हरियाणा

Karnal News: करनाल जिले की बड़ी खबरें, पढ़िए एक क्लिक में

Karnal News: करनाल जिले की बड़ी खबरें, पढ़िए एक क्लिक में

निराश्रित बच्चों के लिए पेंशन योजना, सरकार हर माह दे रही 1850 रुपये की वित्तीय सहायता :उपायुक्त

करनाल, 19 जनवरी।      उपायुक्त उत्तम सिंह ने बताया कि जिला में 21 वर्ष तक की आयु का बच्चा जो अपने माता-पिता की सहायता अथवा देखभाल से उनकी मृत्यु होने के कारण, अपने पिता के घर से पिछले 2 वर्ष की अवधि से अनुपस्थित होने के कारण अथवा माता-पिता के लम्बी सजा, जोकि एक वर्ष से कम न हो या मानसिक व शारीरिक अक्षमता के कारण वंचित हो जाते हैं और जिनके माता-पिता, अभिभावक की सभी साधनों से वार्षिक आय दो लाख से अधिक नहीं है। वह बच्चा हरियाणा सरकार के सामाजिक न्याय एवं सहकारिता विभाग द्वारा दी जा रही वित्तीय सहायता का लाभ पात्र है। उन्होंने बताया कि उपरोक्त विभाग द्वारा एक परिवार में दो बच्चों तक 1850 रुपये प्रति माह प्रति बच्चा पेंशन प्रदान की जा रही है।
उन्होंने बताया कि उपरोक्त स्कीम का लाभ लेने के इच्छुक व्यक्ति के पास बेसहारा होने का प्रमाण पत्र, बच्चों के स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी जन्म प्रमाण पत्र व आवेदक का 5 वर्ष या उससे अधिक की अवधि का हरियाणा राज्य में निवासी होने का दस्तावेज जैसे कि फोटोयुक्त वोटर कार्ड या राशन कार्ड आदि की स्वयं सत्यापित फोटो प्रति सहित परिवार पहचान पत्र होना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि आवेदक के पास यदि उपरोक्त दस्तावेजों में से कोई दस्तावेज नहीं है, तो वह कोई अन्य प्रमाण पत्र सहित 5 वर्ष से हरियाणा में रिहायश का हलफनामा दे सकता है। उन्होंने कहा कि यदि बच्चे के माता-पिता या अभिभावक किसी भी सरकार द्वारा पारिवारिक पेंशन प्राप्त कर रहा है, वो उपरोक्त स्कीम का लाभ नहीं ले पाएंगे। स्कीम का लाभ लेने के इच्छुक प्रार्थी अपने नजदीकी अंत्योदय सरल केंद्र, अटल सेवा केंद्र सहित सीएससी केंद्र पर आवेदन कर सकते हैं।

पीएम-विश्वकर्मा योजना से दस्तकारों के जीवन स्तर में होगा सुधार: उत्तम सिंह

करनाल,19 जनवरी। उपायुक्त उत्तम सिंह ने कहा कि सरकार द्वारा श्रमिकों का जीवन स्तर ऊंचा उठाने के लिए पीएम-विश्वकर्मा योजना शुरू की है। इस योजना में 18 हस्त व्यवसायों को शामिल किया गया है। इसलिए इस योजना में जिला के अधिक से अधिक नागरिकों को लाभ मिलें ताकि सरकार का अन्त्योदय का लक्ष्य पूरा हो सके।
उपायुक्त ने कहा कि योजना का मुख्य उद्देश्य दस्तकारों के जीवन स्तर को ऊंचा उठाना है। योजना से गांवों और शहरों के उन कुशल कारीगरों पर ध्यान केंद्रित किया जाता है, जो अपने हाथों से काम करके अपना जीवनयापन करते हैं। उन्होंने बताया कि पंजीकरण के बाद इन कारीगरों को जिला में स्थापित किए गए कौशल विकास केंद्रों में पांच दिन की ट्रेनिंग करवाई जाएगी और टूल किट खरीदने के लिए 15 हजार रुपए का अनुदान दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि योजना का गांव स्तर पर पूरा प्रचार किया जाए ताकि अधिक से  अधिक लोग इसका फायदा उठा कर अपने जीवन स्तर में बदलाव ला सके। उन्होंने बताया कि इस योजना में नाव बनाना, शस्त्रागार, लुहार, हथौड़ा व लोहे के औजार बनाना, ताला बनाना, सुनार, कुंभकार, मूर्तिकार, मोची, राजमिस्त्री, टोकरी, सुथार, चटाई बनाना, गुडिया व खिलौने बनाना, बारबर, धोबी, दर्जी और मछली  पकडऩे के जाल बनाने का काम शामिल है। योजना में विभिन्न व्यवसायों से जुड़े दस्तकारों को प्रशिक्षण, टूल किट व बैंक लोन  की सुविधा प्रदान की जाती है। योजना में कारीगरों को पहले पीएम विश्वकर्मा.जीओवी.इन पोर्टल पर पंजीकरण करवाना होगा।
उन्होंने कहा कि पीएम विश्वकर्मा योजना के तहत, कारीगरों और शिल्पकारों को पीएम विश्वकर्मा प्रमाण-पत्र और पहचान-पत्र के माध्यम से मान्यता प्रदान की जाएगी। इस योजना के तहत पांच प्रतिशत की रियायती ब्याज दर के साथ एक लाख रुपये (पहली किस्त) और दो लाख रुपये (दूसरी किस्त) तक ऋण सहायता प्रदान की जाएगी। योजना के तहत कौशल उन्नयन, टूलकिट प्रोत्साहन, डिजिटल लेन-देन के लिए प्रोत्साहन और विपणन सहायता प्रदान की जाएगी। योजना के लागू होने से श्रमिकों के बच्चों को मिलने वाली सहायता में भी वृद्धि हुई है। योजना का लाभ लेने के लिए कारीगरों को पोर्टल पर पंजीकरण करवाना जरूरी है।

पीएम-विश्वकर्मा योजना से श्रमिकों के बच्चों को इस प्रकार मिलता है लाभ।

उपायुक्त उत्तम सिंह ने कहा कि पीएम-विश्वकर्मा योजना के तहत श्रमिक की बेटी के लिए जो कॉलेज पढ़ती है, उसको इलेक्ट्रिक स्कूटी के लिए 50 हजार रूपए तथा श्रमिक को साइकिल खरीदने के लिए पांच हजार रुपए दिए जाएंगे। इसी प्रकार से महिला श्रमिक को सिलाई मशीन खरीदने के लिए 4500 रुपए, श्रमिक के स्कूल जाने वाले बच्चों को  9, 10 वीं तथा आईटीआई व डिप्लोमा के छात्र को 10 हजार रुपए दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि 11वीं व 12वीं  के छात्र को 12 हजार रुपए दिए जाएंगे। इसी प्रकार से बीए करने वाले विद्यार्थियों, पॉलिटेक्निक, डिप्लोमा, सीए, एएनएम, जीएनएम, अंडर ग्रेजुएट डिप्लोमा, पर छात्र को 15 हजार रुपए लाभ दिया जाएगा। फार्मेसी व इंजीनियरिंग डिग्री वाले छात्र को 20 हजार रूपए तथा एमबीबीएस, बीएएमएस व बीडीएस करने वाले छात्र-छात्रा को 21 हजार रुपए वार्षिक लाभ इस योजना के तहत दिया जाता है।  इस योजना के तहत, विश्वकर्मा भाई-बहनों को 3 लाख तक का बिना गारंटी ऋण की सुविधा, 15,000 तक की टूलकिट सहायता, कौशल विकास के लिए ट्रेनिंग के साथ ही प्रतिदिन 500 स्टाइपेंड, उत्पादों के लिए क्वॉलिटी सर्टिफिकेशन, ब्रांडिंग और मार्केटिंग सहायता सुनिश्चित कर उन्हें आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बना रही है। प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के माध्यम से केंद्र सरकार विश्वकर्मा भाई-बहनों को आत्मनिर्भर बनाकर उन्हें विकास की मुख्य धारा से जोडऩे की दिशा में प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम देश को नई ऊर्जा व दिशा देने का करता है कार्य: जगमोहन आनंद

करनाल, 19 जनवरी। करनाल के विधायक जगमोहन आनंद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मन की बात कार्यक्रम देश को एक नई ऊर्जा व दिशा प्रदान करता है। प्रधानमंत्री इस कार्यक्रम के माध्यम से देश की सफलतम कहानियां हम सबके सामने रखते है, इनसे प्रेरणा लेकर देश का हर वर्ग अपने-अपने क्षेत्र में बेहतर कार्य करने के लिए अग्रसर होता है। यह कार्यक्रम हम सबको कुछ नया करने की ओर संकल्पित करता है।  विधायक आनंद रविवार को करनाल के वार्ड नम्बर -12 के बूथ 31 व 32 पर  मन की बात के 118 वें एपिसोड के प्रसारण कार्यक्रम उपरांत उपस्थितजनों को सम्बोधित कर रहें थे।
विधायक के अनुसार प्रधानमंत्री ने कहा है कि आगामी 26 जनवरी को देश के संविधान लागू हुए 75 वर्ष होने जा रहें है। यह हम सबके लिए गौरव की बात है। गणतंत्र के 75 वर्ष होने पर उन्होंने संविधान सभा के सभी सदस्यों को नमन किया और कहा कि हमारा संविधान पहले से सशक्त हुआ व समृद्ध हुआ है। उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृतिक को प्रदर्शित करता महाकुम्भ का आयोजन भी हमें संगठित होने की प्रेरणा देता है। इसका भी प्रधानमंत्री ने जिक्र किया है। आगामी 25 जनवरी को पूरा देश राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाने जा रहा है। इसके लिए भी प्रधानमंत्री ने सभी को शुभकामनाएं प्रेषित की है।
विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मन की बात कार्यक्रम देश के युवाओं के लिए ज्ञानवर्धन का कार्य करता है। इससे उन्हें पूरे देश की भौगोलिक परिस्थितियों और विभिन्न संस्कृतियों के बारे भी पता चलता हैं। प्रधानमंत्री के मुख से देश के अलग-अलग क्षेत्रों में विषम परिस्थितियों के बावजूद वहां के लोगों की संघर्ष की कहानियां और उनकी सफलता के किस्से युवाओं को जीवन में कुछ बड़ा करने के लिए प्रेरित करते है। इस बार के कार्यक्रम में भी प्रधानमंत्री ने देश को नए साल में पहले मन की बात के प्रसारण कार्यक्रम पर नई ऊर्जा के साथ कार्य करने का संदेश दिया है।
इस मौके पर वरिष्ठ भाजपा नेता कृष्ण गर्ग, सुनील मदान, मण्डल अध्यक्ष नवीन बत्तरा, विकास कथूरिया,मनमीत बावा, निशांत शर्मा, डॉ. अशोक सहित अन्य उपस्थित रहें।
बॉक्स: इस रविवार भी नेहरू पेलेस मे आयोजित हुआ विधायक का चाय पर चर्चा कार्यक्रम, जुटे शहरवासी।
प्रत्येक रविवार की तरह इस रविवार भी विधायक जगमोहन आनंद स्थानीय नेहरू पेलेस मे चाय पर चर्चा कार्यक्रम में पहुंचे, जहां पहले से ही शहरवासी इस कार्यक्रम के लिए इक्कठा हो चुके थे। श्री राम नाम के उच्चारण के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई और एक-एक करके लोगों ने शहर को बेहतर बनाने के लिए सुक्षाव रखें। आमजन ने शहर को जाम मुक्त बनाने के लिए शुरू हुए नए फ्लाईओवर के कार्य के लिए भी विधायक का धन्यवाद किया। विधायक जगमोहन आनंद ने भी कहा कि जनहित के हर काम को आगे बढ़ाया जाएगा इसके लिए धन की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं के निवारण के लिए मेरे द्वार हर वक्त खुलें है। कोई भी अपनी समस्या लेकर आ सकता है। शहर को बेहतर बनाने के लिए आमजन से मिल रहे सुझावों  का स्वागत है, इसके  लिए विधायक ने धन्यवाद दिया और कहा कि समाज हित मे बेहतर सुझावों पर अवश्य कार्य करूंगा।

विधायक राम कुमार कश्यप ने कार्यकर्ताओं के साथ सुनी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात

मन की बात’ कार्यक्रम हर भारतीय के लिए प्रेरणा का स्रोत: राम कुमार कश्यप

करनाल, 19 जनवरी ।   विधायक एवम चीफ व्हिप हरियाणा विधानसभा रामकुमार कश्यप ने रविवार को बूथ 64 गांव फुसगढ़  मे कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम के 118 वें एपिसोड को सुना।  इस बार के मन की बात कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाबा साहब भीमराव आंबेडकर, राजेंद्र प्रसाद और श्यामा प्रसाद मुखर्जी के पुराने संबोधनों के कुछ अहम अंश भी सुनाए।

इस मौके पर विधायक ने कहा कि मन की बात’ कार्यक्रम हर भारतीय के लिए प्रेरणा का स्रोत है।  मन की बात कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री देश को विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक करते हैं।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज 2025 की पहली मन की बात हो रही है। इससे पहले हर बार मन की बात महीने की आखिरी रविवार को होती है, लेकिन इस बार हम एक सप्ताह पहले चौथे रविवार के बजाय तीसरे रविवार को ही मिल रहे हैं, क्योंकि अगले सप्ताह रविवार के दिन ही गणतंत्र दिवस है। प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम के माध्यम से सभी देशवासियों को गणतंत्र दिवस की अग्रिम शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि इस बार का ‘गणतंत्र दिवस’ बहुत विशेष है। ये भारतीय गणतंत्र की 75वीं वर्षगांठ है। इस वर्ष संविधान लागू होने के 75 साल हो रहे हैं। प्रधानमंत्री ने संविधान सभा के उन सभी महान व्यक्तित्वों को नमन किया जिन्होंने हमें हमारा पवित्र संविधान दिया।

हजारों वर्षों से चली आ रही महाकुंभ की परंपरा
उन्होंने प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ पर बात करते हुए कहा कि हजारों वर्षों से चली आ रही इस परंपरा में कहीं भी कोई भेदभाव नहीं, जातिवाद नहीं। इसमें भारत के दक्षिण से लोग आते हैं, भारत के पूर्व और पश्चिम से लोग आते हैं। कुंभ में गरीब-अमीर सब एक हो जाते हैं। एक तरफ प्रयागराज, उज्जैन, नासिक और हरिद्वार में कुंभ का आयोजन होता है, वैसे ही, दक्षिण भू-भाग में, गोदावरी, कृष्णा, नर्मदा और कावेरी नदी के तटों पर पुष्करम होते हैं।

स्टार्टअप इंडिया के 9 साल हुए पूरे
मन की बात कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने कहा कि कुछ दिन पहले ही स्टार्टअप इंडिया के 9 साल पूरे हुए हैं। हमारे देश में जितने स्टार्टअप 9 साल में बने हैं उनमें से आधे से ज्यादा टियर 2 और टियर 3 शहरों से हैं और जब यह सुनते हैं तो हर हिन्दुस्तानी का दिल खुश हो जाता है यानी हमारा स्टार्टअप कल्चर बड़े शहरों तक ही सीमित नहीं है। जब यह सुनने को मिलता है कि अंबाला, हिसार, कांगड़ा, चेंगलपट्टू, बिलासपुर, ग्वालियर और वाशिम जैसे शहर स्टार्टअप के केंद्र बन रहे हैं, तो ‘मन’ आनंद से भर जाता है। नागालैंड जैसे राज्य में, पिछले साल स्टार्टअप के पंजीकरण में 200% से अधिक की वृद्धि हुई है

भारतीय स्पेस-टेक स्टार्टअप ने भारत के पहला निजी  (उपग्रह तारामंडल) ‘फायरफ्लाई का’ सफलतापूर्वक किया लॉन्च

उन्होंने कहा कि मुझे ये बताते हुए गर्व है कि एक भारतीय स्पेस-टेक स्टार्टअप बंगलूरू के पिक्सल ने भारत का पहला निजी  (उपग्रह तारामंडल) ‘फायरफ्लाई’ सफलतापूर्वक लॉन्च किया है। यह उपग्रह तारामंडल दुनिया का सबसे हाई-रिज़ॉल्यूशन हाइपर स्पेक्ट्रल सैटेलाइट तारामंडल है। कुछ दिन पहले हमारे वैज्ञानिकों ने अंतरिक्ष सेक्टर में ही एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की।

इस मौके पर भाजपा के वरिष्ठ नेता सुभाष खेड़ा, महेंद्र प्रेमी,  कदम सिंह,  भाजपा मंडल अध्यक्ष विजय कुमार कश्यप  सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे

बता दे कि
इस कार्यक्रम की शुरुआत तीन अक्टूबर 2014 को हुई थी। इसे 22 भारतीय भाषाओं और 29 बोलियों के अलावा 11 विदेशी भाषाओं में भी प्रसारित किया जाता है, जिसमें फ्रेंच, चीनी, इंडोनेशियाई, तिब्बती, बर्मी, बलूची, अरबी, पश्तू, फारसी, दारी और स्वाहिली शामिल हैं। ‘मन की बात’ कार्यक्रम का प्रसारण आकाशवाणी के 500 से अधिक केंद्रों द्वारा किया जाता है।

सरकार का पैसा आम जनता का है हमारा नहीं, क्वालिटी से कतई  समझौता ना करें अधिकारी : हरविंदर कल्याण
हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ने की विकास कार्यों की समीक्षा, अधिकारियों को दिए निर्देश
करनाल 19 जनवरी।
  हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष हरविंदर कल्याण ने कहा कि सरकार का पैसा आम जनता का है हमारा नहीं, हम तो केवल कस्टोडियन हैं; अधिकारी अपनी कार्यशैली में बदलाव लाएं और अपने काम को संजीदा तरीके से अंजाम दें; हम अपने आपको सौभाग्यशाली समझें कि हमारे माध्यम से जनता के काम हो रहे हैं, इसलिए क्वालिटी से समझौता कतई  ना करें;अगर अपनी कार्यशैली में कुछ बदलाव करने की जरूरत है तो आज ही कर लें;कार्य को आगे बढ़ाने की सोच रखें, हमेशा आगे बढ़ें।
श्री हरविंदर कल्याण शनिवार देर सायं को लघु सचिवालय के सभागार में सीएम अनाउंसमेंट, पंचायती राज, एनएचआई, रेलवे तथा घरौंडा विधानसभा क्षेत्र के साथ लगते नगरपालिका के विकास कार्यों की समीक्षा कर रहे थे; उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेंडिंग कार्य को जल्द शुरू करवाए और अंडर प्रोसेस कार्य को जल्द पूरा करवाएं ताकि लोगों को सरकारी योजनाओं व विकास कार्यों का सीधा लाभ मिले और उनकी मूलभूत जरूरतें पूरी हो सकें।
श्री कल्याण ने कहा कि सीएम अनाउसमेंट को सभी विभागों के अधिकारी अपनी प्राथमिकताओं में शामिल करे ताकि कार्य जल्द से जल्द पूरे हो सकें। उन्होंने कहा कि आपसी तालमेल बनाकर कार्यों को जल्द पूरा करवाएं, बेवजह कार्यों को लंबित न रखें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अधिकारी फाइल उपर गई है कहना छोड़ दें क्यूंकि ऊपर तो केवल भगवान है बल्कि ये कहें कि फाइल संबंधित अधिकारी के पास मुख्यालय गई है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों का दायित्व केवल फाइल को मुख्यालय भेजना ही नहीं बल्कि उसे गंभीरता से  फॉलो करना भी है। अगर किसी कार्य में दिक्कत आती है तो इसकी सूचना मुझे दे सकते हैं।
बैठक में उपायुक्त उत्तम सिंह ने विधानसभा अध्यक्ष का स्वागत किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने अपने विभाग से संबंधित विकास कार्यों को तेज गति से पूरा करवाएं। जो कार्य पूरे हो चुके हैं उनका उद्घाटन करवाएं, जिन कार्यों की प्रशासनिक स्वीकृति मिल चुकी है उनका शिलान्यास करवाएं; इन कार्यों की सूची बनवा कर उपायुक्त कार्यालय में भेजना सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी विकास कार्य के निर्माण को लेकर एस्टीमेट तैयार करने से पहले फिजिबिलिटी चेक करे ताकि कार्य को शुरू करवाने में किसी प्रकार की दिक्कत ना आए। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि सीएम अनाउंसमेंट से संबंधित स्टेटस रिपोर्ट को पोर्टल पर अपडेट करते रहें। डीसी ने निर्देश दिए कि आने वाले समय में बैठको में केवल विभागाध्यक्ष ही उपस्थित रहें और अपडेट होकर आएं। उन्होंने एसडीएम को निर्देश दिए कि वे अपने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का समय समय पर मौका निरीक्षण करते रहें।
बॉक्स। विधानसभा अध्यक्ष इंजीनियर हैं समझते हैं सारी बात ।
डीसी उत्तम सिंह ने एक अधिकारी को निदेश देते हुए कहा कि विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण  खुद सिविल इंजीनियर है इसलिए संबंधित कार्य में इस्तेमाल होने वाली निर्माण सामग्री की गुणवत्ता को परखने में सक्षम हैं;इसलिए सभी विभागों के अधिकारी निर्माण सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दें।

बैठक में  नगर निगम कमिश्नर डॉ वैशाली शर्मा ,अतिरिक्त उपायुक्त यश जालुका,एसडीएम घरौंडा राजेश सोनी,नगराधीश मोनिका शर्मा एडीडीपीओ संजय टांक, जिला शिक्षा अधिकारी सुदेश कुमारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों के अलावा इंजीनियर विंग के अधिकारी मौजूद रहे।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on X-twitter Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Back to top button