हरियाणा

Haryana News: हरियाणा की बड़ी खबरें, पढ़िए एक क्लिक में

Haryana News: हरियाणा की बड़ी खबरें, पढ़िए एक क्लिक में

महाराणा प्रताप हम सभी के लिए हैं प्रेरणा के स्रोत-कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा

चंडीगढ़, 19 जनवरी- हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री  श्याम सिंह राणा ने कहा है कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार सभी वर्गों के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। राज्य सरकार सबका साथ और सबका विकास की भावना से बिना भेदभाव के विकास कार्य करवा रही है।

मंत्री आज महाराणा प्रताप की पुण्यतिथि पर रेवाड़ी में महाराणा प्रताप चौक पर आयोजित प्रतिभा सम्मान कार्यक्रम में उपस्थितजनों को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर मंत्री ने महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। प्रतिभा सम्मान  कार्यक्रम में मंत्री ने खेल, शिक्षा व अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सर्व समाज के युवाओं को सम्मान पत्र तथा स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।

इस मौके पर मंत्री श्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि महाराणा प्रताप हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। सेना का बड़े से बड़े अधिकारी भी अपने जीवन में महाराणा प्रताप के सिद्धांतों व नीतियों को अपनाते हैं। वे प्रखर राष्ट्रवादी थे, जिन्होंने अंतिम सांस तक मुगलों से लोहा लिया। महाराणा प्रताप की सबसे बड़ी खासियत यह थी कि उन्होंने जिंदगी में कभी हार नहीं मानी। महाराणा प्रताप किसी एक समाज के नहीं बल्कि सब समाजों के प्रेरणा स्रोत हैं। उन्होंने युवाओं को आह्वान किया कि वह भी अपने जीवन काल में महाराणा प्रताप के दिखाए हुए मार्ग पर चले।

इस मौके पर विधायक श्री लक्ष्मण सिंह यादव और असंध के विधायक श्री योगिंदर सिंह राणा व अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

हरियाणा विद्युत नियामक आयोग ने लिया उपभोक्ता हित मे  बड़ा कदम, आर.के. खन्ना बने नए विद्युत लोकपाल

चंडीगढ़, 19 जनवरी – हरियाणा विद्युत नियामक आयोग (एचईआरसी) ने उपभोक्ताओं की शिकायतों के त्वरित और पारदर्शी समाधान के लिए 17 जनवरी को इंजीनियर राकेश कुमार खन्ना को विद्युत लोकपाल नियुक्त किया। बिजली वितरण क्षेत्र में 25 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले श्री खन्ना ने इस जिम्मेदारी को उपभोक्ता समस्याओं के समाधान का एक महत्वपूर्ण अवसर बताया।

एचईआरसी ने उपभोक्ताओं की शिकायतों के निवारण के लिए तीन स्तरों की सुदृढ़ प्रणाली बनाई है। जिसके तहत ₹1 लाख तक के विवाद सर्कल स्तर पर 21 सीजीआरएफ़ के माध्यम से हल किए जाते हैं। ₹1–3 लाख के विवाद चार जोनल सीजीआरएफ़ में सुने जाते हैं। ₹3 लाख से अधिक के विवाद दो कॉरपोरेट सीजीआरएफ़ (पंचकूला और गुरुग्राम) द्वारा निपटाए जाते हैं।

सीजीआरएफ़ के निर्णय से असंतुष्ट उपभोक्ता अपनी शिकायतें विद्युत लोकपाल के समक्ष प्रस्तुत कर सकते हैं।

एचईआरसी के अध्यक्ष नन्द लाल शर्मा और सदस्य मुकेश गर्ग के निर्देश हैं कि उपभोक्ता शिकायतों का समाधान समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से सुनिश्चित किया जाए।

यह पहल हरियाणा के बिजली उपभोक्ताओं के लिए एक ऐतिहासिक कदम है। एचईआरसी की यह प्रतिबद्धता पारदर्शिता, जवाबदेही और उपभोक्ता संतुष्टि को प्राथमिकता देकर राज्य की बिजली सेवाओं में सुधार का आधार बनेगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2025 के अपने पहले ‘मन की बात’ कार्यक्रम में की हरियाणा के अंबाला व हिसार के स्टार्टअप की प्रशंसा, मुख्यमंत्री ने जताया आभार

 

हरियाणा सरकार द्वारा दिया जा रहा है युवाओं को स्टार्टअप के लिए विशेष प्रोत्साहन – मुख्यमंत्री

 

स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए 2025-26 के आगामी बजट में सरकार नई योजनाओं पर सक्रियता से कर रही विचार – मुख्यमंत्री

 

सभी कार्यकर्ता हर महीने अपने बूथ पर वहां के नागरिकों के साथ सुने प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम : मुख्यमंत्री नायब सैनी

चंडीगढ़, 19 जनवरी –  प्रधानमंत्री  श्री नरेंद्र मोदी ने आज वर्ष 2025 के अपने पहले ‘मन की बात’ कार्यक्रम में हरियाणा के अंबाला व हिसार के स्टार्टअप का जिक्र करते हुए कहा कि यह ख़ुशी की बात है कि देश में अंबाला व हिसार जैसे शहर भी स्टार्टअप के केंद्र बन रहे हैं। उन्होंने बताया कि  स्टार्टअप कल्चर मात्र बड़े शहरों तक ही सीमित नहीं है। छोटे शहरों के स्टार्टअप में आधे से ज्यादा का नेतृत्व हमारी बेटियां कर रही हैं। इसके लिए हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए प्रधानमंत्री का धन्यवाद किया।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को कैथल में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मन की बात के कार्यक्रम के 118वें प्रसारण को सुना। इस मौके पर विधायक सतपाल जांबा, पूर्व मंत्री श्रीमती कमलेश ढांडा व पूर्व विधायक श्री लीलाराम भी उपस्थित थे

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम की समाप्ति के बाद कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में हरियाणा के अंबाला व हिसार के स्टार्टअप का जिक्र करते हुए उनकी प्रशंसा की है।  मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में भी ऐसे कई युवा हैं, जिनके स्टार्टअप आज मिसाल कायम कर रहे हैं और उनका टर्नओवर लगभग 100 करोड़ से 200 करोड़ रुपए का है।

राज्य सरकार स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए 2025-26 के आगामी बजट में नई योजनाओं पर सक्रियता से कर रही विचार

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हरियाणा को एक अग्रणी स्टार्टअप हब के रूप में स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार मेक इन इंडिया और स्टार्टअप इंडिया के उद्देश्यों के साथ तालमेल बिठाते हुए राष्ट्रीय स्टार्टअप इकोसिस्टम में हरियाणा को एक प्रमुख प्लेयर के रूप में स्थापित करने के लिए समर्पित प्रयास कर रही है। इसका उद्देश्य न केवल प्रदेश के आर्थिक विकास को गति देना है, बल्कि युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करना भी है, जिससे यह सुनिश्चित हो सके कि हरियाणा देश भर में नवाचार और उद्यमिता के केंद्र के रूप में अपनी एक विशिष्ट पहचान हासिल कर सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए वित्त वर्ष 2025-26 के आगामी बजट में नई योजनाओं पर सक्रियता से विचार कर रही है।

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का मन की बात कार्यक्रम युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत बताते हुए श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि  सभी कार्यकर्ता हर महीने अपने बूथ पर वहां के नागरिकों के साथ ‘मन की बात’ कार्यक्रम जरूर सुनें। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया वे ‘मन की बात’ कार्यक्रम से अधिक से अधिक लोगों विशेष रूप से युवाओं को जोड़ें।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मन की बात कार्यक्रम में कैथल के युवा किसान वीरेंद्र यादव द्वारा पराली प्रबंधन को लेकर किए गए कार्यों की प्रशंसा कर चुके हैं।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार आमजन के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है, जिसका सीधा लाभ पात्र व्यक्ति को मिल रहा है। उसी का परिणाम है कि हरियाणा में तीसरी बार भारी बहुमत से बीजेपी की सरकार बनी है। जनता को हमसे काफी उम्मीदें हैं, हमें उनकी उम्मीदों पर खरा उतरना है। कार्यकर्ता लोगों की समस्याओं का समाधान करवाएं। इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है कि सरकार बनते ही 24000 युवाओं को एक साथ सरकारी नौकरी प्रदान की हो। लोगों ने अभी से मान लिया है 2029 में भी भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने ‘मन की बात कार्यक्रम’ में संविधान सभा सदस्यों द्वारा किए गए कार्यों, महाकुंभ, अंतरिक्ष में हमारी उपलब्धियों का जिक्र किया। साथ ही नेता जी सुभाष चंद्र बोस को याद कर बताया कि कैसे उन्होंने अंग्रेजों से लोहा लिया। हर साल उनकी जयंती 23 जनवरी को पराक्रम दिवस के तौर पर मनाई जाती  है।

इस अवसर पर पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार की भ्रष्टाचार को लेकर जीरो टॉलरेंस नीति है। भ्रष्टाचार किसी भी स्तर पर सहन नहीं किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने आरएसएस के उत्तर क्षेत्रीय प्रचारक की माता के निधन पर जताया शोक

चंडीगढ़, 19 जनवरी – हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के उत्तर क्षेत्रीय प्रचारक श्री जतिन कुमार की माता  श्रीमती आशा रानी (84) के निधन पर कैथल स्थित उनके आवास पर पहुंच कर शोक जताया। श्रीमती  आशा रानी का वीरवार को निधन हो गया था।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रविवार को उनके निवास पहुँच कर परिजनों से मिले और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

 

मंत्री राव नरबीर सिंह ने गुरुग्राम में मेट्रो के विस्तारीकरण के प्रस्तावित रूट का अधिकारियों के साथ किया दौरा, डीपीआर के संबंध में दिए आवश्यक दिशा निर्देश

 

मेट्रो निर्माण कार्य में नागरिकों को नहीं होनी चाहिए किसी प्रकार की असुविधा – राव नरबीर सिंह

 

लोगों के सुगम आवागमन को ध्यान में रख बनाया जाए ट्रैफिक डायवर्जन प्लान राव नरबीर सिंह

 

मेट्रो निर्माण प्रक्रिया में ड्रेनेज सिस्टम को प्रभावित किये बिना फ्लाईओवर व अंडरपास जैसी अन्य सुविधाओं में बढ़ोतरी के लिए समानांतर निर्माण कार्य करे जीएमडीए – उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री

चण्डीगढ़, 19 जनवरी – हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने जीएमडीए के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि गुरूग्राम में मिलेनियम सिटी सेंटर से रेलवे स्टेशन, सैक्टर-22 व साइबर सिटी के बीच मैट्रो विस्तारीकरण की प्रक्रिया में आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो व इस पूरी परियोजना में मौजूदा सर्विसेज कम से कम प्रभावित हो।

उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने यह बात आज मेट्रो के विस्तारीकरण के प्रस्तावित रूट का गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड (जीएमआरएल) जीएमडीए के अधिकारियों के साथ निरीक्षण के दौरान आवश्यक दिशा निर्देश देते हुए कही। मेट्रो परियोजना की डीपीआर बनाने की प्रक्रिया जारी है। जिसमें मंत्री के दिशा निर्देश के तहत आमजन की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाएगा।

उन्होंने प्रस्तावित रूट का निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि लोगों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए मेट्रो के कार्य को तेज गति से आगे बढ़ाया जाए। इसके अलावा, लोगों को मेट्रो निर्माण के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो और यातायात सुचारू रूप से संचालित रहे, उस संबंध में भी बेहतरीन योजना बनाई जाए। उन्होंने कहा कि जब भी कोई बड़ा निर्माण इंफ्रास्ट्रक्चर खड़ा किया जाता है, तो वह लंबे समय तक चले और लोगों को लाभ मिले, ऐसी योजना अधिकारियों को बनानी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि इस पूरी परियोजना में इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए कि प्रस्तावित रूट में मौजूदा सर्विसेज जैसे ड्रेनेज सिस्टम, बिजली, पीने का पानी, सीवरेज सहित अन्य महत्वपूर्ण सुविधाओं को कम से कम प्रभावित किया जाए और यदि ये सुविधाएं प्रभावित होती है तो इनके निवारण संबंधित कार्य मेट्रो निर्माण कार्य से पहले पूरे किए जाएं। साथ ही निर्माण प्रक्रिया में यह भी ध्यान रखा जाए कि जो ट्रैफिक डायवर्जन प्लान बने उसमें जाम की स्थिति न बने।

उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री ने जीएमडीए के अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि इस परियोजना के साथ प्राधिकरण को फ्लाईओवर अथवा अंडरपास को लेकर जो भी निर्माण कार्य करना है वह भी मेट्रो निर्माण कार्य के समानांतर रूप से चले। उन्होंने प्रस्तावित रूट पर अलाइनमेंट का कार्य एक महीने में फ्रिज करने के निर्देश देते हुए कहा कि अधिकारी इस पूरे कार्य मे यह विशेष ध्यान रखें कि इस पूरी प्रक्रिया में गुरुग्राम का ड्रेनेज सिस्टम से किसी भी प्रकार से प्रभावित न हो। मंत्री ने सेक्टर 23 स्थित रेजांगला चौक से पुराने दिल्ली रोड तक ड्रेनेज की लेग वन का निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से कहा कि मानसून के समय इस लेग पर पानी का अत्यधिक लोड होता है। ऐसे में इस मार्ग पर मेट्रो का कार्य शुरू करने से पूर्व सड़क के चौड़ीकरण व लेग वन में क्या आवश्यक बदलाव करने है वो निर्धारित समय सीमा में हो।

गौरतलब है कि परियोजना के संबंध में मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी दिसंबर माह में गुरुग्राम में संबंधित अधिकारियों संग बैठक कर चुके हैं। जिसमे अधिकारियों द्वारा बताया गया था कि मिलेनियम सिटी से साइबर सिटी, गुरूग्राम के बीच चलने वाली मैट्रो रेल की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट को हरियाणा सरकार तथा केन्द्र सरकार से मंजूरी प्रदान की जा चुकी है तथा इस परियोजना की आधारशिला प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 16 फरवरी, 2024 को रेवाड़ी में रखी गई थी। बैठक में अधिकारियों ने बताया था कि गुरुग्राम में मेट्रो विस्तारीकरण का निर्माण कार्य आगामी 1 मई, 2025 से शुरू कर दिया जाएगा। 28.50 किलोमीटर लंबी इस मेट्रो रेल लाइन पर कुल 27 स्टेशन होंगे तथा एक डिपो भी निर्मित किया जाएगा जिसमें से 8 स्टेशन मॉडल स्टेशन होंगे। इस परियोजना पर केन्द्र सरकार द्वारा 896.19 करोड रुपए तथा हरियाणा सरकार की ओर से 4556.53 करोड रुपए खर्च किए जाएंगें।

इसके अलावा, इस परियोजना के अंतर्गत मीडियम मेट्रो को स्थापित किया जाएगा तथा यह स्टैण्डर्ड गेज पर संचालित होगी। इसके अलावा, यह मेट्रो सीबीटीसी अर्थात कम्युनिकेशन बेसड ट्रेन कंट्रोल सिग्नल पर आधारित होगी तथा अधिकतम स्पीड 80 किलोमीटर प्रति घंटा होगी। शुरुआत में इस मेट्रो कनेक्टिविटी में 3 कोच लगाए जाएंगे तथा उसके बाद इसे 6 कोच तक बढ़ाया जाएगा। मेट्रो विस्तारीकरण परियोजना को क्रियान्वित करने के लिए एक कार्यकारी समिति व एक समन्वय समिति का भी गठन किया गया है, जो इस परियोजना को जल्द से जल्द पूर्ण करने के लिए दिन-प्रतिदिन आने वाले विभिन्न समन्वय मुद्दों का निष्पादन करेगी।

इस दौरान जीएमडीए के चीफ इंजीनियर राजेश बंसल, एक्सईन विकास मलिक सहित जीएमआरएल के अधिकारी मौजूद रहे।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on X-twitter Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Back to top button