हरियाणा

Haryana News: हरियाणा की 28 जनवरी की बड़ी खबरें, पढ़िए एक क्लिक में

Haryana News: हरियाणा की 28 जनवरी की बड़ी खबरें, पढ़िए एक क्लिक में

वजीराबाद के प्लांट को अपग्रेड करने के लिए दिल्ली सरकार ने नहीं उठाया कोई कदम

अपनी नाकामी का ठीकरा दूसरों पर फोड़ रहे अरविंद केजरीवाल:  नायब सिंह सैनी

दिल्ली को सीएलसी और दिल्ली शाखा के माध्यम से दिया जा रहा साफ पानी

हरियाणा से दिल्ली को हो रही 1049 क्यूसेक पानी की सतत आपूर्ति: मुख्यमंत्री

चंडीगढ़ 28 जनवरी – हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री श्री अरविंद केजरीवाल द्वारा जहरीले पानी का बयान आम आदमी पार्टी द्वारा आगामी दिल्ली विधानसभा चुनावों में मतदाताओं को प्रभावित करने और अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए बनाया गया एक राजनीतिक हथकंडा है। हमने इस मामले की शिकायत चुनाव आयोग से की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी को पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करना एक सामूहिक जिम्मेदारी है, जिसे हरियाणा बिना किसी कमी के पूरा कर रहा है।

मुख्यमंत्री ने दिल्ली सरकार की विफलता की पोल खोलते हुए कहा कि साल 2021 में, दिल्ली ने एक याचिका दायर की, जिसमें केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) ने जवाब दिया। इस जवाब में बताया गया कि वजीराबाद तालाब में अमोनिया नाइट्रोजन की समस्या है। साथ ही यह भी बताया गया कि आगरा में एक वाटर ट्रीटमेंट प्लांट है, जो 24 एमजी/एल तक अमोनिया वाले पानी को साफ कर सकता है। लेकिन, दिल्ली सरकार ने अभी तक वजीराबाद के इस प्लांट को अपग्रेड करने के लिए कोई कदम नहीं उठाया है। इसी का नतीजा है कि दिल्ली के लोग आज भी गंदा पानी पीने को मजबूर है लेकिन अरविंद केजरीवाल अपनी नाकामी छुपाने के लिए अब हरियाणा पर दोषारोपण कर रहे हैं।

श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा के लोग यमुना नदी को माँ का स्थान देते हैं। यमुना हरियाणा और दिल्ली दोनों के लिए जीवनदायिनी है, और इसकी पवित्रता बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का यमुना के पानी में जहर मिलाने का आरोप हरियाणा और उसके लोगों की आस्था का अपमान है। हरियाणा के लोग यमुना को एक पवित्र नदी मानते हैं और इसकी पूजा करते हैं। उन्होंने कहा कि केजरीवाल के आरोप न केवल आधारहीन है, बल्कि हमारी सांस्कृतिक परंपराओं और मान्यताओं का भी अपमान है।

श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि दिल्ली को यमुना और रावी-व्यास के हिस्से के पानी से मुनक में 1049 क्यूसेक पीने के पानी की आपूर्ति होती है। हरियाणा इस पानी को दो नहरों कैरियर लाइन चैनल (सीएलसी) और दिल्ली शाखा के माध्यम से दिल्ली को लगातार सप्लाई कर रहा है। वर्ष 2014 में कैरियर लाइन चैनल के चालू होने के बाद से, हरियाणा किसी भी नाले या यमुना नदी के माध्यम से दिल्ली को कोई पानी नहीं देता है और केवल सीएलसी और दिल्ली शाखा की नहर प्रणाली के माध्यम से दिल्ली को साफ पानी सप्लाई किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार दिल्ली को सप्लाई किए जा रहे जल की शुद्धता और इसकी सतत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि 7 से 13 जनवरी 2021 के बीच, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने यमुनानगर (हरियाणा) से लेकर वजीराबाद (दिल्ली) तक पानी की जांच की और प्रदूषण के मुख्य कारणों को जांचा। जांच में पाया गया कि पल्ला और वजीराबाद के बीच गंदा पानी अवैध रूप से छोड़ा जा रहा है। वजीराबाद तालाब में तलछट जमा होने से अमोनिया नाइट्रोजन की मात्रा बढ़ रही है। दिल्ली सरकार ने 2021 से अब तक सीपीसीबी की इस रिपोर्ट पर कोई कदम नहीं उठाया। दिल्ली सरकार द्वारा ना तो पल्ला और वजीराबाद के बीच गंदे पानी के अवैध निर्वहन को रोका गया है और ना ही वजीराबाद तालाब की सफाई के लिए कोई प्रयास किया गया है। मुख्यमंत्री ने नागरिकों से अनुरोध करते हुए कहा कि वे जल संरक्षण को प्राथमिकता दें और जल संसाधनों का विवेकपूर्ण उपयोग करें। जल की बचत न केवल वर्तमान बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी महत्वपूर्ण है।

प्रदेश सरकार द्वारा हर क्षेत्र और हर वर्ग के हित में चलाई जा रही है योजनाएं- कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा

 रादौर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों का किया दौरा

 लोगों की सुनी समस्याएं, दिया जल्द समाधान करने का आश्वासन

चंडीगढ़, 28 जनवरी- हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण, मत्स्य व पशुपालन मंत्री श्री श्याम सिंह राणा ने आज यमुनानगर के गांव भागु माजरा, खेड़ी लक्खा सिंह, नगला सादान, बैंडी, कुंजल जटान, हाफिजपुर, ईस्माइलपुर तथा टोपरा कलां का धन्यवादी दौरा कर हलके की जनता का आभार व्यक्त किया। विधानसभा क्षेत्र के गांवों में पहुंचने पर गांवों के लोगों ने उनका पुष्प गुच्छ व फूल-मालाएं पहनाकर जोरदार स्वागत किया।

कैबिनेट मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि बच्चों के लिए पढ़ाई के साथ-साथ खेलों का भी महत्व है। उन्होंने कहा कि बच्चों को पढ़ाओं और उन्हें बुरी आदतों, नशा आदि से बचाओ। उन्होंने गांव के सरपंचों को  लाइब्रेरी बनाने के लिए प्रेरित किया। बच्चे अगर अच्छा पढ़ेंगे तो उन्हें बिना खर्ची-बिना पर्ची के अच्छी नौकरी मिल सकती है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सभी वर्गों को साथ लेकर हरियाणा को और आगे ले जाने का काम किया जाएगा। प्रदेश सरकार हर वर्ग के उत्थान के लिए कृतसंकल्प है। हमारी सरकार ने अपने शासनकाल में सभी विधानसभा क्षेत्रों में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य करवाए हैं और आगे भी इसी नीति पर चलते हुए विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर करवाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि जो विकास कार्य रह गए है या अधूरे पड़े हैं उन सभी विकास कार्यों को जल्द पूरा कर दिया जाएगा ताकि जनता को उनका लाभ मिल सकें। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा हर क्षेत्र में हर वर्ग के हित में योजनाएं बनाई जा रही है तथा महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में भी विशेष रूप से कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने सभी को भाई-चारे और एकता के साथ रहने का संदेश दिया।

कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री ने कहा कि जिस विश्वास व उम्मीद के साथ हलके की जनता ने उन्हें प्यार व मान-सम्मान देकर अपना जनप्रतिनिधि चुना है उसका वे दिल से धन्यवाद करते हैं और वे हलके की जनता को विश्वास दिलाते हैं कि वे जनता के विश्वास व उनकी उम्मीदों पर खरा उतरेंगे और विकास कार्यों में कमी नहीं आने देंगेे। उनका ध्येय जनता की समस्याओं के समाधान एवं हलके में अधिक से अधिक विकास कार्य करवाने पर रहेगा। उन्होंने कहा कि यह मेरी जीत नहीं बल्कि हलके की जनता की जीत है। उन्होंने इस दौरान लोगों की समस्याएं भी सुनी और उनका शीघ्र समाधान करवाने का आश्वासन भी दिया।

देश के विकास में उद्योगों का अहम योगदान- उद्योग, पर्यावरण एवं वन मंत्री राव नरबीर सिंह

टैक्साईल एसोसिएशनों के पदाधिकारियों ने मंत्री के समक्ष रखी इंडस्ट्री से जुड़ी मांगे

चंडीगढ़, 28 जनवरी- हरियाणा के उद्योग, वाणिज्य, पर्यावरण एवं वन मंत्री श्री राव नरबीर सिंह ने आज पानीपत में स्थानीय अनाज मंडी में पीएचडीसीसीआई द्वारा आयोजित होम टैक्सटाइल प्रदर्शनी का विधिवत रूप से रिबन काट कर उद्घाटन किया व प्रदर्शनी का अवलोकन कर आधुनिक मशीनों द्वारा तैयार उत्पादों की जानकारी ली।

उद्योग मंत्री श्री राव नरबीर सिंह ने प्रदर्शनी के अवलोकन के बाद टैक्साईल एसोसिएशनों के पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि कृषि उत्पादन के साथ-साथ उद्योग की तरक्की भी देश की तरक्की में अहम भूमिका निभाती है। छोटे-छोटे देशों की ग्रोथ अच्छी खासी है। इसके पीछे यही कारण है कि वहां के लोगों द्वारा उद्योग को बढ़ावा दिया जाता है।

उन्होंने कहा कि उद्योग को और अधिक मजबूत बनाने को लेकर जो नई उद्योग पॉलिसी बनाई जा रही है उसमें उद्यमियों को मिलने वाली सुविधाओं का ध्यान रखा जा रहा है। इसके निर्माण को लेकर उद्योगपतियों की राय भी ली जा रही है। उद्योगपतियों पर किसी भी तरह से नई पॉलिसी को थोपा नहीं जाएगा। सबका सहयोग लेकर नई पॉलिसी का निर्माण किया जाएगा।

उद्योग मंत्री श्री राव ने कहा कि हरियाणा उद्योग के लिए बहुत ही अच्छी जगह है। यहां कानून व्यवस्था बहुत ही अच्छी है। प्रदेश में उद्योगों के लिए अच्छा वातावरण है। उद्यमियों को लोगों का पूरा सहयोग मिलता है। केंद्र सरकार द्वारा उद्योगों को लेकर प्रदेश में अनेक योजनाएं प्रस्तावित है जिन पर जल्दी कार्य होगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह के नेतृत्व में सरकार प्रदेश में विकास को लेकर नई गति प्रदान कर रही है। प्रदेश की जनता ने अच्छा बहुमत देकर जिस तरह से भारतीय जनता पार्टी का मान सम्मान बढ़ाया है उसके नतीजे भी प्रदेश की विकास को लेकर अच्छे होंगे।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में किसी भी तरह की विकास को लेकर कटौती नहीं की जाएगी। पलायन की जो स्थिति बनी हुई थी उसको लेकर समाधान करने की कोशिश की गई है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण को लेकर हमें और महत्वपूर्ण कदम उठाने होंगे। प्रदेश में पॉलिथीन का बनाना व उसका इस्तेमाल करना पूरी तरह से बंद है। इस पर अधिकारियों को और मजबूती से कार्य करना होगा। पॉलिथीन का उपयोग स्वास्थ्य के लिए भी घातक है व इसको गलने में 400 साल का समय लग जाता है। हमें इस पर गौर करना चाहिये। अगर इसी तरह हम पालिथिन का उपयोग करते रहे तो 16 पीढिय़ां गुजर जाने तक भी पॉलिथीन खत्म नहीं हो सकता।

324 क्रेच केंद्रों का उद्घाटन करने पर मंत्री श्रुति चौधरी ने जताया सीएम का आभार

 बच्चों के विकास हेतु क्रेच में उपलब्ध होंगी वांछित सुविधाएं

 क्रेच केंद्रों पर प्रति वर्ष लगभग साढ़े 12 लाख रूपए खर्च होने का अनुमान

चंडीगढ़ , 28 जनवरी- हरियाणा की महिला एवं बाल विकास तथा सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी ने मुख्यमंत्री नायब सैनी का 324 क्रेच केन्द्रों का उद्घाटन करने पर आभार व्यक्त किया।

कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा कि कहा कि कामकाजी महिलाओं को ध्यान में रखते हुए प्रदेश के सभी जिलों में 6 महीने से लेकर 6 साल तक के बच्चों की देखभाल के लिए क्रेच खोले जा रहे हैं।

क्रेच एक ऐसी सुविधा है, जहां कामकाजी महिलाएं अपने बच्चों को छोडक़र काम पर जा सकती हैं। के्रच में बच्चों को सुरक्षित और पौष्टिक भोजन मिलता है और उन्हें शैक्षिक गतिविधियां भी कराई जाती हैं। क्रेच की वजह से महिलाएं अपने केरियर को जारी रख सकती हैं और अपने बच्चों की देखभाल की जिम्मेदारी भी संभाल सकती हैं। क्रेच सुविधा से कामकाजी महिलाओं को मिलने वाली राहत का जिक्र करते हुए महिलाएं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा कि क्रेच से महिलाओं को अपने करियर और पारिवारिक जिम्मेदारियां को संतुलित करने में मदद मिलती है और निश्चित रूप से उनका तनाव भी कम होता है। उन्होंने कहा कि क्रेच एक ऐसा स्थान है जहां बच्चों का समग्र विकास होता है।

सरकार के 100 दिन पूरे होने पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 324 क्रेच केंद्रों का उद्घाटन किया है। इनमें भिवानी के 21, करनाल के 43, सोनीपत के 7, यमुनानगर के 33, पानीपत के 19, पंचकूला के 10, कैथल के 18, गुरुग्राम के 11, फरीदाबाद के 8, जींद के 19, अंबाला के 9, कुरुक्षेत्र के 13, नूंह के 4, महेंद्रगढ़ के 9, पलवल के 15, रेवाड़ी के 15, फतेहाबाद के 17, चरखी दादरी के 4, रोहतक के 7, झज्जर के 9, सिरसा के 15 व हिसार के 18 क्रेच शामिल है।

श्रुति चौधरी ने बताया कि हरियाणा क्रेच केन्द्र (स्टैण्डलोन क्रेच) और आंगनवाडी-कम-क्रेच केंद्रों की कुल सालाना लागत लगभग साढ़े 12 लाख रुपये आएगी। महिला एवं बाल विकास विभाग हरियाणा ने मोबाइल क्रेच संगठन के साथ एक समझौता किया हुआ है ताकि आधुनिक सुविधाओं के साथ गुणवत्तापूर्ण क्रेच स्थापित किए जा सकें। इन शिशु गृहों का निर्माण,  संरचना और प्रबंधन भी इस तरह से किया गया है जहां बच्चों को किसी भी तरह की कोई परेशानी न हो। हर क्रेच में छ: महीने से लेकर छ: साल तक के अधिकतम 25 बच्चों की देखभाल की समुचित व्यवस्था की गई है, जहां 8 घंटे से लेकर जरूरत पड़ने पर 10 घंटे तक के लिए इन बच्चों को रखने का प्रावधान है। रसोई और शौचालय की अनिवार्यता रखी गई है। यहाँ पंखे और बिजली की सुविधा, पेयजल और साफ-सफाई आदि के साथ-2 पीने के पानी की पर्याप्त व्यवस्था के अलावा बच्चों के लिए सुरक्षा संबंधी एहतियातों और दिशा-निर्देशों का भी खास ध्यान दिया जाता है। सभी कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण, चाइल्ड फ्रेंडली बच्चों को वातावरण मिले साथ ही बच्चों के मुख्य विकास के सभी पहलुओं पर कैसे बेहतर तरीके से कार्य करना है इसमें मोबाइल क्रेच विभाग का पूरा सहयोग कर रहा है।

कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा कि क्रेच नीति के तहत व बढ़ती उपयोगिता को ध्यान में रखते हुए महिला एवं बाल विकास विभाग निरंतर इनकी संख्या बढ़ाने में लगा है। पूरे प्रदेश में 500 क्रेच खोलने की घोषणा की गई थी उसी के तहत 324 क्रेच का अब उद्घाटन किया गया जबकि 30 क्रेच पहले से ही संचालित है। ऐसे में 354 क्रेच महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से खोले जा चुके हैं। इसके लिए विभिन्न जिलों में क्रेच वर्कर , हेल्पर,  सुपरवाइजर और सीडीपीओ के लिए भी प्रशिक्षण सत्रों का आयोजन किया जा रहा है ताकि प्रदेश सरकार द्वारा निर्धारित लक्ष्य को जल्द  पूरा किया जा सके।

शिक्षा बोर्ड ने डी.एल.एड. छात्र-अध्यापकों को दिया मर्सी चांस

चंडीगढ़ , 28 जनवरी –  हरियाणा विद्यालय विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी द्वारा डी.एल.एड. प्रवेश वर्ष 2020 व 2021 के छात्र-अध्यापकों को फरवरी-2025 में संचालित होने वाली परीक्षा में  मर्सी चांस दिया गया है।

यह जानकारी देते हुए बोर्ड प्रवक्ता ने बताया कि डीएलएड प्रवेश वर्ष 2020 व 2021 के छात्र-अध्यापक/अध्यापिकाएं जिन्होंने डी.एल.एड. दो वर्षीय कोर्स में दाखिला लिया था और उनका परीक्षा परिणाम प्रथम व द्वितीय वर्ष में एक विषय/अधिक विषयों में अनुत्तीर्ण होने के कारण डिप्लोमा पूर्ण नहीं हुआ है। उन सभी छात्र- अध्यापकों को डिप्लोमा पूर्ण करने हेतु एक मर्सी चांस प्रदान किया गया है। संबंधित छात्र अध्यापक/अध्यापिकाएं प्रत्येक वर्ष की परीक्षा के लिए परीक्षा शुल्क 10,000/-रुपये सहित 07 फरवरी 2025 तक ऑफलाइन आवेदन करना सुनिश्चित करें।

उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त प्रवेश वर्ष 2022-2024 में परीक्षा में अनुत्तीर्ण/रि-अपीयर रहे छात्र-अध्यापक/अध्यापिकाएं जो किन्हीं कारणों से ऑनलाइन आवेदन करने से वंचित रह गए हैं, वे भी निर्धारित शुल्क सहित 07 फरवरी, 2025 तक अपना ऑफलाइन आवेदन-फार्म व फोटो सम्बन्धित संस्था से सत्यापित करवाने उपरान्त शिक्षा बोर्ड कार्यालय में दस्ती जमा करवा सकते हैं। जो संस्थाएं बंद हो चुकी उनसे सम्बन्धित छात्र अध्यापक/अध्यापिकाएं ऑफलाइन आवेदन फार्म सम्बन्धित जिला डाईट से सत्यापित करवा सकते हैं। ऑफलाइन आवेदन फार्म बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in पर उपलब्ध है।

यदि किसी संस्था को आवेदन करने में किसी भी प्रकार की कोई कठिनाई आती है तो वे ई-मेल आई.डी. assplexam@bseh.org.in व दूरभाष नम्बर 01664-254305 पर सम्पर्क कर सकते हैं।

कुलपति ने मीडिया विद्यार्थियों द्वारा तैयार ‘संचार’  के नए संस्करण का किया विमोचन

– जे.सी.बोस विश्वविद्यालय के मीडिया विद्यार्थियों ने किया तैयार  

चंडीगढ़ , 28 जनवरी – जेसी बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, वाईएमसीए, फरीदाबाद के कुलपति प्रो. एस.के. तोमर ने संचार एवं तकनीकी विभाग द्वारा संचालित ‘संचार’ समाचार पत्र के नये  संस्करण का विमोचन किया।

कुलपति तोमर ने मीडिया विद्यार्थियों की सृजन एवं पत्र के प्रारूप की प्रशंसा करते हुए कहा भविष्य में इस लेखन प्रक्रिया को विश्व श्रेणी में शामिल करना चाहिए। उन्होंने बताया कि मीडिया बहुत प्रभावशाली माध्यम है इसकी प्रत्येक क्रिया-प्रतिक्रिया ब्रह्मांड में स्पष्ट रूप से नजर आनी चाहिए है। समाचार पत्र को डिजिटल फॉर्म में भी सोशल मीडिया के सभी प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराकर अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना हमारा उद्देश्य होना चाहिए।

इस अवसर पर संचार एवं तकनीकी विभागाध्यक्ष डॉ. पवन सिंह ,वरिष्ठ प्रशिक्षक दुष्यंत त्यागी भी उपस्थित थे।

गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत और पंचकूला महानगर विकास प्राधिकरणों के लिंक अधिकारी नियुक्त किए

चंडीगढ़, 28 जनवरी-हरियाणा सरकार ने विभागों, बोर्डों और निगमों के कामकाज का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के लिए लिंक अधिकारी नियुक्त किए हैं।

मुख्य सचिव डॉ. विवेक जोशी द्वारा इस संबंध में जारी एक पत्र के अनुसार, गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी की अनुपस्थिति में फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी लिंक अधिकारी-I, गुरुग्राम के मंडलायुक्त लिंक अधिकारी-II और फरीदाबाद के मंडलायुक्त लिंक अधिकारी-III होंगे।

फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी की अनुपस्थिति में गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी लिंक अधिकारी-I, फरीदाबाद के मंडलायुक्त लिंक अधिकारी-II और गुरुग्राम के मंडलायुक्त लिंक अधिकारी-III होंगे।

सोनीपत महानगर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी की अनुपस्थिति में पंचकूला महानगर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी लिंक अधिकारी-I, रोहतक के मंडलायुक्त लिंक अधिकारी-II और करनाल के मंडलायुक्त लिंक अधिकारी-III होंगे।

पंचकूला महानगर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी की अनुपस्थिति में सोनीपत महानगर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी लिंक अधिकारी-I, अम्बाला के मंडलायुक्त लिंक अधिकारी-II और करनाल के मंडलायुक्त लिंक अधिकारी-III होंगे।

सम्बन्धित अधिकारियों के अवकाश, प्रशिक्षण, दौरे, चुनाव ड्यूटी पर होने अथवा किसी अन्य कारण से 2 दिन से अधिक समय तक बाहर रहने अथवा अधिकारी की सेवानिवृत्ति या स्थानान्तरण के कारण स्थान होने की रिक्त की स्थिति में उस विभाग, बोर्ड या निगम का कार्य संबंधित लिंक अधिकारी देखेंगे। सम्बन्धित अधिकारी अवकाश, प्रशिक्षण, दौरे, चुनाव ड्यूटी पर जाने से पहले लिंक अधिकारी को सूचित करेंगे।

हीमोफीलिया और थैलीसीमिया से पीड़ित लोगों को दी जाने वाली पेंशन के लिए आयु सीमा को किया समाप्त : कुमारी आरती सिंह राव

– प्रदेश सरकार ने 100 दिनों में स्वास्थ्य को लेकर लिए अनेक खास निर्णय

चंडीगढ़ , 28 जनवरी – हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री कुमारी आरती सिंह राव ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के लोगों को सस्ता और सुलभ ईलाज देने के लिए प्रयासरत है , पिछले 100 दिनों में वर्तमान सरकार ने स्वास्थ्य को लेकर अनेक खास निर्णय लिए हैं।

उन्होंने यहां जानकारी देते हुए बताया कि अब हीमोफीलिया और थैलीसीमिया से पीड़ित लोगों को दी जाने वाली पेंशन के लिए 18 वर्ष की आयु सीमा को समाप्त कर दिया गया है , उक्त दोनों बिमारियों से पीड़ित व्यक्तियों को 3,000 रुपए प्रति माह पेंशन दी जाएगी , यह पेंशन किसी भी अन्य पेंशन के अतिरिक्त होगी।

कुमारी आरती सिंह राव ने आगे बताया कि वर्तमान सरकार ने 18 अक्तूबर, 2024 को राज्य में किडनी के रोग से पीड़ितों को मुफ्त डायलिसिस की सेवाएं प्रदान करने की शुरुआत कर दी है , यह स्वास्थ्य के क्षेत्र में अहम् कदम है। मात्र 3 माह में ही इस स्वास्थ्य -सुविधा का करीब 20 हज़ार लोग लाभ उठा चुके हैं।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रदेश को दिसंबर 2025 तक टीबी मुक्त बनाने के लिए गत 7 दिसंबर को पंचकूला से जिस “100 दिवसीय टीबी उन्मूलन अभियान” की शुरुआत की गई थी उस पर राज्य में तेजी से कार्य किया जा रहा है और हम निर्धारित तिथि तक लक्ष्य अवश्य हासिल कर लेंगे।

उन्होंने स्वास्थ्य क्षेत्र में किये गए अन्य कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि नारनौल में 6.57 करोड़ रुपए की लागत से ट्रॉमा सेंटर का निर्माण किया गया है। रेवाड़ी के बोहतवास अहीर में पीएचसी का निर्माण 6.80 करोड़ रुपए की लागत से किया गया है।

उन्होंने बताया कि अब तक 57 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले 83 उप-स्वास्थ्य केंद्रों व 22 ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट बनाने की मंजूरी दी गई है। कुरुक्षेत्र के सरस्वती खेड़ा भट्ट माजरा गांव में 50 बिस्तर वाले अस्पताल का निर्माण 19.76 करोड़ रुपए की लागत से किया गया।

स्वास्थ्य मंत्री कुमारी आरती सिंह राव ने आगे बताया कि करनाल जिला के असंध में 76.20 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले 100 बैड के सब -डिविजनल सिविल हॉस्पिटल की आधारशिला रखी गई।

उन्होंने स्वास्थ्य शिक्षा और स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने की दिशा में उठाये गए कदमों की जानकारी देते हुए बताया कि जल्द ही पंचकूला के सिविल अस्पताल में पैथॉलॉजी , डर्मोटोलॉजी , मनोचिकित्सा और अस्पताल प्रशासन में डीएनबी (DNB) डिग्री कार्यक्रम शुरू किया जाएगा।

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि स्वस्थ तन में ही स्वस्थ मन का निवास होता है , इसीलिए प्रदेश सरकार अपने लोगों को स्वस्थ बनाए रखने के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं में आमूल-चूल सुधार कर रही है।

फरीदाबाद में सरस मेले का हुआ भव्य शुभारंभ

पीएम के लोकल फॉर वॉकल के सिद्धांत पर आगे बढ़ रही नायब सरकार- विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार

हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने सरस मेले का किया विधिवत उद्घाटन

पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार के साथ खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री राजेश नागर ने स्वयं सहायता समूह की बहनों द्वारा तैयार किए गए पारंपरिक भोजन का चखा स्वाद

चंडीगढ़, 28 जनवरी- हरियाणा के ग्रामीण विकास एवं पंचायत मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि हरियाणा सरकार प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की सोच को सार्थक करते हुए वॉकल फॉर लॉकल के सिद्धांत पर आगे बढ़ रही है। महिलाओं को स्वावलंबी बनाते हुए उन्हें स्वरोजगार से जोड़कर जीवन में सकारात्मक लक्ष्य के साथ आगे बढ़ऩे के लिए प्रेरित करने के साथ ही उन्हे हर संभव सहयोग देने में सरकार अपना दायित्व प्रभावी रूप से निभा रही है।

पंचायत मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार ने आज फरीदाबाद में सेक्टर-12 के एचएसवीपी ग्राउंड में 24 जनवरी से 6 फरवरी 2025 तक चलने वाले सरस मेले का विधिवत रूप से शुभारंभ किया। पंचायत मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार के साथ खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री श्री राजेश नागर ने सरस मेला परिसर में देश भर के विभिन्न राज्यों व हस्तकला की प्रदर्शनी का अवलोकन किया और प्रतिभागियों को प्रोत्साहित किया। पंचायत मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार व खाद्य एवं पूर्ति मंत्री श्री राजेश नागर ने मेले में लगे सभी स्टॉल का निरीक्षण किया और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों की तारीफ भी की।

पंचायत मंत्री ने कहा कि ग्रामीण महिलाओं द्वारा बनाए गए उत्पाद उनकी मेहनत, रचनात्मकता व स्वालंबन का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि हरियाणा में लगभग 60 हजार स्वयं सहायता समूह कार्य कर रहे हैं, जिनके माध्यम से 6 लाख परिवार अपनी आजीविका चला रहे हैं। इन समूहों के माध्यम से ग्रामीण परिवारों की आर्थिक स्थिति में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। उन्होंने बताया कि एचआरएमएल का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को स्वावलंबी और उनके उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराना हैं।

उन्होंने कहा कि सरस मेले के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को एक बड़ा प्लेटफार्म सरकार उपलब्ध करवा रही है ताकि वे अपने उत्पादों को देश व प्रदेशभर में दिखा सके व बिक्री कर सके। उन्होंने बताया कि इन महिलाओं का हुनर और मेहनत राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने का सरस मेला एक महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने बताया कि सरस मेले का आयोजन ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करता है और शहरी उपभोक्ताओं को ग्रामीण क्षेत्र के अनूठे उत्पादों से भी परिचित कराता हैं। उन्होंने बताया कि स्वयं सहायता समूह की महिलाएं प्रदेश में हरियाणा सरकार द्वारा कैंटीन चला कर उपभोक्ताओं को सस्ते दामों पर व्यंजनों को खिला रही है। श्री पंवार ने जिन गांवों में स्वयं सहायता समूह की संख्या कम हैं उनमें और महिलाओं को जोडकर स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की संख्या बढ़ाने की अपील की।

हरियाणा में बनेंगी 4 लाख लखपति दीदी – पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार

विकास एवं पंचायत मंत्री ने बताया कि अब तक करीब 1500 करोड रुपये की राशि स्वयं सहायता समूह को उपलब्ध करवाई जा चुकी है। उन्होंने बताया कि हरियाणा में 4 लाख लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें से अब तक एक लाख लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य प्राप्त कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि सभी पंचायतों में सांस्कृतिक मंडल खोलने का भी निर्णय लिया हैं। उन्होंने बताया कि भारत के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने 28 जुलाई 2024 को पूरे देश के राज्यों की स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से सीधे बात की थी और उनकी सकारात्मक सोच है कि स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को नए- नए उत्पादों की ट्रेनिंग देकर उनको स्वावलंबन की ओर अग्रसर करना है। श्री पंवार ने हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की लखपति दीदीयों की कार्य शैली की सराहना की और उनके साथ एक सामुहिक फोटो भी खिंचवाया। हरियाणा के ग्रामीण विकास एवं पंचायत मंत्री ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिलाओं का पुरस्कार देकर सम्मान किया।

हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की मुख्य कार्यकारी अधिकारी डा. अमरिंद्र कौर ने विस्तार से हरियाणा के ग्रामीण विकास एवं पंचायत मंत्री को स्वयं सहायता समूह के बारे में जानकारी दी। डॉ अमरिंद्र कौर ने बताया कि मेले के मुख्य आकर्षण हस्तशिल्प और हस्तनिर्मित उत्पादों की प्रदर्शनी ग्रामीण महिलाओं द्वारा तैयार किए गए उत्पाद जैसे हैंडीक्राफ्ट, जैविक उत्पाद, पारंपरिक परिधान, घरेलू सजावट की वस्तुएं, फूडकॉट, विभिन्न राज्यों से आए स्वादिष्ट पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद लेने का अवसर, सांस्कृतिक कार्यक्रम, लोकनृत्य, संगीत और नाटक प्रस्तुतियां ग्रामीण भारत की समृद्ध संस्कृति धरोहर का दर्शाती है।

पद्मश्री अवार्डी महाबीर गुड्डू ने सांस्कृतिक मंच पर बांधा समां

सरस मेले में जहां एक ओर स्टॉल के माध्यम से हस्तशिल्प कलाकारों द्वारा अपने उत्पादों की प्रस्तुति दिखाई गई है वहीं सांस्कृतिक मंच पर पद्मश्री अवार्डी महाबीर गुड्डू ने अपनी टीम के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आगाज किया। महाबीर गुड्डू ने सांस्कृतिक मंच से जहां हरियाणा सरकार की कार्यशैली को संगीत विधा से आमजन तक पहुंचाया वहीं हरियाणा ग्रामीण आजीविका मिशन की इस सार्थक पहल को महिलाओं के सशक्तिकरण का साक्षात उदाहरण बताया।सरस मेला के शुभारंभ अवसर पर पूर्व मंत्री एवं बल्लभगढ़ से विधायक मूलचंद शर्मा, हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. अमरिंद्र कौर व अन्य गणमान्य भी उपस्थित रहे।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on X-twitter Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Back to top button