप्त करने मे कडी मेहनत करती है। इस अवसर पर कोसली थाना प्रभारी निरीक्षक कश्मीर सिंह भी मौजूद रहे।
इस अवसर पर डीएसपी कोसली श्री विद्यानंद ने कहा कि पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय से ही अपराध एवं अपराधियों तथा गैरकानूनी धंधा करने वालों पर कारगर ढंग से अंकुश लगाया जा सकता है। पुलिस प्रशासन की ओर से नशे के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम में आमजन आगे आकर अपनी अग्रणी भूमिका निभाए तथा और अधिक भागीदारी सुनिश्चित करें ताकि नशे को समाज से पूरी तरह से खत्म किया जा सके। युवा अपनी ऊर्जा शिक्षा व खेलों में लगाएं तथा अपनी बेहतर प्रतिभा का प्रदर्शन कर अपने मां-बाप तथा इलाके का नाम रोशन करें। नशे को जड़ से समाप्त करने के लिए समाज के सभी लोगों को मिलकर सामूहिक प्रयास करना होगा, तभी हम पूरी तरह से नशा मुक्त एवं अपराध मुक्त समाज की स्थापना कर पाएंगे।
उन्होंने कहा कि नशा बेचने वालों की असली जगह जेल है इसलिए नशे का कारोबार करने वालों की सूचना निःसंकोच होकर पुलिस को दें, पुलिस प्रशासन ऐसी सूचना पर जल्द और कड़ी कार्रवाई करेगा। उन्होंने बैठक में आए मौजिज व्यक्तियों से पुलिस व आमजन के बीच सामंजस्य स्थापित करने व अपराधों को रोकने को लेकर सुझाव भी लिए तथा पुलिस की ओर से हरसंभव मदद का भरोसा दिया।
उन्होंने कहा आप सभी साइबर अपराधों से स्वयं को दूर रखे व सोशल मीडिया पर अन्जान लोगो से फ्रैंड व फॉलो रिक्वेस्ट असेप्ट ना करे, अपनी गोपनीय जानकारी किसी को ना दे। किसी भी साइबर अपराध के घटित होने की सूरत में तुरंत प्रभाव से हेल्पलाईन नं0 1930 पर काल करे या पुलिस की साइबर क्राइम की वेबसाइट http://www.cybercrime.gov.in पर भी अपनी शिकायत दर्ज करा सकते है।
उन्होंने कहा कि महिला विरुद्ध अपराधों पर पुलिस द्वारा सख्ती से कार्रवाई की जा रही है। महिला थाना व महिला हेल्पलाइन 1091 व डायल 112 पीड़िता की मदद के लिए है। महिलाएं कभी भी अपनी शिकायत दे सकती है। कहीं भी मनचलों व असामाजिक तत्वों द्वारा परेशान करने या कहीं भी जमावड़ा रहने पर इसकी जानकारी पुलिस को दें। पुलिस द्वारा मनचलों के विरुद्ध सख्ती से कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए मौजिज व्यक्तियों से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाने की अपील की।
.
