
Rewari News: भाजपा के 5 मंडल अध्यक्ष सर्वसम्मति से निर्वाचित, रेवाड़ी जिले की बड़ी खबरें
Rewari News: भाजपा के 5 मंडल अध्यक्ष सर्वसम्मति से निर्वाचित, रेवाड़ी जिले की बड़ी खबरें
रेवाड़ी/कोसली 30 जनवरी।ओमप्रकाश डाबला
भाजपा के संगठन पर्व के तहत कोसली विधानसभा के 5 मंडल अध्यक्ष एवं बावल विधानसभा के बिठवाना मंडल का मंडल अध्यक्ष सर्वसम्मति से नियुक्त किया गया। बैठक में बूथ अध्यक्षों ने अपने अपने मंडल में एक ही नाम पर सहमति बना मंडल अध्यक्ष की नियुक्ति सर्वसम्मति से की।
सभी छह मंडलों में प्रस्तावक, समर्थकों के हस्ताक्षर करवा कर फार्म भरे व निर्विरोध निर्वाचन की प्रक्रिया संपन्न की गई, जिनमें सुरेन्द्र को जाटूसाना मण्डल, अनूप सिंह को कोसली मंडल का, हरीश कुमार को नाहड़ मंडल का, गोपीचंद को डहीना मंडल का, सविता यादव को बेरली मंडल का तथा बलराज यादव सरपंच को बिठवाना मंडल अध्यक्ष का दायित्व दिया गया। इन नियुक्तियों के बाद कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल रहा।
भाजपा जिला अध्यक्षा वंदना पोपली ने कहा कि जिले में कुल 15 मंडल हैं, जिनमें से अब तक 13 मंडल के मंडल अध्यक्ष निर्वाचित हो गए है। उन्होंने कहा कि भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनैतिक पार्टी ही नहीं, विश्व की सबसे अधिक अनुशासित व लोकतांत्रिक पार्टी भी है। मंडल अध्यक्ष के चुनावों में सर्वसम्मति से नियुक्ति होना संगठन के अनुशासन को दिखाता है। उन्होंने कहा कि मंडल अध्यक्ष पद न हो कर एक दायित्व है।
नवनियुक्त मंडल अध्यक्षों ने जिला अध्यक्ष और पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने पार्टी को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने का संकल्प लिया है।
इस अवसर पर पूर्व जिला अध्यक्ष हुकमचंद यादव, जिला सह चुनाव अधिकारी बलजीत यादव व प. हिमांशु पालीवाल, प्रवीण शर्मा, प्रदीप बववा, रामदत्त भरद्वाज, रामकंवार यादव, इंदर राव सहित अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता व बूथ अध्यक्ष मौजूद थे।
नेहरूगढ़ (गामड़ी) में विशाल निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन
रेवाड़ी/कोसली, 30 जनवरी : उपमंडल कोसली के गांव नेहरूगढ़ (गामड़ी) में विजय एकता मंच द्वारा वेणु नेत्र संस्थान, नई दिल्ली के सहयोग से एक विशाल निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्घाटन एसडीएम कोसली विजय कुमार यादव ने रिबन काटकर किया।
एसडीएम विजय कुमार यादव ने समाजसेवी विजय गुडियानी द्वारा किए जा रहे समाजसेवा कार्यों की सराहना की और ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को इस तरह की सुविधाएं उपलब्ध कराने की प्रशंसा की।
समाजसेवी विजय गुडियानी ने बताया कि यह उनका 22वां नेत्र जांच शिविर था। जिसमें कुल 312 मरीजों की नेत्र जांच की गई और 90 लोगों को निःशुल्क चश्मे वितरित किए गए। शिविर में मोतियाबिंद मरीजों की मुफ़्त जांच और बिना टांके के लेंस प्रत्यारोपण ऑपरेशन की सुविधा दी गई। मरीजों को फ्री दवाइयां, बीपी और शुगर की जाँच भी उपलब्ध करवाई गई है। समाजसेवी विजय गुडियानी ने बताया कि मोतियाबिंद के मरीजों को इलाज के लिए निःशुल्क वेणु आई अस्पताल, दिल्ली भेजने, उनके रहने, खाने और वापसी की व्यवस्था विजय एकता मंच द्वारा की जाती है। शिविर की संपूर्ण व्यवस्था मास्टर सतीश यादव द्वारा की गई, जबकि मंच संचालन ओमप्रकाश डाबला ने किया। समाजसेवा में समर्पित विजय गुडियानी ने बताया कि भविष्य में भी ऐसे ही और शिविर आयोजित किए जाएंगे ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के अधिक से अधिक लोगों को नेत्र स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
अपराध तथा अपराधियों व गैरकानूनी धंधा करने वालों से सख्ती से निपटे, किसी भी हाल में अपराधी को न बख्शा जाए,पीड़ित को तत्पर न्याय दिलाने की प्राथमिकता के आधार पर करें कार्यवाही।
रेवाड़ी/कोसली 30 जनवरी ओमप्रकाश डाबला
पुलिस अधीक्षक रेवाड़ी डॉ मयंक गुप्ता, आईपीएस की अध्यक्षता में वीरवार को जिला पुलिस लाईन के मीटिंग हाल में जिला पुलिस के सभी डीएसपी, इंचार्ज अपराध शाखा, सभी थाना प्रबंधक और सभी चौकी प्रभारियो के साथ जिला स्तरीय अपराध व कानून एवं व्यवस्था की समीक्षा गोष्ठी का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक रेवाड़ी डॉ मयंक गुप्ता कहा कि अपराध तथा अपराधियों व गैरकानूनी धंधा करने वालों से सख्ती से निपटे, किसी भी हाल में अपराधी को न बख्शा जाए पीड़ित को तत्पर न्याय दिलाने की प्राथमिकता के आधार पर करें कार्यवाही। साथ ही उन्होंने नशे की बिक्री पर रोक लगाने के लिए पुख्ता प्रबंध करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों को गंभीरता से ले और तुरंत कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि साइबर ठगी से बचने के लिए आमजन को जागरूक करें। मीटिंग के दौरान पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना एवं क्राइम यूनिट प्रभारियों से कहा की नशा के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में और तेजी लाएं तथा विभिन्न प्रकार के नशा बेचने वालों की जन सहयोग से सूचना प्राप्त कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें तथा मादक पदार्थ तस्करी के मुख्य स्रोत तक शिकंजा कसें। उन्होंने कहा की विभिन्न मामलों में वांछित आरोपियों की धरपकड़ तेज की जाए तथा अदालतों में चल रहे विभिन्न मुकदमों की बेहतर ढंग से पैरवी की जाए ताकि अपराध करने वाला व्यक्ति किसी भी सूरत में सजा से बच न पाए। पुलिस अधीक्षक ने मीटिंग के दौरान सभी थाना प्रभारियों से उनके थाना की प्रगति रिपोर्ट के बारे में जानकारी ली तथा लंबित मामलों को शीघ्र निपटाने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि समय समय पर थाना एवं क्राइम यूनिट प्रभारियों के कामकाज की समीक्षा की जाएगी। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि किसी भी अपराध के घटित होने पर तत्काल कार्रवाई करें ताकि कोई घटना बड़ा मुद्दा ना बन पाए। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि अपराध और अपराधियों खिलाफ शिकंजा कसने के लिए नए लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें पूरा करें। उन्होने बताया कि अच्छा कार्य करने वाले पुलिस कर्मियों को सम्मानित भी किया जाएगा परंतु भ्रष्टाचार, काम में लापरवाही व कोताही किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक ने आर्थिक अपराध और धोखाधड़ी के मामलों, लूट व चोरी की घटनाओं, आपराधिक छवि के व्यक्तियों की निगरानी, अवैध हथियार और मादक पदार्थ तस्करों पर कड़ी कार्रवाई के आदेश दिए। उन्होंने एसएचओ ट्रैफिक को निर्देश दिए कि वह ट्रैफिक पर विशेष ध्यान देकर जाम की स्थिति पैदा न होने दें।
पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने वालो, शराब पीकर गाड़ी चलाने वालो, बुलेट पटाखा फोडने वालो व ध्वनि प्रदूषण कर हुड़दंग करने वालो पर सख्त कार्रवाई करें।
इस अवसर पर डीएसपी हेडक्वार्टर डॉ रविन्द्र सिंह, डीएसपी सिटी रेवाड़ी श्री जोगेंद्र शर्मा, डीएसपी बावल श्री सुरेन्द्र श्योराण, डीएसपी कोसली श्री विद्यानंद, डीएसपी ट्रैफिक श्री विनोद शंकर सहित सभी थाना प्रबन्धक, सभी चौकी ईन्चार्ज, सभी सीआईए ईन्चार्ज व सभी ईन्चार्ज कार्यालय पुलिस अधीक्षक रेवाड़ी मौजूद रहे।

