
Haryana News: अजय पॉलीमर्स के कार्मिक प्रबंधक सूरजभान यादव को हरियाणा सरकार ने किया सम्मानित, इंडस्ट्रियल सेफ्टी सेमिनार में मिले अवार्ड
Haryana News: हरियाणा के गुरुग्राम में इंडस्ट्रियल सेफ्टी सेमिनार में अजय पॉलीमर्स के कार्मिक प्रबंधक सूरजभान यादव को हरियाणा सरकार की ओर से सम्मानित किया गया है। हरियाणा के श्रम विभाग के प्रधान सचिव राजीव रंजन ने सूरजभान यादव को ये सम्मान दिया। आपको बता दें कि गुरूग्राम में आयोजित इस कार्यक्रम में हिसार जिले को कुल चार अवार्ड मिले, जिसमें अजय पॉलीमर्स को दो अवार्ड मिले।

अजय पॉलीमर्स के कार्मिक प्रबंधक सूरजभान यादव के करियर की बात करें तो उन्होंने जहां भी काम किया, वहां पर उस कंपनी को अवार्ड से सम्मानित किया गया है। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने प्रकाश पाइप्स, एचपी कॉटन, अरावली पाइप्स को एक-एक के साथ साथ अजय पॉलीमर्स को 3 अवार्ड दिलवाए है। अब तक सूरजभान यादव ने अलग अलग संस्थानों में कुल 6 अवार्ड जीते है।

वहीं कार्यक्रम की बात करें तो इस दौरान श्रम विभाग के प्रधान सचिव राजीव रंजन ने कहा है कि प्रत्येक उद्यमी की यह प्राथमिकता होनी चाहिए कि वो अपनी फैक्ट्री या प्रतिष्ठान में सुरक्षा के मानकों को सर्वाधिक अहमियत देगा। उन्होंने कहा कि सुरक्षित वातावरण में ही एक उद्योग निश्चित गति से उन्नति की ओर आगे बढ़ सकता है।

प्रधान सचिव राजीव रंजन गुरुग्राम अपरेल हाऊस में श्रम विभाग की ओर से कारखानों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में सुरक्षा एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरुकता कार्यक्रम को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। प्रदेश स्तरीय इस कार्यक्रम में विभिन्न जिलों से आए 50 उद्यमियों तथा व्यापारिक प्रतिष्ठान के संचालकों को सुरक्षा, स्वास्थ्य के क्षेत्र में किए गए सुधारों व सराहनीय कार्य के लिए पुरस्कृत किया गया।

