राज्य

Haryana News: हरियाणा सरकार द्वारा दिया जा रहा है युवाओं को स्टार्टअप के लिए विशेष प्रोत्साहन – मुख्यमंत्री

Haryana News: चंडीगढ़, 19 जनवरी –  प्रधानमंत्री  श्री नरेंद्र मोदी ने आज वर्ष 2025 के अपने पहले ‘मन की बात’ कार्यक्रम में हरियाणा के अंबाला व हिसार के स्टार्टअप का जिक्र करते हुए कहा कि यह ख़ुशी की बात है कि देश में अंबाला व हिसार जैसे शहर भी स्टार्टअप के केंद्र बन रहे हैं। उन्होंने बताया कि  स्टार्टअप कल्चर मात्र बड़े शहरों तक ही सीमित नहीं है। छोटे शहरों के स्टार्टअप में आधे से ज्यादा का नेतृत्व हमारी बेटियां कर रही हैं। इसके लिए हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए प्रधानमंत्री का धन्यवाद किया।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को कैथल में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मन की बात के कार्यक्रम के 118वें प्रसारण को सुना। इस मौके पर विधायक सतपाल जांबा, पूर्व मंत्री श्रीमती कमलेश ढांडा व पूर्व विधायक श्री लीलाराम भी उपस्थित थे

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम की समाप्ति के बाद कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में हरियाणा के अंबाला व हिसार के स्टार्टअप का जिक्र करते हुए उनकी प्रशंसा की है।  मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में भी ऐसे कई युवा हैं, जिनके स्टार्टअप आज मिसाल कायम कर रहे हैं और उनका टर्नओवर लगभग 100 करोड़ से 200 करोड़ रुपए का है।

राज्य सरकार स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए 2025-26 के आगामी बजट में नई योजनाओं पर सक्रियता से कर रही विचार

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हरियाणा को एक अग्रणी स्टार्टअप हब के रूप में स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार मेक इन इंडिया और स्टार्टअप इंडिया के उद्देश्यों के साथ तालमेल बिठाते हुए राष्ट्रीय स्टार्टअप इकोसिस्टम में हरियाणा को एक प्रमुख प्लेयर के रूप में स्थापित करने के लिए समर्पित प्रयास कर रही है। इसका उद्देश्य न केवल प्रदेश के आर्थिक विकास को गति देना है, बल्कि युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करना भी है, जिससे यह सुनिश्चित हो सके कि हरियाणा देश भर में नवाचार और उद्यमिता के केंद्र के रूप में अपनी एक विशिष्ट पहचान हासिल कर सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए वित्त वर्ष 2025-26 के आगामी बजट में नई योजनाओं पर सक्रियता से विचार कर रही है।

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का मन की बात कार्यक्रम युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत बताते हुए श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि  सभी कार्यकर्ता हर महीने अपने बूथ पर वहां के नागरिकों के साथ ‘मन की बात’ कार्यक्रम जरूर सुनें। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया वे ‘मन की बात’ कार्यक्रम से अधिक से अधिक लोगों विशेष रूप से युवाओं को जोड़ें।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मन की बात कार्यक्रम में कैथल के युवा किसान वीरेंद्र यादव द्वारा पराली प्रबंधन को लेकर किए गए कार्यों की प्रशंसा कर चुके हैं।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार आमजन के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है, जिसका सीधा लाभ पात्र व्यक्ति को मिल रहा है। उसी का परिणाम है कि हरियाणा में तीसरी बार भारी बहुमत से बीजेपी की सरकार बनी है। जनता को हमसे काफी उम्मीदें हैं, हमें उनकी उम्मीदों पर खरा उतरना है। कार्यकर्ता लोगों की समस्याओं का समाधान करवाएं। इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है कि सरकार बनते ही 24000 युवाओं को एक साथ सरकारी नौकरी प्रदान की हो। लोगों ने अभी से मान लिया है 2029 में भी भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने ‘मन की बात कार्यक्रम’ में संविधान सभा सदस्यों द्वारा किए गए कार्यों, महाकुंभ, अंतरिक्ष में हमारी उपलब्धियों का जिक्र किया। साथ ही नेता जी सुभाष चंद्र बोस को याद कर बताया कि कैसे उन्होंने अंग्रेजों से लोहा लिया। हर साल उनकी जयंती 23 जनवरी को पराक्रम दिवस के तौर पर मनाई जाती  है।

इस अवसर पर पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार की भ्रष्टाचार को लेकर जीरो टॉलरेंस नीति है। भ्रष्टाचार किसी भी स्तर पर सहन नहीं किया जाएगा।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on X-twitter Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Back to top button