
सोनीपत में डकैती और हत्या का खुलासा: तीन आरोपियों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो घायल
सोनीपत के मल्हा माजरा गांव में हुई डकैती और हत्या की सनसनीखेज घटना में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। स्पेशल एंटी गैंगस्टर यूनिट, क्राइम यूनिट कुंडली और कुंडली थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में तीन आरोपियों को दबोच लिया गया। देर रात हुई मुठभेड़ में दो आरोपियों को गोली लगी, जबकि एक आरोपी पहले ही गिरफ्तार हो चुका था।

डीसीपी पूर्व प्रबीना पी ने बताया कि साहिल (26) की हत्या और उनके घर से आभूषण ले जाने की घटना के बाद पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में थी। दिल्ली के बवाना कॉलोनी निवासी शाहनवाज उर्फ़ सद्दाम को पहले गिरफ्तार किया गया। पुलिस को सूचना मिली कि अन्य आरोपी – शेखर (गांव नाहरा) और शफीक (दिल्ली, जेजे कॉलोनी) – देर रात मल्हा माजरा रोड पर डकैती करने आ रहे हैं।
पुलिस ने आरोपियों को घेर लिया। घिरा हुआ देखकर आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिस पर पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ में शेखर और शफीक के पैर में गोली लगी और उन्हें तुरंत नागरिक अस्पताल सोनीपत में भर्ती कराया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस हत्याकांड और डकैती में कुल छह लोग शामिल थे।
पुलिस के अनुसार शेखर और साहिल पहले से दोस्त थे, और शेखर अक्सर साहिल के घर आता-जाता था। इसी भरोसे का फायदा उठाकर आरोपियों ने कई दिनों तक घर की रेकी की और 8 जनवरी की देर रात डकैती और हत्या को अंजाम दिया।
घटना के दिन, साहिल की मां सुनीता के मुताबिक़, चार नकाबपोश युवक घर में घुसे और पिस्तौल व धारदार हथियार से वारदात को अंजाम दिया। साहिल के घर में कुछ नहीं होने की बात कहने पर उन्हें उनके सीने में चाकू घोंप दिया गया। इसके बाद आरोपी लूटपाट करके फरार हो गए।
इस मामले में कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस को दो दिन का अल्टीमेटम दिया था। वहीं, डीजीपी ने भी आरोपियों का सुराग देने वाले को 1 लाख रुपये इनाम देने की घोषणा की थी। पुलिस बाकी आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

