हरियाणा

Haryana News: हरियाणा के परिवहन मंत्री अनिल विज ने मात्र 5 रुपए में खाने की थाली सेवा की अम्बाला छावनी बस स्टैंड पर की शुरूआत

Haryana News: अम्बाला/चंडीगढ़, 03 फरवरी। हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि हरियाणा रोडवेज में प्रतिदिन तीन लाख यात्री व कर्मचारी सफर करते हैं तथा उन्हें अच्छा खाना उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किए जा रहे हैं। प्रदेश के पांच बस स्टैंडों पर ट्रायल तौर पर टूरिज्म विभाग द्वारा और बसों के यात्रियों को रेलवे की तर्ज पर खाना उपलब्ध कराने के लिए कार्य किया जा रहा है।

श्री विज आज अम्बाला छावनी बस स्टैंड पर आस्था फाउंडेशन द्वारा प्रारंभ की गई पांच रुपए में थाली सेवा की शुरुआत करने के उपरांत लोगों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने संस्था के कार्य की सराहना करते हुए उन्हें अपने स्वैच्छिक कोष से पांच लाख रुपए देने की घोषणा की।

परिवहन मंत्री ने बताया कि इस भोजना सेवा का लाभ यात्रियों, स्टाफ व रैन बसेरा में ठहरने वाले लोगों को मिलेगा। उन्होंने कहा कि हमारे सामने बस स्टैंड पर यात्री, कर्मचारी व रैन बसेरा में रहने वाले लोगों के लिए मात्र पांच रुपए में प्रात: 11 से दो बजे तक भोजन सुविधा आस्था फाउंडेशन द्वारा शुरू की गई है जिसकी आज शुरुआत की गई है।

उन्होंने कहा वह हर अच्छा कार्य करने वाले के साथ हैं और वह चाहते हैं कि सामाजिक संस्थाए आगे आए। सारा कार्य सरकारें नहीं कर सकती और लोगों को आगे आकर काम करना चाहिए।

दुर्घटनाओं में 80 फीसदी मानवीय चूक, इसलिए हाईवे पर रेस्ट हाउस बनाने की योजना : परिवहन मंत्री अनिल विज

अम्बाला बस स्टैंड पर दूर-दूर से यात्री आते हैं जिन्हें संस्था द्वारा अच्छा खाना उपलब्ध कराया जाएगा। सरकारी तौर पर भी निर्णय लिए जा रहे हैं और ट्रायल तौर पर पांच बस स्टैंडों पर टूरिज्म विभाग से अनुबंध कर रहे हैं जहां से खाना मुहैया कराया जाएगा। यदि यह कामयाब हुआ तो अन्य बस स्टैंड पर भी यह सुविधा होगी। इसके अलावा रेलवे की तर्ज पर हरियाणा रोडवेज में भी खाना उपलब्ध कराने की योजना है। रोडवेज में प्रतिदिन तीन लाख यात्री व कर्मचारी यात्रा करते हैं। उन्हें अच्छा खाना उपलब्ध कराने की योजना पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हाईवे पर हम रेस्ट हाउस बनाना चाहते हैं ताकि वाहन चालक, महिलाएं व यात्रियों को रिफ्रेश होने की बेहतर सुविधा मिल सके। आज जो दुर्घटनाएं हो रही है वह 80 प्रतिशत मानवीय चूक की वजह से हो रही है। मानवीय भूल चालक को आराम नहीं करने की वजह से हो रही है।

बसों के लिए बना रहे ट्रैकिंग सॉफ्टवेयर ताकि बसों की स्थिति का पता चल सके : परिवहन मंत्री अनिल विज

परिवहन मंत्री अनिल विज ने कहा कि बसों के लिए उन्होंने एक ट्रेकिंग सॉफ्टवेयर बनाने के आदेश दिए जिससे पता चल सके कि कौन सी बस कहां पर है। यह ऐप होगी जोकि यात्रियों के मोबाइल पर होगी। इस ऐप से यात्रियों को बसों की स्थिति के बारे में सटीक जानकारी मिलेगी।

उन्होंने कहा हम नई एसी व इलेक्ट्रिक बसों की खरीद कर रहे हैं। अम्बाला में लोकल रुट पर पांच इलेक्ट्रिक बसें लगाई गई हैं जबकि अन्य बसों का संचालन भी किया जा रहा है। उन्होंने कहा हम हरियाणा रोडवेज की व्यवस्था सुधारने पर कार्य कर रहे हैं।

हरियाणा परिवहन को परिवहन नहीं बल्कि “परी की बहन” बनाने की कोशिश : कैबिनेट मंत्री अनिल विज

परिवहन मंत्री अनिल विज ने कहा कि हरियाणा परिवहन को परिवहन नहीं बल्कि “परि की बहन” कहे और ऐसी कोशिश की जा रही है। सुधार करने में दिक्कत आती है मगर सभी मिलकर परिवहन विभाग का सुधार करेंगे।

उन्होंने कहा अन्य शहरों में भी संस्थाए खाना उपलब्ध कराए तो ऐसी व्यवस्था की जा सकती है। उन्होंने आस्था फाउंडेशन के कार्यों की प्रशंसा की।

इससे पहले कार्यक्रम में पहुंचे कैबिनेट मंत्री अनिल विज का जोरदार स्वागत किया गया। इस अवसर पर एसडीएम सतेंद्र सिवाच, रोडवेज जीएम अश्विनी डोगरा के अलावा आस्था फाउंडेशन के अध्यक्ष संदीप आनंद, भाजपा नेता ललता प्रसाद, विपिन खन्ना, बलविंद्र शाहपुर, राजीव गुप्ता, रवि चौधरी, हर्ष बिंद्रा, रवि बुद्धिराजा, मोहित कौशिक, संजीव सोनी, आशीष अग्रवाल, भरत कोछड़, के अलावा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

वहीं, कार्यक्रम के उपरांत पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि आस्था फाउंडेशन द्वारा यात्री, बस स्टाफ व रैन बसेरा में रहने वाले लोगों के लिए मात्र पांच रुपए में भोजन उपलब्ध कराने की व्यवस्था की शुरूआत की है। यह प्रतिदिन साढ़े 11 से दो बजे तक सेवा उपलब्ध कराएंगे। उन्होंने कहा समाजिक संस्थाए अन्य शहरों में यह व्यवस्था शुरू करना चाहती है तो वह आगे आए। उनका मकसद यात्रियों व स्टाफ को साफ व स्वच्छ खाना उपलब्ध कराना है।

उधर, मंत्री अनिल विज ने नाराजगी के सवाल पर कहा कि उनकी कोई नाराजगी नहीं है, उन्होंने टविट किया है उसे वह पढ़ लें। वहीं एक अन्य प्रश्न पर उन्होंने कहा कि वह कार्यकर्ताओं के साथ बैठकर उनकी बात सुनेंगे।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on X-twitter Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Back to top button